लौकी के गट्टे की सब्ज़ी | Lauki Gatta Curry | Lauki ke Gatte Banane ki Vidhi

लौकी के गट्टे की सब्जी बनाने पर एक तीर से दो शिकार हो जाते हैं. सब्जी तो बन ही जाती है, थोड़े से ज्यादा गट्टे बना लिए जाए, तो स्नैक्स का भी तैयार हो जाता है.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Lauki ke Gatte
- बेसन- 1 कप (100 ग्राम)
- कद्दूकस की हुई लौकी- ½ कप (300 ग्राम)
- फैंटा हुआ दही- ½ कप से ज्यादा
- टमाटर- 3 (300 ग्राम)
- हरी मिर्च- 2
- अदरक- ½ इंच टुकड़ा
- हरा धनिया- 2 से 3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- तेल- 3 से 4 टेबल स्पून
- कसूरी मेथी- 1 छोटी चम्मच
- हींग- ½ पिंच
- जीरा- ¼ छोटी चम्मच
- अजवायन- ¼ छोटी चम्मच
- हल्दी पाउडर- ½ छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर- ½ छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर- 1.5 छोटी चम्मच
- गरम मसाला- ¼ छोटी चम्मच से कम
- बेकिंग सोडा- 1 पिंच
- नमक- 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
विधि - How to make Lauki Gatta Curry
लौकी के गट्टे बनाने के लिए पहले टमाटर, हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट तैयार करके रख लीजिए.
बड़े प्याले में बेसन और लौकी लीजिए. इसमें ¼ छोटी चम्मच नमक, ¼ छोटी चम्मच हल्दी पाउडर, जरा सा लाल मिर्च पाउडर और ½ छोटी चम्मच धनिया पाउडर डाल दीजिए. साथ ही अजवायन को मसलकर, 2 छोटी चम्मच तेल और बेकिंग सोडा भी डाल दीजिए. सारी सामग्रियों को अच्छे से मिलाकर हाथ पर तेल लगाकर इसे मसलकर नरम गूंथ लीजिए. इसे ढककर 10 मिनिट के लिए रख दीजिए.
बाद में, हाथ पर थोड़ा सा तेल लगाकर चिकना करके गुंथे बेसन को लंबाई में बढ़ाकर थोड़े छोटे छोटे आकार मे इसे तोड़ लीजिए. हाथ को तेल से अच्छे से चिकना करके इन टुकड़ों को हाथ से घुमाते हुए बढ़ाते हुए ½-¾ इंच की मोटाई के लंबे डंडे का आकार दे दीजिए और किनारों को एक जैसा कर दीजिए.

भाप में पकाएं
बर्तन में 2 कप पानी डालकर ढककर उबलने रख दीजिए. एक छलनी को तेल से चिकना करके इसमें थोड़ी-थोड़ी दूरी पर गट्टे लगा दीजिए. पानी में उबाल आने पर इस छलनी को बर्तन पर रखिए और इसे ढककर 12 मिनिट तक तेज आंच पर भाप में पकने दीजिए. 12 मिनिट बाद, छलनी को बर्तन से निकालकर रख दीजिए और गट्टे ठंडे होने दीजिए.इनके ठंडे होने के बाद, गट्टों को ½-¾ इंच की मोटाई में काट लीजिए.
पैन में 2 से 3 छोटी चम्मच तेल डालकर गरम कीजिए. गट्टों को सीधे-सीधे पैन में लगा दीजिए और गट्टों को पलट-पलटकर दोनों ओर से गोल्डन ब्राउन और क्रिस्प होने तक सेक लीजिए. .

ग्रेवी तैयार कीजिए
पैन में 2 टेबल स्पून तेल डालकर गरम कीजिए. तेल में जीरा डालकर हल्का सा भूनिए. फिर, इसमें हींग, हल्दी पाउडर डाल दीजिए. गैस धीमी करके धनिया पाउडर, टमाटर, हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर और कसूरी मेथी डालकर मसाले से तेल अलग होने तक इसे लगातार चलाते हुए भून लीजिए. मसाले को अच्छे से भूनने के बाद, आंच तेज करके थोड़ा-थोड़ा दही मसाले में डालकर इसे चलाते हुए मिक्स करें और मसाले को 2 मिनिट लगातार चलाते हुए भून लीजिए.
मसाले से तेल अलग होने पर इसमें 1.5 कप पानी मसाले को चलाते हुए डाल दीजिए और ग्रेवी में उबाल आने तक इसे चलाते रहिए. ग्रेवी में उबाल आने के बाद इसमें ¾ छोटी चम्मच नमक, गरम मसाला और हरा धनिया डालकर मिक्स कर दीजिए. ग्रेवी को ढककर धीमी आंच पर 4 से 5 मिनिट पकने दीजिए.
5 मिनिट बाद, ग्रेवी के तैयार होने पर इसमें गट्टे डालकर ढककर 4 से 5 मिनिट धीमी आंच पर पकने दीजिए. बाद में सब्जी को प्याले में निकाल लीजिए.
लौकी के गट्टे की सब्जी के ऊपर हरा धनिया डालकर गार्निश कर दीजिए. इस स्वादिष्ट करी को चपाती, नान या चावल के साथ परोसिए.
सुझाव
- लौकी के जूस में ही बेसन गुंथ जाता है. इसमें पानी मिलाने की ज़रूरत नही होती. अगर आपका गुंथा बेसन पतला लगे, तो इसमें थोड़ा सा बेसन और मिला लीजिए.
- पानी में उबालने से गट्टे कभी-कभी फट जाते हैं, इसलिए इनको भाप में पकाना सही रहता है.
- आप चाहे तो गट्टों को शैलो फ्राय या डीप फ्राय कर सकते हैं.
- गट्टे सेकने के लिए नॉन स्टिक पैन ज्यादा सही रहता है क्योंकि इसमें गट्टे कम तेल में ही जल्दी सिक जाते हैं.
- सिके हुए गट्टों में थोड़ा सा नींबू का रस और हरा धनिया डालकर स्टार्टर के रूप में भी सर्व कर सकते हैं.
- मिर्च अपने स्वाद के अनुसार कम या ज्यादा डाल सकते हैं.
- कसूरी मेथी घर पर आसानी से बन जाती है. इसका तरीका चैनल और वेबसाइट पर दिया हुआ है.
- ग्रेवी में प्याज लहसुन डालना चाहे, तो जीरा भुनने के बाद 1 बारीक कटी प्याज और 3 से 4 बारीक कटी लहसुन की कलियां डालकर गुलाबी होने तक भून लीजिए.
- ग्रेवी के लिए खट्टा दही ना लें, एकदम ताजा दही लें. कोशिश करें कि टमाटर भी मीठे वाले लें.
- दही को एकसाथ ना डालें और इसे डालते हुए मसाले को लगातार चलाते रहें वरना दही फट सकता है.
- ग्रेवी आप अपनी पसंद के अनुसार अन्य चीजों से भी बना सकते हैं.
- गट्टे बाद में ग्रेवी को सोख लेते हैं. अगर आपको ग्रेवी गाढ़ी लगे, तो थोड़ा सा पानी उबालकर इसमें मिक्स कर सकते हैं.
- दही की ग्रेवी में नमक हमेशा बाद में डालें क्योंकि नमक पहले डालने से भी कभी कभी दही फट जाता है.
- गर्मी के मौसम में गरम मसाला ना डालना चाहे, तो मत डालें.
Lauki Gatta Curry | लौकी के गट्टे की सब्ज़ी | Lauki ke Gatte Banane ki Vidhi
कमेंट (2)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।