आलू चॉप । Aloo Chop। Kolkata Style Aloor Chop

📅 13 जुलाई 2018 👁 87.6 हज़ार बार देखी गई 💬 4 कमेंट ★ 3.4 (13)

स्वाद से भरपूर आलू चॉप  स्नैक्स चाय, कॉफी, कोल्ड ड्रिंक किसी के साथ में सर्व कीजिए, यह सभी को बहुत पसंद आएगा. साथ में चटनी और टमैटो सॉस इसके ज़ायके को और बढ़ा देता है.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Potato chop recipes

उबले हुए आलू - 4 (300 ग्राम)

बेसन - ½ कप (60 ग्राम)

मूंगफली के दाने - 2 टेबल स्पून (भूने हुए और दरदरे कुटे हुए)

अदरक - ½ इंच टुकड़ा (बारीक कटा हुआ)

हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)

गरम मसाला - ¼ छोटी चम्मच

अजवायन - ¼ छोटी चम्मच से थोड़ा कम

जीरा - ¼ छोटी चम्मच

लाल मिर्च पाउडर - ½ छोटी चम्मच

हल्दी पाउडर - ½ छोटी चम्मच

नमक - 1 छोटी चम्मच से कम या स्वादानुसार

धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच

बेकिंग सोडा - 1 पिंच

तेल - तलने के लिए

विधि - How to make Potato chop recipes

बेसन को एक बर्तन में निकाल लीजिये और इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गुठलियां खतम होने तक पकौड़े के घोल जैसा घोल बना कर तैयार कर लीजिए. (बेसन का घोल बनाने में आधा कप से भी कम पानी का उपयोग हुआ है). बेसन के घोल में ½ छोटी चम्मच से कम नमक, ¼ छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर, ¼ छोटी चम्मच से कम अजवायन और बेकिंग सोडा डाल कर सभी चीजों को अच्छे से मिलाते हुए मिक्स कर लीजिए. घोल बनकर तैयार है.

उबले आलू को छीलकर क्रश कर लीजिए.

पैन को गैस पर रखें और इसमें 2 छोटे चम्मच तेल डालकर गरम कीजिए. तेल गरम होने पर इसमें जीरा भूनने के लिए डाल दीजिए. जीरा भूनने के बाद इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, कद्दूकस किया हुआ अदरक, ¼ छोटी चम्मच हल्दी पाउडर और  ½ छोटी चम्मच धनिया पाउडर डाल कर मसालों को थोड़ा सा भून लीजिए.

अब इस मसाले में मैश किए हुए आलू डाल दीजिए, साथ में ¼ छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर, ¼ छोटी चम्मच गरम मसाला पाउडर और ½ छोटी चम्मच नमक डालकर सभी चीजों को मिक्स कर लीजिए.  आलू में बारीक कटा हरा धनिया, मूंगफली डालकर अच्छे से मिला दीजिए. आलू का मिश्रण बनकर तैयार है गैस बंद कर दीजिए. आलू मिश्रण को प्लेट में निकाल लीजिए और इसे ठंडा होने दीजिए.

potato chop recipes

गैस पर कढ़ाई रखें और उसमें तलने के लिये तेल डाल कर गरम करें. मिश्रण के ठंडा होने पर चम्मच से थोडा़ मिश्रण हाथ पर लीजिए और इसे गोल करके हथेली से चपटा करके टिक्की की शेप दे दीजिए. अब इसे प्लेट में रख दीजिए और सारे मिश्रण से इसी तरह से सारी टिक्की बना कर तैयार कर लीजिए.

जब तेल गरम हो जाय तो टिक्की के एक टुकड़े को बेसन के घोल में लपेट कर तेल मे डाल दीजिये. इसी तरह से दूसरे टुकड़े को भी बेसन में लपेट कर तेल में डाल दीजिए. ब्राउन होने पर कलछी से पलट दीजिये, और अब इन्हें  दूसरी तरफ भी ब्राउन होने दीजिए. 5 मिनिट बाद तेज फ्लेम पर तल लेने के बाद गैस की मध्यम कर दीजिए और इन्हें मध्यम आंच पर आलू चॉप को क्रिस्प होने तक और 2-3 मिनिट तल लीजिए. आलू चॉप दोनों तरफ से गोल्डन ब्राउन होकर तैयार हैं , आलू चॉप को कढ़ाई निकाल कर एक प्लेट में रख दीजिए. एक बार के आलू चॉप तलने में 7 से 8 मिनिट का समय लग जाता है. इसी तरह से सारे आलू चॉप तैयार कर लीजिये. इतने मिश्रण से 12-14 आलू चॉप बनकर तैयार हो जाते हैं.

गरमा गरम आलू चॉप को हरे धनिये की चटनी, टमैटो सॉस या अपनी मनपसंद चटनी के साथ सर्व कीजिए. शाम को स्नैक्स के रुप में चाय या कॉफी के साथ आप आलू चॉप का लुत्फ उठा सकते हैं.

सुझाव

  • बेसन का घोल न बहुत ज्यादा पतला हो और न बहुत ज्यादा गाढा़ हो.
  • आलू चॉप को तलने के लिए जब डालें तो तेल अच्छा गरम होना चाहिए और 4-5 मिनिट तेज फ्लेम पर तल लेने के बाद गैस की फ्लेम को मध्यम कर दीजिए और मध्यम गरम तेल में इन्हें अच्छा क्रिस्प होने तक तल कर निकाल लीजिए
  • बेसन के घोल में थोड़ा सा चावल का आटा, सूजी, या कार्नफ्लोर भी मिला सकते हैं.
  • मूंगफली के दाने नहीं डालना चाहें तो हटा सकते हैं.

Aloo Chop | आलू चॉप चटपटा मसालेदार स्ट्रीटफूड | Kolkata Style Aloor Chop

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
3.4 / 5 (13 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (4)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

Rita Sharma
very yummy recipe....
NishaMadhulika
बहुत बहुत धन्यवाद Rita Sharma
Shelly
Mam aap fry ke baad oil ko kaise use karti hai or phenk deti hai
NishaMadhulika
शैली जी, तेल को फिर किसी सब्जी बनाने या तलने के लिए उपयोग कर सकते हैं.