सोडा वाटर से बने इन्स्टैंट भटूरे | Bhatura recipe with soda water | Instant Bhature

📅 21 मई 2018 👁 68.6 हज़ार बार देखी गई 💬 4 कमेंट ★ 2.9 (8)

सोडा वाटर से बने इन्स्टैंट भटूरे- एकदम फूले-फूले और क्रिस्पी. आप एक बार इस रेसिपी को ट्राई करेंगे, तो हर बार सोडा वाटर का यूज करके ही फटाफट से भटूरे बनाना चाहेंगे. 

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Bhatura recipe with soda water

  • मैदा- 2 कप (250 ग्राम)
  • सोडा वाटर- 1 बोतल
  • तेल- 1 टेबल स्पून और भटूरे तलने के लिए
  • सूजी- ¼ कप (40 ग्राम)
  • नमक- ½ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
  • चीनी- 1 छोटी चम्मच

विधि - How to make Instant Bhature

मैदा में सूजी, नमक, चीनी और 1 टेबल स्पून तेल डालकर अच्छे से मिक्स कर लीजिए. 1 कप सोडा वाटर लेकर थोड़ा-थोड़ा मैदा में डालते हुए एकदम रोटी के आटे जैसा नरम आटा गूंथ लीजिए. इसके बाद, हाथ को थोड़े से तेल से चिकना करके 3 से 4 मिनिट आटे को मसल लीजिए. इतना आटा लगाने में 1 कप में 1 टेबल स्पून कम सोडा वाटर लगा है. आटे को फूलने के लिए ढककर आधे घंटे रख दीजिए. 

भटूरे बनाने के लिए कढ़ाही में तेल गरम करने रख दीजिए. हाथ पर थोड़ा सा सूखा मैदा लगाइए और आटे से नींबू के बराबर एक लोई तोड़कर गोल करके रख लीजिए. सारे आटे से इसी तरह गोल लोइयां तैयार करके सूखे मैदे में लपेटकर रख लीजिए. भटूरे अपनी पसंद के अनुसार थोड़े छोटे या बड़े बना सकते हैं. 

एक लोई उठाकर चकले पर रखकर इसे थोड़ा हाथ से दबा लीजिए. फिर, इसे बेलन से दबाव देते हुए थोड़ा सा बेल लीजिए. हाथ से उठाकर वापस चकले पर रखने पर भटूरा थोड़ा सा सिकुड़ जाता है. इसलिए भटूरे को उठाने के बजाय बेलन से ही अलग-अलग दिशा में, जहां भी यह मोटा दिख रहा है, वहां से बेल लीजिए. 

तेल गरम होते ही इसे चैक कीजिए और भटूरे को तलने के लिए डाल दीजिए. आप चाहे तो हाथ में भटूरे को थपथपाकर भी तलने के लिए डाल सकते हैं. जैसे ही भटूरा तलकर ऊपर आए, इसको कलछी से हल्का सा दबाकर फुला लीजिए. भटूरे को अच्छे से फूल जाने के बाद पलट दीजिए और इसे दोनों ओर से हल्का गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिए.
 
भटूरे के तल जाने पर, भटूरे को कलछी पर उठाकर तिरछा करके कढ़ाही के किनारे पर ही रोक लीजिए ताकि इससे अतिरिक्त तेल कढ़ाही में ही वापस चला जाए और भटूरे को प्लेट में रख लीजिए. सारे भटूरे इसी तरह बना लीजिए. इतने आटे से 9 भटूरे तैयार हो जाते हैं.

एकदम करारे और फूले-फूले  सोडा वाटर से बने इन्स्टैंट भटूरों को छोले, चटनी और अचार के साथ परोसिए और चाव से खाइए. 

सुझाव

  • एकदम फ्रेश सोडा वाटर यूज करें और आटा गूंथते समय ही सोडा वाटर बोतल खोलें. 
  • भटूरे ओवल या गोल अपनी पसंद के अनुसार बना सकते है. 
  • भटूरे को हल्का सा मोटा रखें. 
  • भटूरों को एकदम गरम तेल में तलने के लिए डालें और भटूरे का जो भाग फूलता जाए, उसे तुरंत कलछी से दबा दें, भटूरे बहुत अच्छे फूले तैयार होते हैं. 

Bhatura recipe with soda water | सोडा वाटर से बने इन्स्टैंट भटूरे | Instant Bhature

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
2.9 / 5 (8 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (4)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

Ram
Bahut hi lajawab laga. Heartly thanks.
NishaMadhulika
Ram जी, मुझे खुशी है की आपको रेसिपी पसंद आई. बहुत बहुत धन्यवाद आपका.
Aruna kakus
बचे हुएआटे को next day kaam Mai le sakte hai kya
NishaMadhulika
अरुण जी, हां आप आटे को फ्रिज में रखकर उपयोग में ला सकते हैं.