बेसन के गट्टे के नमकीन । Namkeen Gatta Snacks । Tea time snack Besan Namkeen

📅 11 सितंबर 2018 👁 29.6 हज़ार बार देखी गई 💬 4 कमेंट ★ 3.1 (9)

गट्टा नमकीन झटपट से बन जाने वाली नमकीन है.  हल्की फुल्की भूख लगी हो या कुछ अलग सा खाने का मन हो तो आप इस नमकीन को  बनाएं और खाएं. 

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Namkeen Gatta Snacks

बेसन - 2 कप (250 ग्राम)

कसूरी मेथी - 1 टेबल स्पून

जीरा - ½ छोटी चम्मच

अजवायन - 1/2 छोटी चम्मच

धनिया - 1 छोटी चम्म्मच (दरदरा कुटा हुआ)

हल्दी पाउडर - ¼ छोटी चम्मच

लाल मिर्च पाउडर - ¼ छोटी चम्मच

काली मिर्च - ½ छोटी चम्मच (दरदरी कुटी हुई)

लौंग - 5 (दरदरी कुटी हुई)

हींग - 1 पिंच

हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)

बेकिंग सोडा - ¼ छोटी चम्मच

तेल - 2 टेबल स्पून

नमक - 1 छोटी चम्मच

तेल - तलने के लिए

विधि - How to make Namkeen Gatta Snacks

बेसन में जीरा, अजवायन, कसूरी मेथी, काली मिर्च, लौंग, धनिया, लाल मिर्च पाउडर, बारीक कटी हरी मिर्च, हल्दी पाउडर, हींग, बेकिंग सोडा, नमक और तेल डालकर सारी चीजों को मिक्स कर लीजिये, थोड़ा थोड़ा पानी मिलाइये और थोड़ा सा सख्त आटा गूंथ कर तैयार कर लीजिये. हाथ पर थोड़ा सा तेल डालकर चिकना कर लीजिए और आटे को मसल कर चिकना तैयार कर लीजिए. इतना आटा लगाने में ½ कप पानी का उपयोग हुआ है. आटे को ढककर 10 मिनिट के लिये रख दीजिये, आटा सैट हो जायेगा.

10 मिनिट बाद आटा तैयार है. हाथ पर थोड़ा सा तेल लगाकर आटे को छोटे-छोटे टुकड़े में बांट लीजिए. बोर्ड को तेल लगाकर चिकना कीजिए. अब एक टुकड़ा उठाएं इसे अच्छे से मसल कर गोल कीजिए और बोर्ड पर रख कर आधा इंच के व्यास में लम्बाई में लम्बा रोल कर लीजिए इसे किनारे रख दीजिए अब बाकी के टुकड़ों से भी इसी तरह रोल बना कर तैयार कर लीजिए. और प्लेट में रख दीजिए. अब इस लम्बाई में बने हुए रोल को छोटे छोटे टुकड़ों में काट लीजिए.

gatta namkeen recipe

गट्टे तलने के लिए कड़ाही में तेल गरम होने रख दीजिए. गट्टे तलने के लिए तेल मध्यम गरम ही चाहिए. तेल गरम होने पर इसमें तेल में एक गट्टा डालकर देख लीजिए कि गट्टा सिक रहा है. तेल सही गरम है, तेल में बाकी के गट्टे डाल दीजिए. 5 मिनिट मध्यम फ्लेम पर तलने के बाद गट्टे अच्छे कुरकुरे हो जाते हैं अब गैस तेज कर दीजिए और गट्टों को गोल्डन ब्राउन होने तक सेक कर तैयार कर लीजिए.

गट्टे सिक कर तैयार हैं. इनमें से अतिरिक्त तेल निकालने के लिए इन्हें कड़ाही के किनारे पर कल्छी पर रोक कर रखिए और फिर इन्हें प्लेट में निकाल लीजिए. एक बार के गट्टा नमकीन तलने में 7 से 8 मिनिट का समय लग जाता है. सारे गट्टा नमकीन इसी तरह तल कर तैयार कर लीजिए.

स्वादिष्ट और क्रिस्पी गट्टा नमकीन बनकर तैयार हैं. आप इन्हें किसी भी समय स्नैक्स की तरह सर्व कर सकते है. गट्टा नमकीन को पूरी तरह ठंडा होने के बाद किसी कन्टेनर में भरकर रख लीजिए और पूरे 1-2 माह तक खा सकते हैं.

सुझाव

गट्टा नमकीन के लिए बनाया गया आटा न बहुत अधिक सख्त हो और न बहुत अधिक नरम हो.

कसूरी मेथी के बदले आप बारीक कटा हरा धनिया भी उपयोग में ला सकते हैं.

गट्टा नमकीन तलने के लिए तेल मध्यम गरम होना चाहिए. तलते समय तेल मध्यम गरम हो और 4-5 मिनिट इन्हें मीडियम फ्लेम पर ही तलें इसके बाद गैस तेज करके 2-3 मिनिट इन्हें गोल्डन ब्राउन होने तक सेक कर निकाल लीजिए

Namkeen Gatta Snacks | बेसन के गट्टे के नमकीन । Tea time snack Besan Namkeen

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
3.1 / 5 (9 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (4)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

divya
namaste Nisha ji. aap bhut accha bhojan banate h. jab meri shaadi hui thi tab muje kuch b banana nahi aata tha par aap ki sahayata se sab sikha. thanks to you .
NishaMadhulika
divya जी, आपके सहयोग के लिए बहुत बहुत धन्यवाद मुझे खुशी है की आपको मेरी रेसिपी पसंद आई हैं.
mamta
mam kya inki sbji bhi ban sakti h
NishaMadhulika
ममता जी, बिलकुल आप इसकी सब्जी भी बना सकती हैं.