कुरकुरा साबूदाना वड़ा । Sabudana Vada | Crispy Sago Patties

📅 6 अगस्त 2018 👁 36.3 हज़ार बार देखी गई 💬 0 कमेंट ★ 2.3 (9)

बहुत ही कम घी में बने व्रत के ये साबुदाना वड़ा का स्वाद आपको बहुत पसंद आएगा. 

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Sabudana Vada

साबूदाना - 1/2 कप (100 ग्राम)

उबले हुए आलू - 4 (200 ग्राम)

मूंगफली के दाने - 1/2 कप (100 ग्राम) (भूने हुए और दरदरे कुटे हुए)

हरा धनिया - 2-3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)

सेंधा नमक - 1 छोटी चम्मच

काली मिर्च - 1/4 छोटी चम्मच (दरदरी कुटी हुई)

हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)

घी - 3-4 टेबल स्पून

विधि - How to make Sabudana Vada

1/2 कप साबुदाना को धो कर 2 घंटे के लिये 1 कप पीने वाले पानी में भिगो दीजिए, साबूदाने में भीगने के बाद अगर अतिरिक्त पानी दिखाई दे तो उसे हटा दीजिये.

आलू को छील लीजिए और साबुदाना वाले प्याले में ही अच्छी तरह बारीक मैश कर लीजिए. अब इसमें दरदरी कुटी हुई मूगफली, सैंधा नमक, दरदरी कुटी काली मिर्च, बारीक कटी हुई हरी मिर्च और बारीक कटा हरा धनिया साबुदाना में डाल दीजिए. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलने तक मिला लीजिये. वड़े बनाने के लिए मिश्रण तैयार है.

हाथ पर थोड़ा सा घी लगा कर हाथ को चिकना कर लीजिए. मिश्रण से थोड़ा सा, मिश्रण निकाल कर गोल कीजिये और हथेली से दबाकर चपटा करें, तैयार वड़े को प्लेट में रख दीजिए, इसी तरह से आधे मिश्रण से वड़े बना कर तैयार कर लीजिए. बाकी के बचे हुए मिश्रण के वडे गोल आकार में बनाएंगे जिन्हें हम अप्पम मेकर में सेकेंगे.

पैन में वडे बनाएं

पैन में वड़े सेकने के लिए, पैन को गैस पर रखें इसमें 1 से 1.5 चम्मच घी डालकर घी को मेल्ट होने दीजिए. घी के मेल्ट हो जाने पर इसमें वड़े सिकने के लिए लगा दीजिए. अब पैन को ढक दीजिए और वड़े को धीमी-मध्यम आंच पर 3-4 मिनिट सिकने दीजिए. इसके बाद इन्हें चैक कीजिए.

4 मिनिट बाद इन्हें चैक कीजिए. वड़े नीचे से हल्के सिकें हैं इन्हें फिर से 3-4 मिनिट ढक कर सिकने दीजिए. वड़े को चैक कीजिए यह नीचे से गोल्डन ब्राउन सिक कर तैयार हैं, इन्हें सिकने में 10 मिनिट का समय लगा है. अब वड़ों को पलट दीजिए और दूसरी ओर से भी 5-6 मिनिट ढक कर धीमी आंच पर सिकने दीजिए. इसके बाद चैक कीजिए.

5 मिनिट बाद वड़े चैक करें यह अभी नीचे से सिके नही हैं, अब इन्हें बिना ढके खुले ही सिकने दीजिए और हर 2-3 मिनिट में चैक करते रहें. वड़े  दोनों ओर से अच्छे गोल्डन ब्राउन सिक कर तैयार हैं, इन्हें प्लेट में निकाल लीजिए.

less oil sabudana vada recipes

अप्पम मेकर में वड़े बनाएं.

वड़े को अप्पम मेकर में सेकने के लिए, अप्पम मेकर को धीमी आंच पर गरम होने के लिए रख दीजिए. अप्पम मेकर के सारे खानों में थोड़ा-थोड़ा घी डालकर इन्हें चिकना कर लीजिए. अब इसके सभी खानों में वड़े सिकने के लिए लगा दीजिए. वड़े को धीमी आंच पर ढक कर 3-4 मिनिट के लिए सिकने दीजिए इसके बाद इसे चैक कीजिए.

4 मिनिट बाद वड़े को चैक कीजिए, यह भी अभी सिके नहीं हैं इन्हें भी 4-5 मिनिट के लिए ढक कर सिकने दीजिए. वड़े चैक कीजिए इसे नीचे की ओर से पलट दीजिए और इन्हें ढक कर 5-6 मिनिट सिकने दीजिए.

अब वड़े चैक कीजिए, वड़े नीचे से सिके नहीं हैं. इन्हें अब बिना ढके खुले ही सिकने दीजिए और बार-बार इसी तरह से चैक करते हुए चारों ओर से अच्छा गोल्डन ब्राउन होने तक सेक कर तैयार कर लीजिए.

वड़े चारों ओर से गोल्डन ब्राउन होकर सिक कर तैयार है. वड़ों को प्लेट में निकाल लीजिए. वड़ों को सिकने में लगभग 16-17 मिनिट का समय लगा है.  

साबूदाना वड़े तैयार हैं. गरमा गरम साबूदाना वड़े को व्रत की हरे धनिये की चटनी के साथ परोस सकते हैं. अगर आप इन्हें ऐसे ही खाने के लिए बना रहे हैं तो अपनी मनपसंद किसी भी चटनी या सॉस के साथ परोसिये और खाइये.

सुझाव

व्रत के लिए वड़े नहीं बना रहे हैं तो इसमें आप बहुत से मसाले उपयोग में ला सकते हैं जैसे धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, चाट मसाला इत्यादि जो मसाला आप पसंद करते हों उपयोग कर सकते हैं.

Sabudana Vada | कुरकुरा साबूदाना वड़ा - दो तरह से कम तेल में बना | Crispy Sago Patties

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
2.3 / 5 (9 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (0)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।