चॉकलेट नानखताई । Nan Khatai Recipe with Chocolate

चाकलेट के स्वाद में बनी नानखताई को कुकर में भी बहुत असानी से बना सकते हैं. यह नानखताई बहुत ही स्वादिष्ट बनकर तैयार होती है.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Chocolate Nan Khatai
गेहूं का आटा - 1/2 कप से थोड़ा कम (50 ग्राम)
बेसन - 1/2 कप (50 ग्राम)
सूजी - 2 टेबल स्पून (20 ग्राम)
चीनी पाउडर - 2/3 कप (100 ग्राम)
कोको पाउडर - 2 टेबल स्पून (20 ग्राम)
घी - ½ कप से थोड़ा सा कम (100 ग्राम)
दूध 1/4 कप
बेकिंग पाउडर - 1 छोटी चम्मच
बादाम फ्लेक्स - 1 टेबल स्पून
नमक - बेकिंग के लिए
विधि - How to make Chocolate Nan Khatai
नान खताई बनाने के लिए किसी प्याले में छलनी रखें और उसमें गेहूं का आटा निकाल लीजिए. इसमें बेसन, सूजी, बेकिंग पाउडर और कोको पाउडर डाल कर मिश्रण को मिलाते हुए छान लीजिए. इस प्रकार से मिश्रण को छन लेने से सभी चीजें अच्छे से मिक्स हो जाती हैं और मिश्रण में किसी भी प्रकार की गुठलियां भी नहीं रहती हैं.
अब इस मिश्रण में पाउडर चीनी और घी डाल दीजिए थोड़ा सा घी बचा लीजिए. मिश्रण को अच्छे से मिक्स कीजिए अब इस मिश्रण में थोड़ा-थोड़ा दूध डालकर इस प्रकार से डो तैयार कर लीजिए की वह अच्छे से बाइंड हो जाए. मिश्रण बनकर तैयार है और इतना मिश्रण बनने में 3 टेबल स्पून दूध यूज हुआ है और 1 टेबल स्पून दूध बच गया है.

नान खताई बनाने के लिए कुकर को गैस पर गरम होने के लिए रखें. कुकर में नमक डाल कर कुकर के तले पर नमक की परत बिछा दीजिए. अब कुकर को ढक कर इसे 7-8 मिनिट अच्छे से गरम होने दीजिए.
नान खताई बनाने के लिए कोई भी ऐसी प्लेट ले लीजिए जो कुकर में आसानी से आ जाए. प्लेट को घी लगाकर चिकना कर लीजिए.
अब नान खताई के लिए तैयार किए हुए मिश्रण में से थोडा़ सा मिश्रण निकाल लीजिए और हथेली की सहायता से इसे गोल कीजिए ओर नान खताई का आकर देते हुए इसे घी लगी प्लेट में रख दीजिए. सारी नान खताई इसी तरह से बना कर प्लेट पर थोड़ी-थोड़ी दूरी पर रखते जाएं.
सभी नान खताई पर थोड़ा-थोडा़ बादाम फ्लेक्स डाल दीजिए.
कुकर अच्छे से गरम हो कर तैयार है. अब इस पर एक जाली स्टैंड रख दीजिए. अब नान खताई की प्लेट को कुकर में जाली स्टैंड पर रख दीजिए. कुकर को ढक कर मध्यम तेज आंच पर 12 मिनिट के लिए नान खताई को बेक होने दीजिए.

जब तक नान खताई सिक रही है, बचे हुए मिश्रण से और नान खताई बना कर तैयार कर लीजिए.
12 मिनिट बाद नान खताई को चैक कीजिए. कुकर का ढक्कन खोले और चैक करें, नान खताई सिक कर तैयार है यह अच्छी फूली हुई और हल्की सी ब्राउन सिक चुकी है. प्लेट को कुकर में से निकाल लीजिए और ठंडा होने दीजिए. तब तक तैयार मिश्रण से बनाई हुई नान खताई की दूसरी प्लेट को सिकने के लिए कुकर में रख दीजिए. नान खताई सिकने पर इसे भी निकाल लीजिए और ठंडा होने दीजिए.
नान खताई के ठंडा होने पर इसे प्लेट में निकाल लीजिए और सर्व कीजिए. नान खताई को पूरी तरह से ठंडा हो जाने के बाद इसे किसी भी एयर टाइट कंटेनर में भर कर रख दीजिए और पूरे 1-2 माह तक जब आपका मन हो इसे खाते रहिए.
सुझाव
- नान खताई बनाने के लिए आप घी के बदले मक्खन भी ले सकते हैं.
- ड्रायफ्रूट आप अपनी पसंद अनुसार काजू, अखरोट जो भी डालना चाहें उपयोग कर सकते हैं.
- नान खताई के लिए तैयार बैटर को बहुत अधिक गीला या बहुत अधिक सूखा नहीं होना चाहिए. अच्छा डो की तरह से बैटर बना कर तैयार होना चाहिए.
- नानट खताई को बेक करते समय ध्यान रखें उसे 12 मिनिट बाद चैक जरूर करें क्योंकिं थोड़ा सा समय और गैस की आंच के तेज और धीमा होने में अंतर हो सकता है. नानखताई को 12 से 15 मिनिट तक बेकिंग करने में लग सकते हैं.
- नान खताई को 12 मिनिट के लिए सेकें और उसके बाद चैक ज़रुर करें. नान खताई अच्छे से सिक कर तैयार है या नही इसे चैक करने के लिए, इस पर चाकू की नोक गड़ा कर देख सकते हैं अगर बैटर चाकू पर से चिपक नही रहा है तो आपकी नान खताई अच्छे से बन कर तैयार है. अगर बैटर चिपक रहा है और नान खटाई अभी सिकी न हो तो उसे थोड़ा 2-3 मिनिट और सेक कर तैयार कर लीजिए.
चॉकलेट वाली स्पेशल नानखताई कुकर में बनाईये । Nan Khatai Recipe with Chocolate
कमेंट (8)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
kya nankhtai mixscher ko 7-8 ghunte ke bad beak kar sakte hai kya?