आलू भरा मसाला मिर्ची वडा । Jodhpuri Mirchi Vada Recipe | Mirch Vada Potato Stuffed

📅 15 जुलाई 2019 👁 17.4 हज़ार बार देखी गई 💬 0 कमेंट

जोधपुरू मिर्ची वड़ा राजस्थान का एक फेमस स्ट्रीट फूड है जो खाने में बहुत ही स्पाइसी और क्रिस्पी है इसे जोधपुर का मिर्ची वड़ा और जोधपुरी मिर्ची वड़ा के नाम से भी जाना जाता है। ये तीखा खाने वाले लोगो को बहुत ज्यादा पसंद आता है। बरसात के मौसम में इसे खाने का मजा ही कुछ अलग हैं।   

आवश्यक सामग्री 

बड़ी हरी मिर्च- 6 (150 ग्राम)

बेसन- 1.5 कप 

नमक- 1.5 छोटी चम्मच 

हल्दी पाउडर- 1 छोटी चम्मच 

अजवाइन- ½ छोटी चम्मच 

लाल मिर्च पाउडर- ½ छोटी चम्मच 

बेकिंग सोडा- ⅛ छोटी चम्मच 

आलू- 6 (500 ग्राम)

हींग- ½ चुटकी 

जीरा- ½ छोटी चम्मच 

अदरक- 1 इंच (ग्रेट किया हुआ)

हरी मिर्च- 2 बारीक कटी हुई 

धनिया पाउडर- 1 छोटी चम्मच 

अमचूर पाउडर- ½ छोटी चम्मच 

गरम मसाला- ½ छोटी चम्मच 

हरा धनिया- 2-3 बड़ी चम्मच 

तेल- तलने के लिए 

विधि

एक बर्तन में 1.5 कप बेसन ले कर थोड़ा-थोड़ा पानी डाल कर चिकना घोल बना लीजिए। हमें बैटर थोड़ा गाढ़ा चाहिए जैसे पकौड़े के लिए बनाया जाता है वैसा बैटर चाहिए। इतना बैटर बनाने के लिए हमने 1 कप पानी लिया था जिसमें से 1 बड़ी चम्मच पानी बच गया है। अब इस घोल में ½ छोटी चम्मच नमक, ½ छोटी चम्मच हल्दी पाउडर, ½ छोटी चम्मच अजवाइन, ½ छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर और ⅛ छोटी चम्मच बेकिंग सोडा डाल कर मिला लीजिए और बैटर को कुछ देर के लिए फूलने के लिए रख दीजिए। 

स्टफिंग बनाने के लिए 6 उबले हुए आलू ले कर मोटा-माेटा तोड़ लीजिए। 

अब एक पैन मे 1 छोटी चम्मच तेल डाल कर गर्म कर लीजिए।

तेल गर्म हो जाने के बाद तेल में ½ चुटकी हींग और ½ छोटी चम्मच जीरा डाल कर हल्का सा भून लीजिए। जीरा भुन जाने के बाद इसमें 1 इंच अदरक ग्रेट किया हुआ और 2 हरी मिर्च डाल कर धीमी आंच पर भून लीजिए। अब इसमें ½ छोटी चम्मच हल्दी पाउडर,आलू के टुकड़े, 1 छोटी चम्मच नमक, 1 छोटी चम्मच धनिया पाउडर और ½ छोटी चम्मच अमचूर पाउडर डाल कर आलू को मैश करते हुए सारी चीजाें को मिला लीजिए। 

सभी चीजों को मिला लेने के बाद इसमें ½ छोटी चम्मच गरम मसाला और 2-3 बड़ी चम्मच हरा धनिया डाल कर मिलाते हुए पका लीजिए। स्टफिंग बन कर तैयार है। 

अब 6 बड़ी हरी मिर्च ले कर बीच में से चीरा लगा कर मिर्च के सारे बीज निकाल लीजिए। इसी तरीके सारी मिर्च के बीज निकाल लीजिए। 

/images/mirchi-vada-recipe.jpg

अब एक कढ़ाई में तेल डाल कर गर्म कर लीजिए। 

अब मिर्च ले कर उसमें दबा दबा कर आलू भर दीजिए और मिर्च के ऊपर भी स्टफिंग  लगा दीजिए। (मिर्ची को चारो तरफ से स्टफिंग से कवर करना है।) इसी तरीके से सारी मिर्ची को चारों ओर स्टफिंग लगा कर तैयार कर लीजिए। 

अब तेल में थोड़ा सा बेसन डाल कर तेल का तापमान चैक कर लीजिए। तेल में बेसन डालने पर अगर बेसन तल कर ऊपर आ जाता है तो तेल अच्छा गर्म हो गया है हमें मिर्ची वड़ा तलने के लिए तेज गर्म तेल चाहिए। 

अब बेसन के मिश्रण में मिर्ची वड़ा को डिप करके अच्छे से बेसन से कवर कर के तेल में डाल कर घुमाते हुए मीडियम आंच पर तलें। वड़ा के ऊपर कलछी से तेल डालते हुए उसे तल लीजिए । वडे के चारो ओर से गोल्डन ब्राउन हो जाने तक उसे तल लीजिए। 

वडे के चारो ओर से गोल्डन ब्राउन हो जाने पर उसे कढ़ाई से निकाल लीजिए और इसी तरीके से सारे वडे तल कर तैयार कर लीजिए। एक वड़ा तलने में 3 से 4 मिनट लग जाते है। आप इन मिर्ची वडो को टमेटो सॉस के साथ सर्व कर सकते हैं। 

सुझाव

आप गरम मसाले की जगह चाट मसाला भी ले सकते हैं। 

Jodhpuri Mirchi Vada Recipe | आलू भरा मसाला मिर्ची वडा । Mirch Vada Potato Stuffed

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (0)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।