पनीर पकौड़ा नवरात्रि के लिये | Paneer Pakoda Farali | Vrat Wala Paneer Pakora

व्रत के सादे खाने से एकदम अलग क्रिस्पी और टेस्टी फराली स्नैक्स पनीर पकौड़ा नवरात्रि के लिये खास.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Vrat Wala Paneer Pakora
- पनीर - 400 ग्राम
- समा के चावल - ½ कप (100 ग्राम) (भिगोकर पीसे हुए)
- सिंघाड़े का आटा - ¼ कप (40 ग्राम)
- हरा धनिया - 2 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- हरी मिर्च - 1 (बारीक कटी हुई)
- काली मिर्च पाउडर- 1/2 छोटी चम्मच
- सेंधा नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
- तेल - पकौड़े तलने के लिए
विधि - How to make Paneer Pakoda Farali
पकौड़े बनाने के लिए समा के चावलों को अच्छे से धोकर साफ पानी में भिगो दीजिए. इसके बाद चावलों से अतिरिक्त पानी हटाकर इन्हें मिक्सर जार में डालकर पीस लीजिए.
पिसे हुए चावल को प्याले में निकाल लीजिए और इसमें सिंघाड़े का आटा डालकर पकौड़े के बैटर जैसा घोल तैयार कर लीजिए. बैटर को तैयार करने में चौथाई कप पानी लिया था जिसमें से 2 छोटे चम्मच पानी बच गया.
मिश्रण में ¼ छोटी चम्मच काली मिर्च का पाउडर, ½ छोटी चम्मच सेंधा नमक, बारीक कटी हरी मिर्च, बारीक कटा हरा धनिया डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिलने तक मिक्स कर लीजिए. पकौड़े के लिए बैटर बनकर तैयार है.
पनीर को अपने मनपसंद साइज के टुकड़ों में काटकर तैयार कर लीजिए.

पनीर में मसाला भरने के लिए ¼ छोटी चम्मच काली मिर्च पाउडर में ½ छोटी चम्मच सेंधा नमक डालकर मिक्स कर लीजिए. पनीर का एक टुकड़ा उठाएं. पनीर को इस तरह से दो भाग करते हुए काटिए कि नीचे से यह जुड़ा रहे. सारे पनीर के टुकड़ों को इसी तरह काटकर तैयार कर लीजिए. पनीर के कटे हुए प्रत्येक भाग के बीच मे थोड़ा सा (स्वादानुसार) यह मसाला लगाकर बन्द करके प्लेट में रख लीजिए. इसी तरह सारे पनीर के टुकड़ों में मसाला भरकर रख दीजिए.
कढ़ाही में पकौड़े तलने के लिये तेल डालकर गरम कीजिए. घोल को अच्छी तरह फैंट लीजिए. तेल अच्छे से गरम है या नहीं इसे चैक करने के लिए थोडा़ सा बैटर गरम तेल में डालिए. अगर बैटर सिक कर ऊपर आ रहा है तो पकौड़े तलने के लिए तेल तैयार है. पनीर का एक टुकडा़ उठायें, बैटर में लपेटिए और कढ़ाही में डाल दीजिए. एक बार में जितने पकौड़े कढा़ही में आ जाएं, उतने डाल दीजिए. नीचे से गोल्डन ब्राउन होने पर इन्हें पलट दीजिए ओर दूसरी ओर से भी गोल्डन ब्राउन होने मीडियम गैस पर तल लीजिए.
सिके हुए पकौड़ों को कलछी से निकालकर कढ़ाही के ऊपर ही रखें ताकि अतिरिक्त तेल पकौड़े में से निकलकर कढ़ाही में ही वापस चला जाए. फिर, पकौड़ों को प्लेट में निकाल लीजिए. इसी तरह सारे पकौड़े तलकर तैयार कर लीजिए. 1 बार के पकौड़े तलने के लिए 4-5 मिनिट का समय लग जाता है.
बहुत ही स्वादिष्ट क्रिस्पी पकौड़े बनकर तैयार हैं. इन्हें गरमागरम ही दही, हरे धनिये की फलाहारी चटनी, मीठी फलाहारी चटनी के साथ परोसिये और खाइये.
सुझाव
- पकौड़े आप सिर्फ चावल के घोल या सिर्फ सिंघाड़े के आटे से भी बना सकते हैं.
- हरी मिर्च और हरा धनिया नहीं डालना चाहें तो ना डालें.
- यदि बैटर बच जाए तो आप उस बैटर से पकौड़ियां या चीला भी बना सकते हैं.
- पनीर में मसाले की स्टफिंग के अतिरिक्त आप व्रत की चटनी भी स्टफ कर सकते हैं.
Paneer Pakoda Farali | पनीर पकौड़ा नवरात्रि के लिये । Vrat Wala Paneer Pakora
कमेंट (2)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।