व्रत के लिये नीर दोसा । Vrat ka falahari Neer dosa for Navratri

इस नवरात्री समा के चावल से बनाएं फलाहारी नीर डोसा.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for falahari Neer dosa
समा के चावल - 1 कप (200 ग्राम)
नारियल - ¼ कप (कद्दूकस)
घी - 3-4 टेबल स्पून
सेंधा नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
विधि - How to make falahari Neer dosa
समा चावल को साफ करके, धोकर 2 घंटे के लिये पानी में भिगो दीजिये.
चावल से अतिरिक्त पानी निकाल दीजिये और चावल को मिक्सर में डालिये साथ ही कद्दूकस किए हुए नारियल को भी इसी के साथ डालकर 2-3 टेबल स्पून पानी डाल कर एकदम बारीक पीसकर पेस्ट बना लीजिए.
चावल और नारियल के पेस्ट को प्याले में निकाल लीजिए. चावल को पिसने में 1/4 कप पानी का उपयोग था. अब इस मिश्रण में डेढ़ कप और पानी डाल कर मिक्स कर लीजिए. मिश्रण को एकदम पतला पेस्ट बनाकर तैयार करना होता है. मिश्रण में नमक डालकर इसे अच्छे तरह मिक्स कर लीजिए.

दोसा बनाने के लिये नानस्टिक तवा गरम कीजिये और तवे पर थोड़ा सा घी डालकर चारों ओर फैलाइये, एक छोटी प्याली में मिश्रण भर लीजिए और इस मिश्रण को तवे पर डाल कर पतला फैलाइये. थोड़ा सा घी चम्मच से दोसे के चारों ओर डालिये. दोसे को ढक दीजिए और भाप में 2 मिनिट इसे सिकने दीजिए. धीमी और मीडियम गैस पर दोसे को नीचे की ओर से हल्का ब्राउन सिकने दीजिये.
दोसा को चैक कीजिए दोसा अच्छे से सिक रहा है अब दोसे को बिना ढके 1.5 मिनिट के लिए अच्छा क्रिस्प होने तक सेक लेंगे. दोसा निचली सतह से सिक चुका है, अब इसे पलट दीजिए और दूसरी ओर से भी 2 मिनिट सिकने दीजिए. दोसा सिक कर तैयार है, दोसे को फोल्ड करके उतार कर प्लेट में रख लीजिये.
बाकी के मिश्रण से भी इसी प्रकार दोसा बना कर तैयार कर लीजिए. 1 दोसा बनाने में 5-6 मिनिट का समय लग जाता है. सारे दोसे इसी तरह बना कर तैयार कर लीजिये. इतने घोल से 5-6 नीर दोसा बनकर तैयार हो जायेंगे, नीर डोसा को नारियल की व्रत वाली चटनी या हरे धनिए की व्रत वाली चटनी के साथ परोसिये और खाइये.
सुझाव
- नीर डोसा बनाने के लिए मिश्रण को एकदम बारीक और चिकना पीस कर तैयार करें.
- घोल पतला बना कर तैयार करें और अगर घोल गाढा़ लग रहा हो तो इसे पानी डाल कर पतला कर सकते हैं.
- दोसे को तेल से भी बना सकते हैं.
व्रत के लिये एकदम सॉफ्ट कम तेल में बना नीर दोसा । Vrat ka falahari Neer dosa for Navratri
कमेंट (2)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।