बाजरा मेथी का ढेबरा | Pearl millet Fenugreek Leaves Dhebra

बाजरा मेथी का ढेबरा बच्चों को टिफिन व नाश्ते के लिए दिए जाने वाली बहुत ही टेस्टी और हेल्दी रेसिपी है.
आवश्यक सामग्री- Ingredients for Pearl millet Fenugreek Leaves Dhebra
बाजरे का आटा - 1 कप (150 ग्राम)
गेंहूं का आटा - 1/2 कप (75 ग्राम)
दही - 1/2 कप
मेथी - 1/2 कप (बारीक कटी हुई)
घी - 2-3 टेबल स्पून
तिल - 1/2 छोटी चम्मच
जीरा - 1/2 छोटी चम्मच
हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)
लाल मिर्च - 1/2 छोटी चम्मच
हल्दी पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच
नमक - 0.75 छोटी चम्मच स्वादानुसार (1 छोटी चम्मच)
विधि- How to make Pearl millet Fenugreek Leaves Dhebra
बाजरा का आटा छान कर किसी बर्तन में निकाल लीजिये. अब इसमें गेहूं का आटा, दही, तिल, जीरा, हरी मिर्च, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, नमक और बारीक कटी मेथी डाल कर अच्छी तरह मिक्स कर लीजिये. अब इसमें थोड़ी़ थोडी़ मात्रा में हल्का गरम पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ कर तैयार कर लीजिए (इतना आटा गूंथने में आधा कप पानी का यूज किया जिसमें से 2 टेबल स्पून पानी बच गया).
गुथे आटे को 15-20 मिनिट के लिए ढक कर रख दीजिये.
15 मिनिट बाद आटा सैट होकर तैयार है. हाथ पर थोड़ा सा घी लगाकर आटे को मसल कर चिकना कर लीजिए.
ढेबरा बनाने के लिए तवा गरम होने के लिए गैस पर रखें. आटे से छोटी लोई तोड़िए और इसे मसलकर गोल कर लीजिए. इसे चपटा कर लीजिए और सूखे आटे में लपेट लीजिए. इसे 4 से 5 इंच के व्यास में हल्का सा मोटा बेल लीजिए.

तवे के गरम होने पर तवे पर थोड़ा सा घी डालकर चारों ओर फैला लीजिए. गरम तवे पर बेला ढेबरा डाल दीजिए और नीचे की ओर से हल्की चित्ती आने तक सेक लीजिए. नीचे से सिक जाने पर इसे पलट दीजिए और दूसरी साइड से भी चित्ती आने तक सेक लीजिए. ढेबरा के ऊपरी सतह पर थोड़ा सा घी लगाकर चारों तरफ फैला दीजिए और इसे पलट दीजिए. इस ओर भी घी लगा दीजिए और ढेबरा को पलट-पलट कर दोनों ओर से हल्की ब्राउन चित्ती आने तक सेक लीजिए
सिके हुए ढेबरा को तवे से उतारकर प्लेट पर रख दीजिए. सारे ढेबरा इसी तरह से बेलकर व सेककर तैयार कर लीजिए. 1 बार के ढेबरा को सिकने में 2.5 से 3 मिनिट का समय लग जाता है. स्वादिष्ट ढेबरा बन कर तैयार हैं, इसे दही , चटनी, अचार या अपनी पसंद की किसी भी सब्जी के साथ परोसिए और मज़े से खाइए.
सुझाव
- ढेबरा को तेल से भी बना सकते हैं
- मिर्च अपनी पसंद अनुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं.
बाजरा मेथी का ढेबरा - टिफिन व नाश्ते के लिये गुजराती रेसीपी | Pearl millet Fenugreek Leaves Dhebra
कमेंट (2)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।