Kadu Puri । कद्दू की मसाला पूरी की खास रेसीपी । Red Pumpkin Masala Poori

📅 28 जून 2019 👁 32.2 हज़ार बार देखी गई 💬 0 कमेंट

कई लोग कद्दू खाना पसंद नहीं करते है लेकिन कद्दू की मसाला पूरी इतनी स्वादिष्ट होती है कि जो लोग कद्दू खाना पसंद नही करते वो भी कद्दू मसाला पूरी बड़े चाव से खाएगें तो एक बार से कद्दू मसाला पूरी ट्राई जरूर कीजिए।

आवश्यक सामग्री

  • पका हुआ कद्दू- 350 ग्राम
  • गेंहू का आटा- 2 कप 
  • सूजी- ¼ कप
  • हरा धनिया- 1-2 बड़ी चम्मच
  • तेल- 2 छोटी चम्मच
  • हरी मिर्च- 2 (बारीक कटी हुई)
  • अजवाइन- ½ छोटी चम्मच
  • धनिया पाउडर- ½ छोटी चम्मच
  • हल्दी पाउडर- ½ छोटी चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर- ½ छोटी चम्मच
  • नमक- 1 छोटी चम्मच से कम 
  • तेल- तलने के लिए

विधि

कद्दू मसाला पूरी बनाने के लिए 350 ग्राम कद्दू छील कर छिलका और बीज हटा दीजिए। कद्दू को कद्दूकस कर लीजिए।

अब 2 कप गेंहू का आटा में कद्दूकस किया हुआ कद्दू मिला लीजिए। अब इसमें 1 छोटी चम्मच से थोड़ा सा कम नमक, ½ छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर, ½ छोटी चम्मच हल्दी पाउडर, ½ छोटी चम्मच धनिया पाउडर, ½ छोटी चम्मच अजवाइन, 2 बारीक कटी हुई हरी मिर्च, 2 बड़ी चम्मच हरा धनिया , ¼ कप सूजी और 2 छोटी चम्मच तेल डाल कर मिला लीजिए।  सभी चीजो को अच्छे से मिला लेने के बाद थोड़े-थोड़े पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लीजिए। इतना आटा गूंथने में ¼ कप पानी का इस्तेमाल किया गया है। आटा गुंथ जाने के बाद उसे 15-20 मिनट के लिए सैट होने के लिए रख दीजिए। 

20 मिनट बाद हाथ पर हल्का सा तेल ले कर आटे को मसल लीजिए। 

अब एक कढ़ाही में तेल डाल कर गर्म कर लीजिए। अब आटे में से छोटी-छोटी लोई तोड़ लीजिए (लोईयां तोड़ते समय हाथ पर हल्का सा तेल जरूर लगाए।) अब लोई को ले कर गोल कर के चपटा कर लीजिए। अब चकला-बेलन ले कर उस पर हल्का सा तेल लगा कर चिकना कर लीजिए। 

/images/kaddu-poori-recipe.jpg

अब एक लोई चकले पर रख कर 3-4 इंच ब्यास की गोलाई में बेल लीजिए। पूरी को ज्यादा पतला नहीं बेलना कद्दू होने के कारण पूरी को थोड़ा माेटा बेलना है। 
अब कढाही में हल्का सा आटा डाल कर तेल का तापमान चेक कर लीजिए।अगर आटा तेल के ऊपर आ जाता है तो तेल पूरी के लिए अच्छा गर्म हो गया है। 

अब पूरी को कढ़ाही में डाल कर कलछी से दबाते हुए मीडियम आंच पर तल लीजिए। पूरी के एक साइड से सिक जाने के बाद पूरी को पलट कर दूसरी साइड से भी तल लीजिए। पूरी के दोनो साइड गोल्डन ब्राउन हो जाने पर पूरी को कढ़ाही से निकाल कर दूसरी पूरी को भी इसी तरह से तल लीजिए। इतने आटे से 18-20 पूरियां तल कर तैयार हो जाएगी। कद्दू की पूरी बहुत ही स्वादिष्ट होती है आप इन पूरियाें को हरी चटनी, दही, रायता या फिर अपनी मन पसंद सब्जी के साथ खा सकते है। 

Kadu Puri । कद्दू की मसाला पूरी की खास रेसीपी । Red Pumpkin Masala Poori

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (0)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।