3 तरह के राजस्थानी रायते । Boondi Raita, Besan Cheela Raita & Pitod Raita

राजस्थानी पकवानों की शृंखला में पारंपरिक रुप से तैयार राजस्थानी रायता को आप किसी भी खास मौके पर बनाएं या ऎसे ही जब आपका मन हो बना कर खाएं आपको इसका स्वाद बहुत पसंद आएगा.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Raita
दही
नमक
काला नमक
भुना जीरा पाउडर
पुदीना पाउडर
हरा धनिया - बारीक कटा हुआ
हरी मिर्च - बारीक कटी हुई
हींग
जीरा
हल्दी पाउडर
धनिया पाउडर
लाल मिर्च पाउडर
विधि - How to make Raita
पिटौर का रायता - Pitod Raita
एक प्याले में ¼ कप बेसन निकाल लीजिए. बेसन में ¼ छोटी चम्मच नमक, ¼ छोटी चम्मच से थोडी़ कम लाल मिर्च पाउडर, ¼ छोटी चम्मच धनिया पाउडर, ¼ छोटी चम्मच से आधी हल्दी पाउडर, ¼ छोटी चम्मच जीरा, ¼ छोटी चम्मच बारीक कटी हरी मिर्च डाल कर थोड़ा सा पानी डाल दीजिए और गुठलियां खत्म होने तक घोल लीजिए. अब इस घोल में ¾ कप पानी डाल कर पतला घोल तैयार कर लीजिए.
पैन को गैस पर रखिये, पैन में 1 छोटी चम्मच तेल डाल कर गरम कीजिये, गरम तेल में 1/4 पिंच से भी कम हींग डाल दीजिये और बेसन के घोल को डालिये और मध्यम आंच पर लगातार चमचे से चलाते हुये तब तक पकाएं जब तक की बैटर गाढा़ न हो जाए.

4-5 मिनिट बाद बैटर गाढा़ होकर तैयार है, गैस बंद कर दीजिए और बैटर को प्लेट में डाल कर फैलाइये और ठंडा होने रख दीजिये. बैटर के सैट हो जाने पर इसे अपनी पसंद अनुसार के टुकड़ों में चाकू की सहायता से काट लीजिये.
अब एक अलग प्याल में दही निकल लीजिए. दही को अच्छे से फैंट लीजिए. दही में ¼ छोटी चम्मच काला नमक, ¼ छोटी चम्मच भूना जीरा पाउडर, ¼ छोटी चम्मच से आधा पुदीना पाउडर, ¼ छोटी चम्मच बारीक कटी हरी मिर्च डाल कर अच्छे से मिक्स कर दीजिए. अब इसमें पिटौर के टुकड़े डाल कर मिलाएं और कुछ टुकड़े गार्निश के लिए यूज कीजिए साथ ही इसमें ऊपर से भूना जीरा पाउडर और थोडा़ सा बारीक कटा धनिया डाल कर इसे परोसिये और खाइए.
चीले का रायता - Besan Cheela Raita
एक प्याले में ¼ कप बेसन निकाल लीजिए. बेसन में ¼ छोटी चम्मच से कम नमक, ¼ छोटी चम्मच से आधी लाल मिर्च पाउडर, ¼ छोटी चम्मच बारीक कटी हरी मिर्च, 1 पिंच हल्दी पाउडर डाल कर थोड़ा सा पानी डाल दीजिए और गुठलियां खत्म होने तक घोल लीजिए. अब इस घोल में थोड़ा बारीक कटा हरा धनिया डाल कर मिक्स कीजिए. घोल में थोड़ा और पानी डाल कर चीले के घोल जैसा पतला घोल तैयार कर लीजिए. इतना बैटर बनाने में ¼ कप पानी का यूज हुआ है.

चीला बनाने के लिये घोल तैयार है. तवा को गरम होने के लिय गैस पर रखिये, तवे पर थोडा़ सा तेल डालकर चिकना कर लीजिये. आग मध्यम रखिये. तवे पर घोल डालिये और चमचे से ही पतला, गोल चीला फैलाइये. थोडा़ सा तेल चीले के चारों ओर गोलाई में डालिये और थोडा़ सा तेल चीले के ऊपर भी डालिये. चीले को गोल्डन ब्राउन होने तक सेकिये, कल्छी की सहायता से चीले को पलटिये और इस दूसरी सतह को भी ब्राउन चित्ती आने तक सेक लीजिये. दोनो ओर से सिका हुआ चीला उतार कर बोर्ड पर रखें और इसे थोडा़ ठंडा होने दीजिए. चीले के ठंडा होने पर इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लीजिए.
रायता बनाने के लिए 1 कप दही को प्याले में निकाल कर फैंट लीजिए. दही में ¼ छोटी चम्मच काला नमक, ¼ छोटी चम्मच भूना जीरा पाउडर, ¼ छोटी चम्मच से आधा पुदीना पाउडर, ¼ छोटी चम्मच से भी कम लाल मिर्च पाउडर डाल कर अच्छे से मिक्स कर दीजिए. अब इसमें चीले के टुकड़े डाल कर मिलाएं और कुछ टुकड़े गार्निश के लिए यूज कीजिए साथ ही इसमें ऊपर से भूना जीरा पाउडर और थोड़ी सी लाल मिर्च पाउडर डाल कर इसे परोसिये और खाइए.
बूंदी का रायता - Boondi Raita
रायता बनाने के लिए 1 कप दही को प्याले में निकाल कर फैंट लीजिए. दही में ¼ छोटी चम्मच काला नमक, ¼ छोटी चम्मच भूना जीरा पाउडर, ¼ छोटी चम्मच से आधा पुदीना पाउडर, थोडी़ सी बारीक कटी हरी मिर्च डाल कर अच्छे से मिक्स कर दीजिए. अब इसमें थोड़ी सी बूंदी डाल कर मिलाएं और हरा धनिया डल कर इसे गार्निश कीजिए. बूंदी का रायता बन कर तैयार है.

रायते में तड़का लगाएं
रायते को थोड़ा और अधिक स्वादिष्ट बनाने के लिए आप इसमें दूसरा तड़का भी डाल सकते हैं. इसके लिए, छोटे से पैन में 2 छोटे चम्मच तेल डालकर गैस पर गरम कीजिए. तेल गरम होने पर 3/4 छोटी चम्मच जीरा तड़का लीजिए. जीरा भून जाने पर गैस बंद कर दीजिए अब इसमें 1/4 पिंच हींग डाल कर मिक्स कीजिए. अब थोड़ा-थोड़ा तड़का तीनों रायते के ऊपर डाल दीजिए और हल्का सा मिक्स कर दीजिए.
तीन तरह के स्वाद से भरपूर रायते बन कर तैयार है इसे परोसिये और खाइए.
सुझाव
- दही को मिक्सर में भी डाल कर फैंट सकते हैं.
- रायता बनाने के लिए एकदम ताजा़ दही का उपयोग करें.
- रायते में पानी आप कम या ज्यादा जैसा चाहें डाल सकते हैं.
- पुदीना पाउडर के बदले आप इसमें हरा पुदीना भी डाल सकते हैं या इसे हटा भी सकते हैं.
- दही में हरी मिर्च के बदले आप लाल मिर्च पाउडर भी डाल सकते हैं.
कमेंट (2)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।