तंदूरी मोमोज रेसिपी | तंदूरी मोमोज बनायें - ओवन में और बिना ओवन के । Tandoori Veg Momos Recipe
तंदूरी मोमोज वैसे तो ये नेपाल की डिश है लेकिन दिल्ली में इसे काफी पसंद किया जाता है ये दिल्ली के हर नुक्कड़-चौराहे पर आसानी से मिल जाती है। मोमोज नेपाल के पहाड़ से चले फिर दिल्ली पहुचें और दिल्ली आ कर वो दिल्ली के रंग-ढंग में ढल कर तंदूरी मोमोज बन गए। आप इन्हे लाल चटनी, हरी चटनी या मेयोनीज के साथ खाए ये बहुत ही स्वादिष्ट लगते है और ये घर के बने है तो आप स्वास्थ्य के लिए भी अच्छे हैं। आप इन्हें घर पर बनाए बच्चे बाहर के माेमाेज खाना भूल जाएगें।
आवश्यक सामग्री
- मैदा- 1 कप
- पत्ता गोभी- 2 कप
- गाजर- ½ कप
- शिमला मिर्च- ½ कप
- हरा धनिया- 1-2 बड़ी चम्मच
- तेल- 1 बड़ी चम्मच
- हरी मिर्च- 2
- अदरक- 1 इंच ग्रेट किया हुआ
- नमक- 1 छोटी चम्मच
तंदूर के लिए
- दही- ½ कप
- बेसन - 2 बड़ी चम्मच
- हल्दी पाउडर- 1 छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर- 1 छोटी चम्मच
- गरम मसाला- ¼ छोटी चम्मच
- मक्खन- 1-2 बड़ी चम्मच
विधि
तंदूरी मोमोज बनाने के लिए एक बर्तन में 2 कप मैदा ले कर उसमें ¼ छोटी चम्मच नमक डाल कर मिला लीजिए और थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए राेटी जैसा नरम आटा गूंथ लीजिए। इतना आटा गुंथने में हमने ½ कप पानी लिया था जिसमें से 2 बड़ी चम्मच पानी बच गया है। आटे के गुंथ जाने पर उसे 15-20 मिनट के लिए सैट होने के लिए ढ़क कर रख दीजिए।
माेमोज की स्टफिंग बनाने के लिए एक बर्तन में 2 कप पत्तागोभी,½ कप गाजर, ½ कप शिमला मिर्च डाल कर मिला लीजिए। अब इन सब्जियों में तड़का लगाने के लिए एक तड़का पैन में 1 बड़ी चम्मच तेल डाल कर गर्म कर लीजिए।
तेल के गर्म हो जाने पर इसमें ½ इंच ग्रेट किया हुआ अदरक डाल कर मीडियम आंच पर भून लीजिए। अदरक के भुन जाने पर आंच को धीमी करके इसमें 2 हरी मिर्च डाल कर चलाते हुए हल्का सा भुन लीजिए। मिर्ची के भुन जाने पर तड़के काे सब्जी में डाल कर मिला लीजिए। अब इन सब्जियों में ½ छोटी चम्मच नमक और 1-2 बड़ी चम्मच हरा धनिया डाल कर मिला लीजिए। माेमोज की स्टफिंग बन कर तैयार है।
20 मिनट बाद आटे को निकाल कर मसल-मसल कर नरम करके छोटी-छोटी लोईयां तोड़ कर ढ़क दीजिए। अब एक लोई ले कर उसे गोल कर के चपटा कर लीजिए और सूखे आटे में लपेट कर गोल पतला बेल लीजिए। बेलते समय ध्यान रखे कि लोई बीच में से हल्की मोटी और किनारों से पतली होनी चाहिए।
लोई के तीन-चार इंच के ब्यास में बेल लेने के बाद उसे हाथ पर रख कर 1-2 चम्मच स्टफिंग डाल कर उसे बंद कर दीजिए।
मोमोज मे स्टफिंग बंद करने के लिए उसके एक तरफ के सिरे को आपस में मोड़ दीजिए और इसी तरह से लोई को आपस में चिपकाते हुए गोलाई में ले जाइए, आखिरी में बचे सिरे को आपस में मिला कर गोलाई में हल्का सा दबाते हुए मोड़ दीजिए। इसी तरीके से सारे मोमोज बना कर तैयार कर लीजिए।
मोमोज स्टीम करने के लिए एक बड़े बर्तन में 2 कप पानी डाल कर कर गर्म कर लीजिए। अब एक छलनी पर हल्का सा तेल लगा कर फैला लीजिए और पानी के बर्तन के ऊपर रख दीजिए। अब छलनी में थोड़ी-थोडी दूरी पर मोमोज लगा कर ढ़क दीजिए और 10 मिनट तक स्टीम होने दीजिए।
10 मिनट बाद मोमोज को निकाल कर ठंडा होने रख दीजिए।
मेरिनेट बनाने के लिए
मेरिनेट बनाने के लिए एक बर्तन में ½ कप दही में 2 बड़े चम्मच बेसन,1 छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 छोटी चम्मच धनिया पाउडर, ¼ छोटी चम्मच हल्दी पाउडर, ¼ छोटी चम्मच गरम मसाला और ¼ छोटी चम्मच नमक डाल कर सभी चीजो को मिला लीजिए। मेरिनेट बन कर तैयार है।
अब मेरिनेट में मोमोड डाल कर मिक्स कर लीजिए ताकि सारे मोमोज पर मेरिनेट अच्छे से लग जाए। माेमोज पर मेरिनेट अच्छे से लग जाने पर उसे 15-20 मिनट के लिए ऎसे ही छोड़ दें।

मोमोज ओवन में
ओवन में मोमोज बनाने के लिए ओवन को 200 डिग्री सेल्सियस पर प्री हीट होने रख दीजिए।
20 मिनट बाद मोमोज को निकाल कर एक रौड़ में बारी-बारी से लगा कर ओवन ट्रे पर रख दीजिए। सारे मोमोज ट्रे पर लगा लेने के बाद ट्रे को ओवन में रख कर 10 मिनट तक पका लीजिए।
10 मिनट बाद माेमोज को निकाल कर चैक कर लीजिए माेमाेज पर अगर चारो ओर से हल्की चित्ती नहीं आई है तो मोमोज को 2 मिनट ओर पका लीजिए। 2 मिनट बाद मोमोज बन कर तैयार है । इनके ऊपर हल्का सा मक्खन लगा कर रख दीजिए। तंदूरी मोमोज बन कर तैयार है
मोमोज गैस पर
मोमोज काे गैस पर पकाने के लिए एक लोहे की सीक ले लीजिए और उस पर थोड़ी-थोड़ी दूरी पर मोमोज लगा दीजिए। अब मीडियम आंच पर घूमाते हुए चारो ओर से हल्की चित्ती आने तक सेक लीजिए। चारो ओर हल्की चित्ती आने पर मोमोज को आंच पर से हटा दीजिये बिना ओवन के तंदूरी माेमोज बन कर तैयार है
माेमोज सर्व करने के लिए
मोमोज को सर्व करने के लिए उन्हें सीक से निकाल कर एक बर्तन में रख लीजिए। अब मोमोज के ऊपर हल्का-सा चाट मसाला और थोड़ा सा हरा धनिया पत्ता डाल कर उन्हें अच्छे से घुमा लीजिए। तंदूरी मोमोज सर्व करने के लिए तैयार है।आप इन्हे माेमोज की लाल चटनी, हरी चटनी या मेयोनीज के साथ खाए ये बहुत ही स्वादिष्ट लगते है और ये घर के बने है तो नुकसान भी नही करेगें।
सुझाव
- आप मोमोज में अपने अनुसार कोई भी सब्जी जैसे प्याज, मशरूम या ब्रोकली भी ले सकते हैं।
- अगर आप मेरिनेट बनाने के लिए हंग कर्ड ले रहे है तो उसमें बेसन मिलाने की जरूरत नहीं है।
- आप अपने स्वादनुसार लाल मिर्च या नमक डाल सकते हैं।
Tandoori Momos Recipe | तंदूरी मोमोज बनायें - ओवन में और बिना ओवन के । Tandoori Veg Momos Recipe
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।