आम की खीर | Mango Kheer Recipe | Mango Payasam

गर्मियों के मौसम में विशेष रूप से तैयार आम की खीर, बच्चों को खूब भाती है. इसे ठंडा या गरम जैसे चाहे परोस सकते हैं, स्वाद में उम्दा ही लगती है.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Mango Payasam
- फूल क्रीम दूध - 1 लीटर
- पका आम - 1 (कप) (पल्प)
- पका आम - ½ (कप) (बारीक कटा हुआ)
- छोटा चावल - ¼ कप (भिगोकर लिया हुआ)
- चीनी - ½ कप
- इलायची पाउडर - ¼ छोटी चम्मच
- काजू - 8-10
- बादाम - 8-10
विधि - How to make Mango Kheer
किसी बड़े बर्तन में दूध उबालने के लिए गैस पर रख दीजिए. इसी बीच, काजू को थोड़ा मोटा-मोटा और बादाम को पतला-पतला काटकर तैयार कर लीजिए.
दूध में उबाल आने पर गैस धीमा कर दीजिए और दूध में चावल डाल दीजिए. इन्हें थोड़ी-थोड़ी देर में चलाते हुए पका लीजिए. दूध के अच्छे से गाढ़ा हो जाने, चावल दूध में पक जाने पर इसमें थोड़े से कटे हुए काजू और बादाम डाल कर मिक्स कर दीजिए और खीर को चलाते हुए 4-5 मिनिट पकने दीजिए.

खीर के अच्छे से गाढी़ होने और चावल भी दूध में अच्छे से पक कर एकसार होने पर इसमें चीनी और इलायची पाउडर डालकर मिक्स कर दीजिए. खीर को एकदम धीमी आंच पर 1-2 मिनिट और पका लीजिए. बाद में, गैस बंद कर दीजिए.
खीर को गैस पर से उतार कर जाली स्टैंड पर रख दीजिए और खीर को थोड़ा ठंडा होने दीजिए.
खीर के थोड़ा ठंडा हो जाने पर इसमें आम का पल्प डालकर मिला दीजिए. साथ ही बारीक कटे हुए आम के टुकड़े भी डाल कर मिक्स कर दीजिए. आम की खीर को प्याले में निकाल लीजिए. इसके ऊपर से काजू-बादाम और आम के टुकड़े डाल कर सजाएं.
स्वाद से भरपूर आम की खीर को जब चाहें ठंडा या गरम परोसिए और खाइये.
सुझाव
- चीनी आप अपनी पसंद अनुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं.
- आम के पल्प के लिए कोई भी ऎसा आम ले सकते हैं जिसमें रेशे नहीं हों.
- खीर को पकाते समय थोड़ी-थोडी़ देर में उसे चलाते रहें और चमचे को बर्तन के तले तक ले जाते हुए खीर को चलाएं. ध्यान रखे कि खीर बर्तन के तले पर न लगने पाए.
कमेंट (8)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।