ढाबा स्टाइल आलू पराठा - Aloo Paratha Recipe - Dhaba Style Punjabi Aloo Paratha - Potato Stuffed Paratha

📅 26 जनवरी 2018 👁 71 हज़ार बार देखी गई 💬 10 कमेंट ★ 1.9 (9)

गरमागरम आलू के परांठे मिल जाए, तो दिन ही बन जाता है. ये पराठे लगभग सभी को पसंद आते हैं. आलू के भरवां पराठे बच्चों को टिफिन में उनकी मनपसंद चटनी के साथ पैक कर दें, बच्चे टिफिन खाली ही वापस लाते हैं. 

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Potato Stuffed Paratha

  • गेहूं का आटा- 2 कप (300 ग्राम)
  • उबले आलू- 5 (350 ग्राम)
  • हरा धनिया- 2 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
  • तेल- 3 से 4 टेबल स्पून
  • अदरक- 1 छोटी चम्मच (कद्दूकस किया हुआ)
  • हरी मिर्च- 2 (बारीक कटी हुई)
  • धनिया पाउडर- 1 छोटी चम्मच
  • गरम मसाला- ¼ छोटी चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
  • अमचूर- ½ छोटी चम्मच
  • नमक- 1 छोटी चम्मच से ज्यादा या स्वादानुसार

विधि - How to make Dhaba Style Punjabi Aloo Paratha

प्याले में आटा लेकर इसमें ½ छोटी चम्मच नमक और 1 छोटी चम्मच तेल डालकर मिक्स कर लीजिए. थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए सादे पराठे के जैसा नरम आटा गूंथ लीजिए. इतना आटा लगाने में 1 कप से थोड़ा कम पानी का इस्तेमाल हुआ है. आटे को सैट होने के लिए 20--25मिनिट तक ढककर रख दीजिए.

स्टफिंग बनाएं
स्टफिंग बनाने के लिए आलू को छीलकर बारीक तोड़ लीजिए. इसमें ½ छोटी चम्मच नमक, लाल मिर्च पाउडर, हरी मिर्च, धनिया पाउडर, अमचूर, अदरक और हरा धनिया डाल दीजिए. सभी मसालों को आलू में अच्छे से मिक्स कर लीजिए.

आटा सैट होने पर हाथ को तेल से चिकना करके आटे को थोड़ा सा मसल लीजिए. इसमें से थोड़ा सा आटा तोड़कर गोल लोई बना लीजिए. लोई को सूखे आटे में लपेटिए और 3 से 4 इंच के व्यास में बेल लीजिए. इसके लोई के बराबर ही स्टफिंग भर लीजिए और लोई को चारों ओर से उठाकर स्टफिंग को अच्छे से बंद कर दीजिए. इसे अंगुलियों से अच्छे से दबा लीजिए ताकि इसके अंदर स्टफिंग एकसार हो जाए. भरी हुई लोई को सूखे आटे में लपेटिए और हल्का दबाव देते हुए पराठे को थोड़ा मोटा ही बेलकर तैयार कर लीजिए.

पराठा सेकने के लिए तवा गरम कीजिए. गरम तवे पर थोड़ा सा तेल डालकर चारों ओर फैला दीजिए. परांठे को तवे पर डाल दीजिए और पराठे की निचली सतह सिकने दीजिए. इसी बीच, दूसरा पराठा इसी तरह बेल लीजिए. तवे पर सिक रहे पराठे को पलट दीजिए और जब पराठे के दूसरी ओर से हल्की ब्राउन चित्ती आते हुए सिक जाए तब पहली सतह पर थोड़ा सा तेल डालकर चारों तरफ फैला दीजिए. परांठे को पलटकर दूसरी तरफ भी तेल डालकर फैलाइए और परांठे को किनारों पर हल्का सा दबाव देते हुए दोनों ओर ब्राउन चित्ती आने तक मध्यम आंच पर सेक लीजिए. सिके पराठे को किसी प्लेट पर रखी प्याली पर रख लीजिए. सारे पराठे इसी तरह सेककर तैयार कर लीजिए.

आलू के करारे-करारे भरवां पराठों को दही, मक्खन, चटनी, अचार या किसी भी ग्रेवी वाली सब्जी के साथ परोसिए.

सुझाव

  • पराठे में स्टफिंग अपनी पसंद के हिसाब से थोड़ी कम या ज्यादा भर सकते हैं लेकिन बहुत ज्यादा स्टफिंग ना डालें. स्टफिंग लोई के बराबर या उससे थोड़ी ज्यादा भर सकते हैं. स्टफिंग को अच्छे से बंद करें.
  • पराठे बेलते समय पराठे पर ज्यादा दबाव ना डालें और पराठे को पतला भी ना बेलें वरना स्टफिंग बाहर आ सकती है.
  • एकदम गरम पराठा प्लेट में ना रखें. इससे पराठा नीचे से गिलगिला हो सकता है.

Aloo Paratha Recipe - Dhaba Style Punjabi Aloo Paratha - Potato Stuffed Paratha

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
1.9 / 5 (9 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (10)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

faheem
Thank you Nisha Madhulika ji !!!!
NishaMadhulika
faheem जी, बहुत बहुत धन्यवाद एवं आभार.
मानस शर्मा
स्टफिंग को पराठे के चारो ओर कैसे फैलाए ।।
जब पराठा बनता है तब मसाला चारो तरफ नही फैलता है
NishaMadhulika
मानस शर्मा जी, लोई के बराबर ही स्टफिंग भर लीजिए और लोई को चारों ओर से उठाकर स्टफिंग को अच्छे से बंद कर दीजिए. इसे अंगुलियों से अच्छे से दबा लीजिए ऎसा करने से स्टफिंग परांठे में चारों ओर अच्छे से फैल जाती है.
देवज्ञ सुथार
aaj banaunga ise
NishaMadhulika
देवज्ञ सुथार जी, बहुत बहुत धन्यवाद और रेसिपी कैसी बनी अपने अनुभव हमारे साथ जरूर शेयर कीजिएगा.
hema patel
bahut acha bana h mam AAP MAINE BAHUT SARI RECIPE SEEKHA H
NishaMadhulika
बहुत बहुत धन्यवाद hema patel
Amit
tasty paratha mam
NishaMadhulika
अमित जी, बहुत बहुत धन्यवाद.