खस्ता फिरकी मठरी । Khasta Mathri with Tips

खस्ता फिरकी मठरी एक टेस्टी स्नैक्स है जिसे आप कभी भी बनाएं और चाय-काफी के साथ इसका मजा लीजिए.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Khasta Mathri with Tips
मैदा - 2 कप (250 ग्राम)
तेल - ¼ कप (60 ग्राम)
कसूरी मेथी - 2 टेबल स्पून
अजवायन - 1 छोटी चम्मच
नमक - ¾ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
तेल - तलने के लिए
विधि - How to make Khasta Mathri with Tips
मैदा को एक बर्तन में निकाल लीजिये. मैदा में नमक, अजवायन, कसूरी मेथी और ¼ कप तेल डालकर अच्छी तरह मिला लीजिये. थोडा़ थोडा़ गुनगुना पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लीजिये. गूथे हुये आटे को सैट होने के लिये 15-20 मिनिट के लिये ढककर रख दीजिए.
20 मिनिट बाद आटा सैट होकर तैयार है. हाथ पर थोड़ा सा तेल डालें और आटे को थोडा़ सा मसल लीजिए और आटे से छोटी छोटी लोइयां बना कर तैयार कर लीजिये. लोइयों को गोल करके पेड़े जैसा बनाकर तैयार कर लीजिए.
एक लोई उठाएं. लोई को चकले पर रखें और बेलन की सहायता से पतला 3 इंच के व्यास में बेल लीजिए. अब इसे चार भाग करते हुए काटें लेकिन बीच में इसे आधा-पौना इंच छोड़ दीजिए छोड़े हुए भाग पर थोड़ा सा पानी लगाएं और एक किनारा उठाते हुए इसे बीच में चिपकाएं अब दूसरा भाग उठा कर इसे बीच में चिपकाएं इसी तरह सारे कटे हुए भाग चिपका कर इसे फिरकी का आकार दे दीजिए (फोल्ड करने का तरीका आप विडियो में देख सकते हैं). तैयार फिरकी मठरी को किसी अलग प्लेट में रख दीजिए. सारी लोइयों से इसी तरह बेल कर फिरकी मठरी बनाकर तैयार करके प्लेट में रख लीजिए.

कढ़ाई में तलने के लिये तेल डाल कर गरम करें. तेल के मीडियम गरम होने पर इसमें 3-4 मठरी एक बार में डालें और पलट पलट कर चारों ओर ब्राउन होने तक तल लें. ब्राउन तली हुई मठरी को कलछी से निकालने से पहले कढा़ई के किनारे पर रखें ताकि इसमें से अतिरिक्त तेल निकल कर वापिस कढा़ई में चला जाए. अब मठरी को प्लेट में निकाल कर रखें. इसी तरह सारी फिरकी मठरी तल कर प्लेट में निकाल कर रख लीजिये.
एक बार की मठरी तलने में 5-6 मिनिट का समय लग जाता है.
इतने आटे में लगभग 28 फिरकी मठरी बनकर के तैयार हो जाती हैं. फिरकी मठरी तैयार हैं. इन्हें ठंडी होने के बाद किसी एअर टाइट कन्टेनर भर कर रख दें और 2 महीने तक जब आपका मन करे इसे खायें.
सुझाव
मोयन डालने से मठरी खस्ता बन कर तैयार होगी.
आटा सख्त गूंथे, अगर नरम आटा लगाते हैं तो मठरी बहुत ऑयली बनेगी इसमें तेल भर जाएगा और मठरी क्रिस्पी नहीं बनेगी.
मठरी को धीमी और मध्यम आंच पर तलें.
Khasta Mathri with Tips | खस्ता फिरकी मठरी । मठरी या पापडी बनाते समय क्या ध्यान रखें ?
कमेंट (4)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।