स्पेशल मिठाई मलाई चॉप । Bengali Sweet Malai Chop Recipe

छैना में मावा मलाई की स्टफिंग भरकर बनाई छैना मलाई सैंडविच चाप का स्वाद जब आप चखेंगे तो कभी भूल नहीं पाएंगे. तो चलिए बनाते हैं बेहद ही स्वादिष्ट मिठाई मलाई चॉप.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Bengali Sweet Malai Chop Recipe
गाय का दूध - 1.5 लीटर
नींबू - 2
चीनी - 1.5 कप (350 ग्राम)
मावा - 1 कप (200 ग्राम)
केसर - 30-40 धागे
बूरा - 2 टेबल स्पून
मैदा - 1 टेबल स्पून
पिस्ते - 10-15 (कद्दूकस किए हुए)
विधि - How to make Bengali Sweet Malai Chop Recipe
छैना बनाएं
दूध को बर्तन में निकाल लीजिए और उबलने के लिए रख दीजिए. दूध को बीच में 2-3 बार चला भी दीजिए ताकि दूध तले में न लगे. दूध में उबाल आने के बाद, दूध को गैस से उतार लीजिये, दूध 4 मिनिट ठंडा होने दीजिये. इसके बाद इसमें नींबू का रस मिलाएं.
2 टेबल स्पून दूध को प्याली में निकाल कर इसमें केसर मिक्स कर दीजिए.
नींबू का रस निकाल कर उसमें उतना ही पानी मिला लीजिये.
दूध को 4 मिनिट रखने के बाद, थोड़ा-थोड़ा नींबू का रस डालते हुये चमचे से चलाइये, दूध जब पूरा फट जाय, दूध में छैना और पानी अलग दिखाई देने लगे तो नींबू का रस डालना बन्द कर दीजिये. 2 मिनिट बाद बड़े से प्याले पर छलनी रख लीजिए और छलनी पर सूती कपड़ा रख दीजिए और छैना को कपड़े में डाल कर छानिये और छैना में अब ऊपर से 2-3 बार ठंडा पानी डाल कर इसे धो लीजिए ताकि नींबू का स्वाद छैना में न रहे. कपड़े को चारों ओर से उठाकर हाथ से दबा कर अतिरिक्त पानी निकाल दीजिये, छैना तैयार है.
छैना को किसी थाली में निकाल लीजिये और छैना को मसल मसल कर चिकना कर लीजिये, मसले हुए छैना में मैदा डाल कर इसे फिर से 4-5 मिनिट मसल लीजिए. एकदम चिकना डो बना कर तैयार कर लीजिए. छैने से थोड़ा-थोड़ा छैना तोड़ लीजिए. अब एक टुकड़े को उठाकर इसे हथेली में अच्छे से मसल कर आयताकार शेप दे दीजिए और इस टुकड़े को प्लेट में रख दीजिए इसी तरह बाकी से भी छैना टुकड़ा तैयार कर लीजिए.

चाशनी बनाएं
चाशनी बनाने के लिए किसी बर्तन में चीनी और 4.5 कप पानी डाल कर गैस पर रखें और चीनी को पानी में घुलने तक पकने दीजिए. चाशनी में उबाल आने के बाद, छैने से बने आयताकार टुकड़े एक - एक करके चाशनी में डाल दीजिये. बर्तन को ढक दीजिये, और छैना के गोलों को 5 मिनिट तेज गैस पर पकने दीजिए इसके बाद इन्हें चैक कीजिए.
5 मिनिट बाद रसगुल्ले फूल कर डबल हो गए हैं, इन्हें फिर से ढक कर 5 मिनिट पकने दीजिए. 5 मिनिट बाद इन्हें कल्छी से पलट दीजिए और फिर से ढक कर 5 मिनिट पकने दीजिए. छैना को चैक कीजिए पूरे 16 मिनिट तक पक कर यह तैयार हैं गैस बंद कर दिजिए और इन्हें 1 घंटे के लिए चाशनी में ही रहने दीजिए
1 घंटे बाद यह छैना टुकड़े ठंडे होकर तैयार हैं इन्हें चाशनी में से निकल कर प्लेट पर रखी छलनी पर रख दीजिए ताकि इनमें से अतिरिक्त चाशनी प्लेट में निकल जाएगी.
मावा मलाई बनाएं

प्याले में मावा निकाल लीजिए और इसमें केसर वाला दूध डाल दीजिए और मावा को अच्छे से फैंट कर चिकना कर लीजिए. मावा के अच्छे से मलाईदार चिकना हो जाने पर इसमें बूरा डाल कर अच्छे से मिक्स कर दीजिए. मावा मलाई स्टफिंग बन कर तैयार है.
अब छैना का एक टुकड़ा उठाएं इसे बीच में से काट कर दो भाग करते हुए ऎसे काटें की आखिरी सिरा जुड़ा रहे. अब इसमें मावा मलाई की स्टफिंग भर दीजिए और हल्का सा दबाकर एक जैसा कर लीजिए. अब इसे प्लेट में रख दीजिए सारे छैना टुकड़ों में मावा मलाई भर कर छैना मलाई सैंडविच तैयार कर लीजिए.
छैना मलाई सैंडविच पर पिस्ता बुरादा डाल कर इसकी गार्निश कर दीजिए. आप चाहें तो नारियल का बुरादा भी इस पर डाल कर इसे सजा सकते हैं. छैना मलाई सैंडविच को ½ घंटे के लिए फ्रिज में रख दीजिए यह सैट होकर तैयार हो जाएंगे इसके बाद इन्हें सर्व कीजिए. छैना मलाई सैंडविच को फ्रिज में रख कर 4-5 दिन तक खाया जा सकता है.
सुझाव
- छैना के रसगुल्ले बनाने के लिये दूध गाय का सबसे अच्छा होता है, भैंस का ताजा दूध लिया जा सकता है, ताजा दूध न मिलने पर अमूल का फुल क्रीम दूध लिया जा सकता है.
- छैना को मसल मसल कर अच्छा चिकना करना जरूरी है.
- मैदा के बदले कॉर्न फ्लोर, सूजी, अरारोट भी ले सकते हैं.
- छैना गोलों को चाशनी में तभी डालें जब चाशनी में अच्छा उबाल आ रहा हो.
- चाशनी में 1- 1 चमचा करके पानी डालिये, ध्यान रहे कि चाशनी में हमेशा उबाल आता रहे.
- छैना बनाने में बचे हुए पानी को आप आटा गूंथने में और सब्जी की ग्रेवी बनाने के लिए भी यूज कर सकते हैं.
- मावा की स्टफिंग अगर बच जाए तो उसे आप लड्डू या बर्फी बनाने के लिए यूज कर सकते हैं.
- केसर नहीं डालना चाहें तो हटा सकते हैं.
- पीला फूड कलर भी डाल कर मावा में मिक्स कर सकते हैं.
स्पेशल मिठाई मलाई चॉप, दीपावली के लिये खास रेसिपी । Bengali Sweet Malai Chop Recipe
कमेंट (2)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।