आंवले का लच्छा अचार । Amla Pickle Recipe । Gooseberry pickle video

आंवला का लच्छा अचार आप बहुत आसानी से और जल्द बना कर तैयार कर सकते हैं. जो स्वाद में बहुत लाजवाब होता है.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Amla Pickle Recipe
आंवला - 7 (250 ग्राम)
अदरक - 2 इंच टुकड़ा
सरसों का तेल - ¾ कप (150 ग्राम)
सौंफ पाउडर - 2 छोटी चम्मच
मेथी दाना - 1 छोटी चम्मच
सरसों के दाने - 1 छोटी चम्मच
जीरा - ½ छोटी चम्मच
कलौंजी - ½ छोटी
हल्दी पाउडर - 1.5 छोटी चम्मच
लाल मिर्च पाउडर - 2 छोटी चम्मच
हींग - 2 पिंच
नमक - 2 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
विधि - How to make Amla Pickle Recipe
अचार के लिये बिना दाग धब्बे वाले और अच्छी किस्म के आंवले लीजिये.
अचार बनाने के लिए किसी बर्तन में 1 से डेढ़ कप पानी डाल कर बर्तन को ढक कर उबलने के लिए रख दीजिए , पानी में उबाल आने के बाद बर्तन के ऊपर छलनी रख दीजिए और इस पर आंवले डाल दीजिए और आंवलों को ढक कर 6-7 मिनिट पकने दीजिए.
अचार के लिए मसाले तैयार करें- मिक्सर जार में सौंफ, मेथी दाना, काली सरसों के दाने और जीरा डाल कर सभी मसालों को दरदरा पीस लीजिए.
6 मिनिट बार आंवले चैक कीजिए. आंवले हल्के से पक गए हैं, अंवलों को ज्यादा नरम नहीं करना है. गैस बन्द कर दीजिये. आवंले की छलनी को बरतन से हटा कर ठंडा होने रख दीजिए.
आंवले ठंडा होने पर इसे कद्दूकस कर लीजिए. अदरक को भी कद्दूकस कर लीजिए.
पैन में तेल डालकर गरम कीजिए. तेल के अच्छा गरम होने पर गैस बंद कर दीजिए और तेल को हल्का ठंडा होने दीजिए. तेल के हल्का ठंडा होने पर इसमें हींग और कलौंजी डाल दीजिए. गैस ऑन कर दीजिए और धीमी रखें. अब तेल में कद्दूकस किया हुआ अदरक डाल दीजिए. साथ में दरदरे कुटे मसाले डाल कर हल्का सा भून लीजिए. मसालों को लगातार चलाते हुए 2 मिनिट भून लीजिए.

मसाले भून जाने पर इनमें कद्दूकस किए हुए आंवले डाल दीजिए साथ में हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डाल कर मिक्स कर दीजिए. आंवलों को लगातार चलाते हुए 2 मिनिट और भून लीजिए. 2 मिनिट बाद गैस बंद कर दीजिए और अचार को थोड़ा ठंडा होने दीजिए. अचार के हल्का ठंडा होने पर इसमें सिरका डाल कर मिक्स कर दीजिए. अचार तैयार है, इसे प्याले में निकाल लीजिए.
स्वादिष्ट आंवला लच्छा अचार बनकर तैयार है. आप चाहें तो अभी से अचार खाया जा सकता है, लेकिन अचार का असली स्वाद 3-4 दिन के बाद मिलेगा, जब तक सारे मसाले आंवले में जज्ब हो जायेंगे. अचार को दिन में एक बार साफ चमचे की मदद से ऊपर नीचे करते रहिए. तीन-चार दिन के अन्दर सारा मसाला आंवले के अन्दर अच्छी तरह पहुंच जाता है. उसके बाद अचार खाने के लिए तैयार हो जाएगा. आप अचार को खाने के साथ परोसिये और खाइये. आंवले के लच्छा अचार को 6 माह तक रख कर खाया जा सकता है.
सुझाव
- आंवलों को बहुत ज्यादा नहीं पकाना है.
- अचार बनाने के लिए पीतल और लोहे का बर्तन नहीं लेना है.
- कलौंजी के बिना भी अचार बना सकते हैं.
- अचार में आप कोई भी सिरका उपयोग कर सकते हैं.
Amla Pickle Recipe | आंवले का तुरन्त बनने वाला मसालेदार लच्छा अचार | Gooseberry pickle video
कमेंट (2)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।