गुलाब जामुन की शाही सब्जी । Gulab Jamun Curry। Rajasthani Gulab Jamun Ki Sabzi

गुलाब जामुन की सब्जी एकदम अलग और नई रेसिपी है, जिसे आप किसी भी पार्टी या किसी स्पेशल दिन बनाएं और इसके अनोखे स्वाद का मजा उठाएं.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Gulab Jamun Curry
- मावा- ¾ कप (150 ग्राम)
- पनीर- ¼ कप (50 ग्राम)
- अरारोट- ¼ कप (25 ग्राम)
- काजू- 20
- टमाटर- 3 (250 ग्राम)
- हरी मिर्च- 2
- फैंटा हुआ दही- ½ कप
- तेल- गुलाब जामुन तलने और ग्रेवी के लिए
- हरा धनिया- 2 से 3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- हरी मिर्च- 1 (लंबाई में 4 भाग की हुई)
- जीरा- ½ छोटी चम्मच
- हल्दी पाउडर- ½ छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर- 1 छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर- ½ छोटी चम्मच
- अदरक का पेस्ट- 1 छोटी चम्मच
- कसूरी मेथी- 2 छोटी चम्मच
- गरम मसाला- ¼ छोटी चम्मच
- नमक- 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
विधि - How to make Gulab Jamun Curry
टमाटर, हरी मिर्च और 15 काजू को बारीक पीसकर पेस्ट बना लीजिए.
गुलाब जामुन बनाएं
मावा और पनीर को प्लेट में डालकर इसे क्रम्बल कर लीजिए. इन्हें हथेली से मैश करते हुए मिलाते हुए चिकना कर लीजिए. थोड़ा सा मैश करने के बाद, इसमें अरारोट डाल दीजिए. सभी चीजों को मिलाते हुए और मैश करते हुए चिकना मिश्रण तैयार कर लीजिए.
मिश्रण में से थोड़ा सा मिश्रण लीजिए और एकदम चिकने गोले बनाकर तैयार कर लीजिए. गोलों में दरार नही पड़नी चाहिए. इतने मिश्रण से 15 गुलाब जामुन तैयार हो जाते हैं.

गुलाब जामुन तलने के लिए कढ़ाही में तेल डालकर गरम कीजिए. एक गुलाब जामुन तेल में डालकर देख लीजिए. गुलाब जामुन तलने के लिए मध्यम गरम तेल और आंच भी मध्यम और धीमी होनी चाहिए. गुलाब जामुन को घुमा घुमाकर चारों ओर से अच्छा गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिए. तलने के बाद, गुलाब जामुन को कलछी पर कढ़ाही के किनारे रोककर रखिए ताकि अतिरिक्त तेल कढ़ाही में ही वापस चला जाए और फिर एक प्लेट में नैपकिन पेपर बिछाकर इसे रख लीजिए. सारे गुलाब जामुन इसी तरह से तलकर तैयार कर लीजिए. एक बार के गुलाब जामुन तलने में 5 मिनिट लगते हैं.
ग्रेवी बनाएं
पैन गरन करके इसमें 2 से 3 टेबल स्पून तेल डाल दीजिए. तेल गरम होने पर इसमें जीरा, हल्दी पाउडर डाल दीजिए. गैस कम कर दीजिए ताकि मसाले जले ना. फिर, इसमें अदरक का पेस्ट, धनिया पाउडर, कसूरी मेथी और लंबाई में कटी हरी मिर्च को डालकर मसाले को हल्का सा भून लीजिए.
फिर, मसाले में काजू-टमाटर-हरी मिर्च का पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर डाल दीजिए और मसाले के ऊपर तेल ना तैरने तक इसे मध्यम आंच पर भून लीजिए.
साबुत काजू को मोटा-मोटा काट लीजिए. काजू को भी मसाले में डालकर इसे भून लीजिए.

मसाले से तेल अलग होने पर इसमें फैंटा हुआ दही धीरे-धीरे डालते हुए लगातार चलाते हुए तेज आंच पर तब तक पकाएं, जब तक कि इसमें उबाल ना आ जाएं. बाद में, इसमें 1 कप पानी डालकर मिला दीजिए और ग्रेवी में उबाल आने दीजिए. फिर, इसमें नमक, गरम मसाला और हरा धनिया डालकर मिक्स कर दीजिए. ग्रेवी को ढककर 3 मिनिट के लिए धीमी आंच पर पकने दीजिए.
बाद में इसमें गुलाब जामुन डालकर मिक्स कीजिए और ढककर 1 मिनिट के लिए धीमी आंच पर पकने दीजिए.
सब्जी बनकर तैयार है, इसे प्याले में निकाल लीजिए. सब्जी को हरे धनिये से गार्निश कर दीजिए. स्वादिष्ट गुलाब जामुन की सब्जी को गरमागरम सर्व करें. अगर आप ग्रेवी पहले बनाना चाहे, तो बनाकर रख सकते हैं और जब सब्जी सर्व करें, उस समय गरम करते समय गुलाब जामुन डालकर 1 मिनिट ढककर गरम करें.
4 से 5 सदस्यों के लिए पर्याप्त
सुझाव
- मिश्रण को अच्छे से मैश करते हुए चिकने गोले बनाएं.
- गुलाब जामुन को मीडियम गरम तेल और मध्यम धीमी आंच पर तलें.
- गुलाब जामुन तेल में डालने के तुरंत बाद कलछी ना लगाएं, वरना ये फट सकते हैं. इन्हें थोड़ा सा सिकने के बाद ही हल्के हाथ से घुमाते हुए सेकें.
- यदि गुलाब जामुन तलते समय फट जाएं, तो मिश्रण में अरारोट की मात्रा कम है. ऎसे में थोड़ा सा अरारोट और मिला लीजिए और इसे फिर से मसलकर मिश्रण तैयार कीजिए.
- अरारोट की जगह कॉर्न फ्लोर भी यूज कर सकते हैं.
- कसूरी मेथी बनाने का तरीका हमारी वेबसाइट और चैनल पर देख सकते हैं.
- लाल मिर्च की मात्रा आप अपने स्वाद के अनुसार बढ़ा सकते हैं.
- लहसुन प्याज डालना चाहे, तो जीरा भुनने के बाद, तेल में 1 प्याज और 4 से 5 लहसुन की कलियां बारीक काटकर गुलाबी होने तक भून लीजिए.
- मसाले में दही थोड़ा थोड़ा करके ही डालें और लगातार चलाते हुए तेज आंच पर पकाएं वरना दही फट सकता है.
- ग्रेवी के लिए ताजा दही लें, तो ग्रेवी ज्यादा खट्टी नही होगी.
- नमक सबसे बाद में ही डालें, ताकि ग्रेवी फटे ना.
- गुलाब जामुन को ग्रेवी में डालने के बाद बहुत ज्यादा ना पकाएं.
Gulab Jamun Curry | गुलाब जामुन की शाही सब्जी । Rajasthani Gulab Jamun Ki Sabzi
कमेंट (6)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।