आलू लच्छा ड्रायफ्रूट्स नमकीन - नवरात्रि व्रत के लिये । Aloo Laccha Dry Fruits Namkeen

📅 15 अक्टूबर 2018 👁 21 हज़ार बार देखी गई 💬 4 कमेंट ★ 3.2 (4)

ड्राय फ्रूट नमकीन व्रत के लिए झटपट से बन जाने वाली नमकीन है. जिसे आप कभी भी खाएं आपको इसका स्वाद बहुत पसंद आने वाला है

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Aloo Laccha Dry Fruits Namkeen

आलू कद्दूकस किए हुए - 4 (300 ग्राम)

मखाना - 2 कप (30 ग्राम)

सुखा नारियल - 2 कप (100 ग्राम) (बारीक कटे हुए)

खरबूजे के बीज - 1 कप (110 ग्राम)

मूंगफली के दाने - 1 कप (130 ग्राम)

बादाम - ½ कप (80 ग्राम)

काजू - ½ कप (80 ग्राम)

किशमिश - ½ कप (80 ग्राम)

साबूदाना - ½ कप (75 ग्राम)

सेंधा नमक - 3 छोटी चम्मच

काली मिर्च - 1.5 छोटी चम्मच

मूंगफली का तेल - तलने के लिए

विधि - How to make Aloo Laccha Dry Fruits Namkeen

आलू को कद्दूकस करके इसके लच्छे तैयार कर लीजिए. साबुदाना में 1 चम्मच पानी डाल कर इन्हें अच्छे से मिक्स कर लीजिए और 2-3 मिनिट बाद इन्हें एक बार फिर से मिक्स करके ले लीजिए.

आलू लच्छों को तलने के लिए पैन में तेल डालकर गरम कीजिए. तेल सही से गरम हुआ है या नहीं इसे चैक करने के लिए 1 लच्छा आलू तेल में डाल कर देखें, अगर वो सिक कर ऊपर आ रहा है तो तेल गरम है. अब गरम तेल जितने लच्छे एक बार में आ जाएं डाल कर सेक लीजिए. आलू लच्छा के गोल्डन ब्राउन होने पर इन्हें छलनी में निकाल लीजिए और छलनी को प्लेट में रख दीजिए, इससे अतिरिक्त तेल हट जाएगा. अब आलू लच्छा को पेपर नेपकिन पर डाल दीजिए जिससे की बचा हुआ तेल यह पेपर सोख ले. सारे आलू लच्छा को इसी तरह तल कर निकाल लीजिए.

साबूदाना तलने के लिए मीडियम गरम तेल में डाल दीजिए. साबूदाना को थोड़ा-थोडा़ चलाते हुए मीडियम गरम तेल में सेक लीजिए. साबूदाना लगभग 6 मिनिट में सिक कर तैयार हैं. इन्हें भी छलनी में निकाल लीजिए और प्लेट में रख दीजिए इसके बाद नेपकिन पेपर पर डाल दीजिए.

गैस हल्का कीजिए और मध्यम धीमी आंच पर बादाम को गोल्डन ब्राउन होने तक सेक लीजिए. बादाम को सिकने में 1.5 मिनिट का समय लगा है. बादाम सिक जाने पर इन्हें भी छलनी में निकाल कर प्लेट पर रख लीजिए.

dryfruit namkeen recipe

काजू को भी मध्यम धीमी आंच पर सिकने के लिए तेल में डालें. काजू को हल्का सा कलर चेंज होने तक सेक लीजिए. काजू 1 मिनिट में सिक कर तैयार है इन्हें भी छलनी में निकाल कर प्लेट पर रखें और उसके बाद प्याले में डाल दीजिए.  

मूंगफली को भी तेल में डल दीजिए और मध्यम-धीमी आंच पर हल्का सा कलर चेंज होने तक तल लीजिए. लगभग 6 मिनिट में मूंगफली तल कर तैयार हैं इन्हें भी छलनी में निकाल कर प्लेट में रख दीजिए.

नारियल को एकदम कम गरम तेल में तलने के लिए डालें और लगातर चलाते हुए हल्का सा कलर चेंज होने तक इसे तल लीजिए. नारियल 1 मिनिट में सिक कर तैयार हैं इन्हें भी निकल लीजिए.

अब मखाने और खरबूजे के बीज को अलग पैन में थोड़ा सा तेल डाल कर रोस्ट कर लीजिए. पैन में 1 चम्मच तेल डालकर खरबूजे के बीज डाल दीजिए और बीजों को हल्का सा कलर चेंज होने तक और अच्छे से फूलने तक रोस्ट कर लीजिए. खरबूजे के बीज 1.5 में रोस्ट हो कर तैयार हैं इन्हें भी प्याले में निकाल लीजिए.

dryfruit namkeen recipes

अब कढा़ई में 2-3 चम्मच तेल डाल कर मखाने डाल दीजिए. धीमी मध्यम आंच पर मखाने को लगातार चलाते हुए हल्का सा कलर चेंज होने तक रोस्ट कर लीजिए. 7 मिनिट में मखाने सिक कर तैयार हैं इन्हें प्याले में निकाल लीजिए.

अब सभी चीजों को एक साथ मिलाना है. इसके लिए प्याले में भूना हुआ नारियल और किशमिश जो हमने बिना भूने ही ली है डाल देंगे, साथ में साबूदाना और आलू लच्छा को भी डाल दीजिए. अब इसमें सेंधा नमक और काली मिर्च पाउडर डाल कर अच्छे से मिक्स कर लीजिए. व्रत के लिए नमकीन बनकर तैयार है .

नमकीन को पूरी तरह से ठंडा हो जाने के बाद किसी भी एयर टाइट कंटेनर में डाल कर स्टोर कर सकते हैं और 1-2 माह तक इसे खाने के लिए यूज कर सकते हैं.

सुझाव

  • ड्रायफ्रूट को आप पूरे ध्यान से तलें. ड्राय फ्रूट आप अपनी पसंद अनुसार ले सकते हैं. जो ड्राय फ्रूट आपको पसंद नही हो उसे हटा भी सकते हैं. ड्राय फ्रूट को अपनी पसंद अनुसार कम या ज्यादा भी कर सकते हैं.
  • अगर आप ये नमकीन व्रत के लिए नहीं बना रहे हैं तो इसमें आप मसाले अपनी पसंद अनुसार डाल सकते हैं, जैसे चाट मसाला, लाल मिर्च, जीरा पाउडर, अमचूर इत्यादि जो पसंद हो उसका उपयोग कर सकते हैं. 

आलू लच्छा ड्रायफ्रूट्स नमकीन - नवरात्रि व्रत के लिये । Aloo Laccha Dry Fruits Namkeen

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
3.2 / 5 (4 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (4)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

kya kisi v upwas me mugfli kha sakte h
NishaMadhulika
जी, आपके परिवार में जो उपवास से संबंधित खाने पीने के जो नियम बताए गए हैं आप उसके अनुरुप खा सकते हैं.
shruti jain
Awsmmm recipe i like your all recipe and follow
Thanku so much
NishaMadhulika
shruti jain जी, बहुत बहुत धन्यवाद आपका.