पिज़्ज़ा बेस रेसिपी | तवे पर पिज़्ज़ा बेस कैसे बनायें । Pizza Base recipe without oven
हम पिज़्ज़ा बेस को ओवन या माइक्रोवेव में तो आसानी से बना लेते है लेकिन बहुत ही कम लोगो को ये पता होता है कि तवे पर पिज़्ज़ा बेस ओवन और माइक्रोवेव से भी आसानी से बन जाता है। तवे पर बनाया हुआ पिज़्ज़ा बेस भी उतना ही अच्छा होता है जितना कि ओवन या माइक्रोवेव का अच्छा होता है।
आवश्यक सामग्री
- मैदा - 2 कप
- इंस्टेंट ड्राई एक्टिव यीस्ट- 1 छोटी चम्मच
- नमक- ½ छोटी चम्मच
- चीनी- 1 छोटी चम्मच
- सूजी- 2 छोटी चम्मच
- तेल - 1 बड़ी चम्मच
विधि
पिज़्ज़ा बेस बनाने के लिए सबसे पहले डो तैयार कर लीजिए। बेस का डो बनाने के लिए एक बर्तन में 2 कप मैदा, 1 छोटी चम्मच इंस्टेंट ड्राई एक्टिव यीस्ट, ½ छोटी चम्मच नमक, 1 छोटी चम्मच चीनी और 2 छोटी चम्मच सूजी डाल कर सभी चीजो को अच्छे से मिला लीजिए। अब थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए नर्म आटा तैयार कर लीजिए। आटे को गूंथने समय बीच-बीच में हाथ पर थोड़ा-थोड़ा तेल ले कर उसे मसलते रहें। इतने आटे को गूंथने में ¾ कप से थोड़ा सा ज्यादा पानी लगा है। अब आटे पर हल्का सा तेल लगा कर ढक कर 1 से 2 घंटे के लिए किसी गर्म जगह पर सैट होने के लिए रख दीजिए।
एक घंटे बाद आटे को निकाल कर उस पर सूखा आटा लगा कर उसे पंच कर लीजिए। आटे पर सूखा आटा लगा कर दो भागो में काट दीजिए। अब आटे के एक भाग को ले कर उसे भी दो भागो में काट दीजिए। आटे का एक हिस्सा ले कर उसे अन्दर को दबाते हुए गोल लोई बना लीजिए। इसी तरीके से सारी लाेई तैयार कर लीजिए। इतने आटे में हमने 4 लोई बनाई है।
सबसे पहले बनाई हुई लोई ले कर उसे सूखे आटे में लपेट लीजिए और बाकि लोई को ढक दीजिए। लोई पर से एक्सट्रा आटा हटा कर उसे 6-7 इंच की ब्यास में मोटा-मोटा बेल लीजिए।

अब कांटे वाली चम्मच ले कर पिज़्ज़ा बेस पर निशान बनाइए ताकि बेस फूले ना। पिज़्ज़ा बेस को गोल करने के लिए एक गोल आकार का डब्बा या ढ़क्कल ले कर उसे गोल आकार में काट लीजिए आैर फालतू आटा हटा दीजिए।
अब एक पैन काे गर्म कर लीजिए। पैन के गर्म हो जाने के बाद आंच को बिल्कुल धीमा करके पैन पर बटर पेपर रख दीजिए। अब बटर पेपर पर पिज़्ज़ा बेस डाल दीजिए और ढक कर 2 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दीजिए।
2 मिनट बाद पिज़्ज़ा बेस को पलट कर दूसरी साइड पर अच्छे से सेक लीजिए। 2 मिनट बाद पिज्जस बेस को एक प्लेट में निकाल कर इसी तरह दूसरा पिज़्ज़ा बेस भी सेक लीजिए। आप इन पिज़्ज़ा बेस को किसी भी पॉलिथीन बैन में या बटर पेपर में रख कर 3 दिन तक स्टोर कर सकते है।
सुझाव
- आप बटर पेपर की जगह प्लेन पेपर पर तेल लगा कर भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
- आप अपने अनुसार पिज्जा बेस का साइज छोटा-बड़ा कर सकते है।
Pizza Base recipe | तवे पर पिज़्ज़ा बेस कैसे बनायें । Pizza Base recipe without oven
कमेंट (0)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।