चीज़ बर्स्ट परांठा | Cheese Burst Paratha | Mozzarella Cheese Paratha

चीज़ बर्स्ट परांठे में स्टफ की पिज्जा सॉस और मेल्ट चीज़ का स्वाद आपको एक नए स्वाद से रुबरु कराएगा
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Cheese Burst Paratha
गेहूं का आटा - 1 कप (150 ग्राम)
मैदा - 1 कप
घी - 3-4 टेबल स्पून
मौजेरीला चीज - 1 पैक्ट (200 ग्राम)
पिज्जा सॉस - 2 टेबल स्पून
नमक - ½ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
विधि - How to make Cheese Burst Paratha
आटे को बड़े बर्तन में निकाल लीजिये. आटे में मैदा, ½ छोटी चम्मच नमक , 1 छोटी चम्मच घी डाल दीजिये. सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लीजिए. थोड़ा थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लीजिये. इतना आटा लगाने में 1 कप पानी का उपयोग किया गया है जिसमें से 1 टेबल स्पून पानी बच गया है. आटे को ढककर 20 मिनिट के लिए रख दीजिए, आटा सैट होकर तैयार हो जाएगा.
स्टफिंग बनाएं
स्टफिंग बनाने के लिए 200 ग्राम चीज़ में से 100 ग्राम चीज़ को प्लेट में कद्दूकस कर लीजिये.

परांठे बनाएं
20 मिनिट बाद आटा सैट होकर तैयार है, हाथ पर थोड़ा सा घी लगाकर आटे को मसल लीजिए. गुंथे हुए आटे से थोड़ा सा आटा निकालिए और गोल लोई बना लीजिए. लोई को सूखे मैदा में लपेटकर 3-4 इंच के व्यास में गोल बेल लीजिए. तवा गैस पर रखकर गरम कीजिए.
बेले हुए परांठे पर थोड़ी सी पिज्जा सॉस लगाकर और किनारे छोड़ते हुए फैलाएं और अब इस पर थोडी़ सी चीज़ स्टफिंग रख लीजिए (स्टफिंग आप अपनी पसंद अनुसार कम या ज्यादा जैसी आप चाहें रख सकते हैं) और हाथ से परांठे को चारों ओर से उठाकर स्टफिंग को बंद कर दीजिए.
स्टफिंग भरी लोई को उंगलियों से दबाकर थोड़ा सा बड़ा लीजिए ताकि स्टफिंग एक जैसी फैल जाए. लोई को सूखे मैदा से लपेट लीजिए और हल्का दबाव देते हुए गोल आकार में हल्का मोटा परांठा बेल लीजिए.
तवा गरम होने पर तवे के ऊपर थोड़ा सा घी डालकर इसे चिकना कर लीजिए. परांठे को सिकने के लिए तवे पर डालिए और मध्यम आंच पर निचली सतह से थोड़ा सिकने पर परांठे को पलट दीजिए. परांठे की दूसरी सतह थोड़ा सा सिकने पर पहली सतह पर थोड़ा सा घी डालकर चारों ओर फैला दीजिए और परांठे को पलट दीजिए. दूसरी सतह पर भी घी डालकर चारों ओर फैला दीजिए और कलछी से दबाते हुए सेकिए. परांठे को दोनो ओर हल्की ब्राउन चित्ती आने तक सेक लीजिए. सिके परांठे को तवे से उतारकर किसी प्लेट पर रख लीजिए.

परांठा बनाने का अन्य तरीका
इसके लिए आटे से लोई तोड़िये और गोल लोई बना लीजिए. लोई को सूखे मैदा में लपेटकर 3-4 इंच के व्यास में गोल बेल लीजिए. अब इस पर पिज्जा सॉस नहीं लगानी है बल्की थोडा़ सा घी लगाएंगे और चीज स्टफिंग को रख लीजिए और हाथ से परांठे को चारों ओर से उठाकर स्टफिंग को बन्द कर दीजिए और बेल कर परांठे को तवे पर सेक कर तैयार कर लीजिए.
गरमा गरम चीज बर्स्ट परांठे बन कर तैयार हैं इन्हें आप काट कर भी सर्व कर सकते हैं. आप इन परांठों को सुबह के नाश्ते में या बच्चों के टिफिन में भर कर भी दे सकते हैं, बच्चों को इनका स्वाद बहुत पसंद आएगा.
सुझाव
- परांठे को सिर्फ मैदा से भी बना सकते हैं या सिर्फ गेहूं के आटे से भी बना सकते हैं.
- परांठे को बिना पिज्जा सॉस के भी बना सकते हैं.
- चीज में भी आप अपनी पसंद अनुसार मसाले डाल सकते हैं जैसे की काली मिर्च, हरा धनिया, हरी मिर्च इत्यादि जो पसंद हो डाल सकते हैं.
- परांठे को हल्के हाथों से दबाव देते हुए बेलिए. इन्हें बिलकुल भी ज्यादा दबाव देते हुए नहीं बेलना है. अगर हम परांठे को अधिक दबाव देते हुए बेलते हैं तो परांठा फट सकता है और स्टफिंग परांठे से बाहर आ सकती है.
- परांठे को मीडियम आग पर ही सेकें.
Cheese Burst Paratha | चीज़ बर्स्ट परांठा । Mozzarella Cheese Paratha
कमेंट (2)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।