ब्रेड पिज़्ज़ा पॉकेट्स | Bread Pizza Pockets | Bread pizza rolls Recipe

📅 25 मई 2018 👁 31 हज़ार बार देखी गई 💬 6 कमेंट ★ 3.2 (11)

बच्चों की पिज़्ज़ा के फ्लेवर से मिलते जुलते स्नैक्स की फरमाइश हो, तो तुरंत ब्रेड पिज़्ज़ा पॉकेट्स गरमागरम बनाकर सर्व कीजिए. मज़ेदार स्टफिंग से तैयार ये क्रिस्पी पिज़्ज़ा पॉकेट्स खाकर बच्चे तो क्या बड़े भी खुश हो जाएंगे. 

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Bread pizza rolls Recipe

  • व्हाईट ब्रेड- 8 स्लाइस
  • शिमला मिर्च- ¼ कप (बारीक कटी हुई)
  • गाजर- ¼ कप (बारीक कटी हुई)
  • स्वीट कॉर्न- ½ कप 
  • टमाटर- 1 (बारीक कटा हुआ)
  • मोज़ेरीला चीज़- ½ कप (कद्दूकस किया हुआ)
  • टमैटो सॉस- 2 टेबल स्पून
  • अॉरिगेनो- ½ छोटी चम्मच
  • नमक- ½ छोटी चम्मच से ज्यादा या स्वादानुसार
  • अदरक- ½ इंच टुकड़ा (बारीक कटा हुआ)
  • मैदा- 4 से 5 टेबल स्पून
  • तेल- तलने के लिए

विधि - How to make Bread Pizza Pockets

स्टफिंग तैयार कीजिए
पैन गरम करके 2 छोटे चम्मच तेल डाल दीजिए. तेल गरम होने पर इसमें अदरक डालकर हल्का सा भून लीजिए. फिर, गाजर, शिमला मिर्च और स्वीट कॉर्न डालकर लगातार चलाते हुए 2 मिनिट भून लीजिए. बाद में, इसमें टमाटर, ½ छोटी चम्मच नमक, अॉरिगेनो डालकर चलाते हुए थोड़ा और पका लीजिए. टमैटो सॉस डालकर मिक्स कीजिए और स्टफिंग तैयार है. स्टफिंग के ठंडे होने पर इसमें मोज़ेरीला चीज़ अच्छे से मिला दीजिए. 

मैदा का घोल बनाइए
मैदा का घोल बनाने के लिए एक प्याली में मैदा लेकर इसमें पहले थोड़ा पानी डालकर गुठलियां खत्म होने तक घोल लीजिए. बाद में इसमें पानी बढ़ाकर इसे पतला कर लीजिए और ¼ छोटी चम्मच से भी कम नमक डालकर मिला लीजिए. 

पिज़्ज़ा पैकट्स तैयार कीजिए
सभी ब्रेड के किनारे काट लीजिए और ब्रेड को बेलन से बेलकर पतली शीट बना लीजिए. ब्रेड की शीट उठाकर इसके आधे हिस्से के बीच में 1 से 1.5 चम्मच स्टफिंग रखिए. किनारों पर मैदा का घोल लगाइए और फोल्ड करके किनारों को अच्छे से चिपका दीजिए. पैकेट को एक जैसा करने के लिए चाकू से किनारों से पतला काटकर हटा दीजिए और तैयार पैकेट को प्लेट में रख लीजिए. इसी तरह सारे पॉकेट्स भरकर तैयार कर लीजिए.

पॉकेट्स तलिए
कढ़ाही में तेल में गरम होने रख दीजिए. पॉकेट्स तेल ना सोखे, इसलिए पैकेट पर ब्रश से मैदा के घोल की कोटिंग कर दीजिए और मध्यम गरम तेल में 1 से 2 पॉकेट्स डालकर मध्यम आंच पर तल लीजिए. जैसे ही ब्रेड पिज़्ज़ा पॉकेट्स गोल्डन ब्राउन हो जाएं, इनको कलछी पर कढ़ाही के किनारे थोड़ी देर रोककर प्लेट में रख लीजिए. सारे पिज़्ज़ा पॉकेट्स ऎसे ही तैयार कर लीजिए. एक बार के पिज़्ज़ा पैक तैयार करने में 3 से 4 मिनिट लग जाते हैं.

ऊपर से क्रिस्पी और अंदर से नरम स्टफिंग के पिज़्ज़ा पॉकेट्स को मस्टर्ड सॉस, टमैटो सॉस या अपनी मनपसंद चटनी के साथ सर्व कीजिए. 

सुझाव

  • अगर आप तीखा खाना पसंद करते हैं, तो स्टफिंग में ¼ छोटी चम्मच काली मिर्च या ¼ छोटी चम्मच चिली फ्लेक्स या 1 से 2 बारीक कटी हरी मिर्च डाल सकते हैं.
  • ब्रेड के अलग किए किनारों से ब्रेड क्रम्ब्स, ब्रेड पोहा या इनको तलकर स्नैक्स भी बना सकते हैं.
  • ताजी ब्रेड आसानी से बेली जाती है. अगर ब्रेड रखी हुई है, तब इस पर थोड़ा सा पानी छिड़ककर इसे बेल लीजिए. 
  • ब्रेड को अच्छे से चिपकाएं वरना ये तेल में तलते समय खुल सकती है और स्टफिंग बाहर आ जाएगा और तेल खराब हो जाएगा. 
  • मैदा की कोटिंग करने से पॉकेट्स के छेद बंद हो जाते हैं और ये तेल नही सोखते हैं. 
  • पॉकेट्स को मध्यम गरम तेल और मध्यम आंच पर तलें. 

Bread Pizza Pockets | ब्रेड पिज़्ज़ा पॉकेट्स | Bread pizza rolls Recipe

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
3.2 / 5 (11 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (6)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

divya
awesome recipe aunty. Thanks for the receipe
NishaMadhulika
divya ,You are most welcome
Rizwana
Mamm mozerila chhez ki jagah cheez slice dal sakte hai kya
NishaMadhulika
Rizwana जी, कर सकते हैं.
Rizwana
Mam mozerila chezz nhi dalu to chlega please jaldi reply kariye
NishaMadhulika
Rizwana जी, हां बिना चीज के भी बना सकते हैं.