रगड़ा पेटिस | Ragda Patties Recipe | Ragda Pattice Recipe

📅 20 दिसंबर 2018 👁 57 हज़ार बार देखी गई 💬 4 कमेंट ★ 3.4 (16)

स्वाद से भरपूर एक स्पेशल स्ट्रीट फूड है रगड़ा पेटीज जो आप एक-बार खाएंगे तो बार-बार खाने की इच्छा रखेंगे.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Ragda Patties Recipe

उबले आलू - 7 (500 ग्राम)

सफेद मटर - 1 कप (200 ग्राम)

हरा धनिया - 3-4 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)

अदरक पेस्ट - ¼ छोटी चम्मच

हरी मिर्च - 1 (बारीक कटी हुई)

हल्दी पाउडर - ⅓ छोटी चम्मच

नमक - 1.25 छोटी चम्मच या स्वादानुसार

हरे धनिए की चटनी

इमली की चटनी

सेव

हरा धनिया (बारीक कटा हुआ)

लाल मिर्च पाउडर

काला नमक

जीरा पाउडर

चाट मसाला

विधि - How to make Ragda Patties Recipe

रगड़ा बनाएं

सफेद मटर को पानी में 7-8 घंटे के लिए या पूरी रात के लिए भीगो कर रख दीजिए. इसके बाद मटर में से अतिरिक्त पानी निकाल कर इन्हें कुकर में डाल दीजिए और साथ में 1.5 कप पानी डाल दीजिए. इसमें 1 छोटी चम्मच नमक, ⅓ छोटी चम्मच हल्दी पाउडर और 1 पिंच सोडा डाल कर मिक्स कीजिए. कुकर का ढक्कन लगा दीजिए और मटर को गैस पर पकने के लिए रख दीजिए.

मटर को एक सीटी आने तक उबाल लीजिये. कुकर में सीटी आते ही गैस को धीमा कर लीजिये और मटर को 5 मिनिट तक उबलने दीजिये. 5 मिनिट बाद गैस को बंद कर दीजिये और कुकर का प्रैशर अपने आप खत्म होने दीजिये. कुकर का प्रैशर खत्म होने पर कुकर खोलें मटर अच्छे से पक कर तैयार हैं इन्हें हल्का सा मैश कर दीजिए और इन्हें प्याले में निकाल लीजिए. रगड़ा बन कर तैयार है.

ragada peties

पेटिस बनाएं

उबले आलू को छील कर कद्दूकस कर लीजिए, इन आलू में ¾ छोटी चम्मच नमक, अदरक का पेस्ट, बारीक कटी हरी मिर्च और बारीक कटा हरा धनिया डाल कर सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लीजिए. पेटिस के लिए मिश्रण तैयार है. हाथ पर थोड़ा सा तेल लगा कर हाथ को चिकना कर लीजिए. थोड़ा सा मिश्रण लीजिए इसे हथेली से गोल करते हुए पेटिस का आकार दीजिए और प्लेट में रख दीजिए. सारी पेटीज इसी तरह बनाकर तैयार कर लीजिये.

पेटिस फ्राई करने के लिए नॉन स्टिक पैन में 2-3 टेबल स्पून तेल डाल कर गरम कीजिये. तेल गरम होने पर पैन में पेटिस सिकने के लिए एक-एक करके लगा दीजिए. धीमी-मध्यम आंच पर पेटिस को नीचे से गोल्डन ब्राउन होने तक सिकने दीजिए.

पेटिस को चैक कीजिए यह नीचे से गोल्डन ब्राउन होकर सिक कर तैयार है इसे पलट दीजिए और दूसरी ओर से भी इसे गोल्डन ब्राउन होने तक सिकने दीजिए. पेटिस दोनों ओर से अच्छी गोल्डन ब्राउन सिक कर तैयार है गैस बंद कर दीजिए.

सर्व कीजिए

प्लेट में थोड़ा सा मटर यानी की रगड़ा रखें इसके बाद इस पर 2 पेटिस रख दीजिए, इसके ऊपर थोडी़ सी हरे धनिये की चटनी, मीठी चटनी, थोडी़ सी लाल मिर्च पाउडर, थोड़ा सा काला नमक, थोड़ा सा भूना जीरा, थोड़ा सा चाट मसाला, थोड़ा सा हरा धनिया और थोड़े से बारीक सेव डाल दीजिए. रगड़ा पेटिस बन कर तैयार है. स्वाद से भरपूर रगड़ा पेटिस को चखें और इसके स्वाद का मजा लीजिए.

सुझाव

  • अगर आप प्याज पसंद करते हैं तो बारीक प्याज काट कर इसके ऊपर डाल सकते हैं.
  • आलू में कॉर्न फ्लोर या ब्रेड क्रम्स डाल कर मिक्स करके इन्हें डीप फ्राई भी कर सकते हैं.

Ragda Patties Recipe | रगड़ा पेटिस - मुम्बई का मशहूर स्ट्रीट फूड | Ragda Pattice Recipe

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
3.4 / 5 (16 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (4)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

riti
टिप्पणीnice hai i try
NishaMadhulika
riti जी, आप इसे बनाएं और अपने अनुभव हमारे साथ जरुर शेयर कीजिएगा.
कविता पाडें
hme aapki therh banna hai
NishaMadhulika
कविता पाडें जी, आप रेसिपी को ध्यान पूर्वक फोलो करें और इसका विडियो भी जरुर देखें. आप बहुत अच्छे से रेसिपी बनाएंगी.