फूला फूला सूजी का ढोकला । Instant Rava Dhokla। Suji ka Dhokla

📅 13 जून 2018 👁 4.5 लाख बार देखी गई 💬 18 कमेंट ★ 3.1 (43)

सूजी और दही के मिश्रण से बना ढोकला एक टेस्टी फूड तो होगा ही, जो आपकी भूख तो मिटाएगा साथ ही आपको हेल्दी भी रखेगा.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Instant Rava Dhokla​​​​​​​

  • रवा(सूजी) - 1 कप (200 ग्राम)
  • दही - 1 कप (फैंटा हुआ) (½ छोटी चम्मच अदरक पेस्ट और 1 हरी मिर्च दही में डली हुई)
  • ईनो फ्रूट सॉल्ट - 1 छोटी चम्मच
  • नमक - ¾ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
  • चीनी - ¾ छोटी चम्मच (अॉप्शनल)
  • तेल - 2 टेबल स्पून
  • काली सरसों के दाने - ½ छोटी चम्मच
  • तिल - 1 छोटी चम्मच
  • करी पत्ता - 10-12
  • हरी मिर्च - 2

विधि - How to make Instant Rava Dhokla

सूजी का ढोकला बनाने के लिए, सूजी को प्याले में निकाल लीजिए. फैंटा हुआ दही (दही में अदरक का पेस्ट और हरी मिर्च बारिक काट कर डाल दीजिए और मिक्सर जार में डाल कर फैंट लीजिए). सूजी में डाल कर मिक्स कीजिए. बैटर में थोडा़ थोडा़ पानी डालते हुए इडली के बैटर जैसा गाढा़ तैयार कर लीजिए (बैटर में ½ कप से भी थोड़े कम पानी का यूज हुआ है). बैटर मिक्स होकर तैयार है इसे 10 मिनिट के लिए रख दीजिए.

ढोकला को पकाने के लिए एक बड़े बरतन में 2-3 कप पानी गरम होने के लिए रख दीजिए. बर्तन के अंदर स्टैंड रख दीजिए  ढोकला बनाने के लिए ऐसा बरतन लीजिए जिसमें ढोकला का कंटेनर आराम से रखा जा सके.

10 मिनिट बाद बैटर फूल कर तैयार है. बैटर में नमक और पाउडर चीनी डाल कर मिक्स कर दीजिए. अब इस बैटर में 1 छोटी चम्मच ईनो फ्रूट सॉल्ट और इसके ऊपर 1 छोटी चम्मच पानी डाल कर इसे मिक्स कर दीजिए. ईनो डालकर बैटर को बहुत ज्यादा फैंटना नहीं होता है. जैसे ही बैटर में बबल दिखाई दें बैटर फूला हुआ दिखें बैटर को मिक्स करना बंद कर दीजिए.

rava dhokla recipes

ढोकला बनाने के लिए कंटेनर लीजिए और इस कंटेनर को तेल लगाकर अंदर चिकना कर लीजिए. अब बैटर को इस कंटेनर में डाल दीजिए.

बरतन में रखे पानी को चैक कीजिए. पानी में उबाल आने पर इसमें ढोकला कंटेनर रख दीजिए और बर्तन को ढक कर ढोकला को 20 मिनिट पकने दीजिए.

20 मिनिट बाद ढोकला को चैक कीजिए, ढोकला अच्छा फूला दिखाई दे रहा है. (ढोकला पूरी तरह पक गया है उसके लिये आप ढोकला में चाकू गड़ा कर देख लीजिये, अगर चाकू में मिश्रण नहीं चिपकता है, तब ढोकला पक गया है). गैस बन्द कर दीजिये.

ढोकला कंटेनर को बर्तन से निकालिये और जाली स्टैण्ड पर रख दीजिए. ढोकला ठंडा होने दीजिए.  ठंडा होने पर, चाकू की सहायता से ढोकला को बर्तन से चारों ओर से निकालते हुए अलग कर लीजिये. कंटेनर के ऊपर प्लेट रखें और इसे पकड़ कर उलट दीजिए ढोकला प्लेट में निकल आएगा.  

तड़का लगाइए

तड़के के लिए, छोटा सा पैन गैस पर रखिए और इसमें 2 टेबल स्पून तेल डालकर गरम कीजिए. गरम तेल में राई डालकर तड़का लीजिए. राई के तड़कते ही करी पत्ते, तिल और लम्बाई में कटी हुई 2 हरी मिर्च डाल दीजिए. गैस बंद कर दीजिए और तैयार तड़के को चम्मच से ढोकले के ऊपर डाल दीजिए.

ढोकला को मन पसंद आकार में काट लीजिए, स्पंजी और स्वाद में बेमिसाल ढोकला को मूंगफली की चटनी, नारियल की चटनी या अपनी मनपसंद किसी भी चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं. यह ढोकला तो बिना किसी चटनी के भी खा सकते हैं. इसका स्वाद आपको बहुत अच्छा लगेगा.

सुझाव

  • ढोकला बनाने के लिए बैटर बहुत ज्यादा पतला या बहुत ज्यादा गाढ़ा नहीं होना चाहिए.
  • ढोकला को तेज आंच पर पकने के लिए रखें जब भाप बहुत अधिक बन रही हो तो गैस को मध्यम कर दीजिए और मीडियम आंच पर ही ढोकला को 20 मिनिट पका लीजिए.
  • ईनो फ्रूट साल्ट डालने के बाद बैटर को बहुत ज्यादा न फैंटे, सिर्फ बब्बल दिखने तक ही मिक्स कीजिए. अगर ईनो साल्ट डालकर आप मिश्रण को ज्यादा देर तक चमचे से चलाते रहेंगे, एअर बबल निकल जाने के कारण ढोकला पर्याप्त नहीं फूलेगा.
  • अगर आप चीनी नही डालना चाहें तो हटा सकते हैं.

Instant Rava Dhokla | एकदम फूला फूला सूजी का ढोकला झटपट बनायें । Suji ka Dhokla

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
3.1 / 5 (43 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (18)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

praveen poonia
वाक़ई निशा जी आपकी रेसिपी बेमिशाल है , आपकी कला की प्रसंसा करे उतना कम है जी
NishaMadhulika
बहुत बहुत धन्यवाद praveen poonia
Surbhi
Please tell me is it possible to make without eno fruit salt
NishaMadhulika
सुरभी जी, आप इसे बिना ईनो के भी बना सकती हैं. आप इसमें ईनो के बदले बेकिंग सोडा का उपयोग कर सकते हैं.
Suhana bansal
Waao its so yammi mam u r to good i m yours big fan
NishaMadhulika
सुहाना जी, बहुत बहुत धन्यवाद आपका.
priyanka
dhokle ka batter holes wale plate me rakhna hai ya koi bhi container me ??? and paani ke bartan me dhokle ko dhakna hai ya khula hi ? matlab ki sirf steamer ka dhkkan lagana hai ya ander dhokla bhi band container me rakhna hai?
NishaMadhulika
प्रियंका जी, आप कोई भी कंटेनर ले सकती हैं और सिर्फ स्टीमर को ही ढकना है.
Kamlesh verma
Apki btai hui koi bhi recipe aasani se taiyar ho jati ha.so thanks for dhokla and others........
..
NishaMadhulika
कमलेश जी, मुझे खुशी है की आपको रेसिपी पसंद आई बहुत बहुत धन्यवाद आपका.
Jyoti sengar
Bhut achhi recipi h
NishaMadhulika
बहुत बहुत धन्यवाद Jyoti sengar
deepali
Nishaji , I like your recipes .They are easy to cook and yummy..!!!

I have a query. While making dhokla we need to use "Mota suji or barik Suji" ?

Thanks
NishaMadhulika
deepali जी, इसमें बारीक सूजी का उपयोग किया है.
Sarbjit kaur
V.good and light to eat. But kya yeh yeh dhokla geela nhi bna skte i mean tarka mein neembu cheene vgrh nhi daal skte
NishaMadhulika
सरबजीत जी, आप अपने स्वादानुसार बदलाव कर सकते हैं.
Bishal Tanti
Aunt mene suji ka rava dhokla banaya bohot hi acha or soft banahe
Thanks aunt for osm recipe
NishaMadhulika
Bishal Tanti जी, मुझे खुशी है की आपको रेसिपी पसंद आई अपने अनुभव हमारे साथ शेयर करने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद.