मक्का दाल बाटी कुकर में बनायें । Dal Bati Recipe Makke Ki | Masala Dal Bati Recipe

📅 6 दिसंबर 2018 👁 41.9 हज़ार बार देखी गई 💬 2 कमेंट ★ 3.5 (2)

मक्का मसाला बाटी को बहुत आसानी से कुकर में बेक करके बनाएं और परिवार के साथ इसके उम्दा जायके का मजा लीजिए.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Makke Ki Masala Bati 

मक्का आटा - 1.5 कप (200 ग्राम)

गेहूं का आटा - 1 कप (150 ग्राम)

तेल - ¼ कप (50 ग्राम)

घी - 3-4 टेबल स्पून (50 ग्राम)

बेकिंग सोडा - ¼ छोटी चम्मच

अजवायन - ½ छोटी चम्मच

नमक - ¾ छोटी चम्मच या स्वादानुसार

विधि - How to make Makke Ki Masala Bati 

किसी बड़े प्याले में मक्का का आटा निकाल लीजिए और इसमें गेहूं का आटा, नमक, अजवायन, बेकिंग सोडा और तेल डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लीजिये और हल्के गरम पानी को थोडा- थोडा़ डालकर चपाती के जैसा आटा गूंथकर तैयार कीजिये, इतना आटा लगाने में 1 कप और 2 टेबल स्पून पानी लगा है. आटे को ढक कर 15-20 मिनिट के लिए रख दीजिए आटा सैट होकर तैयार हो जाएगा.

20 मिनिट बाद आटा सैट होकर तैयार है, हाथ पर थोडा़ सा तेल लेकर आटे को मसल लीजिए.  

बाटी बनाने के लिए कुकर को गैस पर गरम होने के लिए रखें. कुकर में 2 कप नमक डाल कर कुकर के तले पर नमक की परत बिछा दीजिए. अब इस पर एक जाली स्टैंड रख दीजिए. अब कुकर को ढक कर 7-8 मिनिट तेज गैस पर इसे अच्छे से गरम होने दीजिए.

बाटी बनाने के लिए कोई भी ऐसी प्लेट ले लीजिए जो कुकर में आसानी से आ जाए. प्लेट को तेल लगाकर चिकना कर लीजिए.

बाटी के लिए आटे को छोटे छोटे टुकड़ों में तोड़ लीजिए. एक लोई हाथ में उठाकर गोल आकार दीजिये और हथेली से दबाते हुए पेड़े का आकार देते हुए तेल लगी प्लेट में रख दीजिए. सारी बाटी  इसी तरह से बना कर प्लेट पर थोड़ी-थोड़ी दूरी पर रखते जाएं. बाटी के ऊपर थोड़ा सा तेल लगा कर इन्हें चिकना कर लीजिए.

makka dal bati recipe

कुकर को 7-8 मिनिट तक गरम कर लिया है, कुकर अच्छे से गरम हो कर तैयार है. अब बाटी की प्लेट को कुकर में जाली स्टैंड पर रख दीजिए. कुकर को ढक कर तेज आंच पर 16 मिनिट के लिए बेक होने दीजिए.

16 मिनिट बाद बाटी को चैक कीजिए. कुकर का ढक्कन खोले और चैक करें, बाटी फूल तो गई पर नीचे से कम सिकी हैं तो इसे फिर से बंद करके 6 मिनिट के लिए सिकने दीजिए .बाटी को चैक कीजिए, बाटी ऊपर से सिक चुकी है इसे पलट दीजिए और फिर से कुकर को बंद करके इन्हें 5-6 मिनिट सिकने दीजिए.

6 मिनिट बाद बाटी चैक कीजिए, बाटी दोनों ओर से अच्छे से सिक कर तैयार है. प्लेट को कुकर में से निकाल लीजिए और तब तक तैयार मिश्रण से बनाई हुई बाटी की दूसरी प्लेट को सिकने के लिए कुकर में रख दीजिए. बाटी सिकने पर इसे भी निकाल लीजिए. एक बार की बाटी सिकने में 26 से 27 मिनिट का समय लग जाता है और इतने मिश्रण से 10 बाटी बनकर तैयार हुई हैं.    

गरम गरम बाटी को एक-एक करके घी में डिप करके निकाल कर रख लीजिये, बाटी सर्व करने के लिये तैयार हैं. मक्का बाटी को  दाल, मिक्स दाल, अरहर की दाल या चटनी या अचार जिसके साथ चाहें परोसिये और खाइये.

सुझाव 

  • अजवायन के बदले आप कलौंजी भी उपयोग कर सकते हैं.
  • बाटी के लिए आटा न बहुत अधिक पतला होना चाहिए और नही बहुत अधिक सख्त होना चाहिए
  • बाटी को 15-16 मिनिट बाद चैक जरूर करें, इसके बाद हर 5-5 मिनिट में इसे बेक करते हुए चैक करें और बाटी को गोल्डन ब्राउन होने तक सेक लीजिए.  
  • बेकिंग के लिए उपयोग किया हुआ नमक आप छान कर किसी कंटेनर में स्टोर कर के रख सकते हैं, और इस नमक को फिर से जितनी बार चाहें उतनी बार बेकिंग के लिए उपयोग कर सकते हैं.

Dal Bati Recipe Makke Ki | कुरकुरी मक्के की दाल बाटी कुकर में बनायें । Masala Dal Bati Recipe

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
3.5 / 5 (2 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (2)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

Mrinalini
मैम, मैंने दो बार बाटी बनाई बहुत ही अच्छी बनी. सबको घर मे आटे की बाटी से ज्यादा अच्छा लगा. Thanks
NishaMadhulika
Mrinalini जी, अपने अनुभव हमारे साथ शेयर करने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद.