मूंगदाल का भरवां डबल चीला। Moong Dal Cheela Layered | Stuffed Moong Dal Double Chilla

📅 11 मार्च 2018 👁 36.2 हज़ार बार देखी गई 💬 10 कमेंट ★ 3.5 (11)

मूंगदाल प्रिमिक्स, सब्जियों, सॉस, चटनी आदि से बना मूंगदाल का भरवां डबल चीला, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को आए पसंद.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Stuffed Moong Dal Double Chilla

मूंगदाल प्रिमिक्स- 1 कप (180 ग्राम)
गेहूं का आटा- ½ कप (75 ग्राम)
तेल- 2 से 3 टेबल स्पून
हरा धनिया- 2 से 3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
हरे धनिये की चटनी- 2 टेबल स्पून
टमैटो सॉस- 2 टेबल स्पून
हरी मिर्च- 2 (बारीक कटी हुई)
अदरक का पेस्ट- 1 छोटी चम्मच
नींबू- ½
नमक- 1 छोटी चम्मच से ज्यादा या स्वादानुसार
कद्दूकस किया हुआ पनीर- ½ कप (100 ग्राम)
शिमला मिर्च- ¼ कप (बारीक कटी हुई)
कद्दूकस की हुई फूलगोभी- ¼ कप
कद्दूक की हुई गाजर- ¼ कप
हरी मटर के दाने- 2 टेबल स्पून

विधि - How to make Moong Dal Cheela Layered

घोल बनाएं
एक प्याले में मूंगदाल प्रिमिक्स और आटा डाल लीजिए. इसमें पहले आधा कप पानी डालकर गुठलियां खत्म होने तक घोल लीजिए. फिर इसमें और पानी डालकर सादे चीले के घोल के जैसा पतला घोल तैयार कर लीजिए. इस घोल में ¼ छोटी चम्मच नमक और बारीक कटा हरा धनिया डालकर अच्छे से मिला लीजिए. घोल को 10 मिनिट के लिए रख दीजिए जिससे कि यह अच्छे से फूल जाए.

बाद में घोल गाढ़ा लगे, तो इसमें थोड़ा सा पानी और डालकर मिक्स कर लीजिए. एकदम सही कन्सिस्टेन्सी का घोल बनाने में 2 कप से 2 टेबल स्पून कम पानी लगा है.

स्टफिंग तैयार कीजिए
चीलों को दो अलग-अलग स्टफिंग से बनाया जाएगा. 1. पनीर और 2. सब्जियों से
1. पनीर स्टफिंग बनाने के लिए कद्दूकस किए हुए पनीर में ½ छोटी चम्मच से कम नमक, 1 बारीक कटी हरी मिर्च, ½ छोटी चम्मच अदरक का पेस्ट, ½ छोटी चम्मच नींबू का रस, 2 से 3 छोटी चम्मच हरा धनिया डाल दीजिए. सारी चीजों को अच्छे से मिलने तक मिक्स कर लीजिए.


2.सब्जियों की स्टफिंग बनाने के लिए सभी सब्जियों को एक प्लेट में लीजिए. इनमें ½ छोटी से कम नमक,1 बारीक कटी हरी मिर्च, ½ छोटी चम्मच अदरक का पेस्ट, ½ छोटी चम्मच नींबू का रस, 2 से 3 छोटी चम्मच हरा धनिया डाल दीजिए. सारी सामग्रियों को सही से मिला लीजिए.

चीला बनाएं
चीला बनाने के लिए पैन गरम कीजिए. पैन गरम होने पर इस पर तेल डाल दीजिए और पैन को थोड़ा ठंफडा कर लीजिए. दोनों चीले एक साथ बनाने के लिए एक और तवा दूसरी गैस पर गरम कर लीजिए और इस पर भी तेल डाल दीजिए. पैन में घोल डालिए और चमचे से घोल को गोल-गोल पतला फैला लीजिए. दूसरे तवे पर भी इसी तरह चीला फैला लीजिए और धीमी-मध्यम आंच पर इनको सिकने दीजिए. चीले के चारों ओर थोड़ा सा लगभग ½ छोटी चम्मच तेल डाल दीजिए और जैसे ही चीले नीचे की ओर से सिक जाए, तो नॉन स्टिक पैन को उठाकर थोड़ा सा हिलाइए और चीला आसानी से निकल आता है. चीले को पलट दीजिए. गैस धीमी करके चीले के ऊपर 1 छोटी चम्मच टमैटो सॉस डालकर फैलाएं. इसके ऊपर पनीर की स्टफिंग डालकर एक जैसा फैला लीजिए. इसके ऊपर घोल डालकर स्टफिंग को बंद कर दीजिए. चीले के किनारे और बीच में थोड़ा सा लगभग 1 छोटी चम्मच तेल डाल लीजिए. चीले को ढककर धीमी मध्यम आंच पर 6 से 7 मिनिट सिकने दीजिए.

इसी बीच, दूसरे चीले को भी तैयार कर लीजिए. यह नीचे से सिक गया है, इसको पलट दीजिए और इसके ऊपर हरे धनिये की चटनी लगा दीजिए और सब्जियों की स्टफिंग डालकर एक जैसा फैला लीजिए. इसके ऊपर घोल डालकर स्टफिंग को बंद कर दीजिए. चीले के किनारे और बीच में थोड़ा सा तेल डाल लीजिए और पलटे से किनारों को एक जैसा कर लीजिए. इसे भी ढककर धीमी आंच पर 6 से 7 मिनिट सिकने दीजिए.

नॉन स्टिक कढ़ाही में सिक रहे चीला को 6 मिनिट बाद पलटे से हल्का सा निकालकर देखें, यह सिक गया है, तो इसे कढ़ाही को हल्का सा हिलाकर और चीले को उछालकर पलट लीजिए और चीले को ढककर इस ओर से भी 5 से 6 मिनिट पकने दीजिए.

दूसरे चीले को भी चैक कीजिए. ऊपरी सतह पर गहरा रंग आ गया है यानी कि चीला सिक गया है. इसे नीचे से भी पलटे से उठाकर भी देख लीजिए. चीला नीचे की ओर से अच्छे से सिक गया है. दो कलछियों की मदद से चीले को उठाकर पलट दीजिए और फिर से इसे ढककर धीमी मध्यम आंच पर 5 से 6 मिनिट पकने दीजिए.

6 मिनिट बाद, दोनों चीलों को चैक कीजिए. ये सिक गए हो, तो इनको खुला ही 1 से 2 मिनिट और पकने दीजिए ताकि ये क्रिस्प हो जाएं. आप चाहें, तो पैन को हिलाकर चीले को उछालकर चैक भी कर सकते हैं. चीला कम सिका लगे तो इसे वापस पलटकर मध्यम आंच पर थोड़ा और सिकने दीजिए. दोनों ओर से चीला ब्राउन होने पर बनकर तैयार है. दोनों चीलों को अलग-अलग प्लेट में निकाल लीजिए. 1 चीला बनने में 16 से 18 मिनिट लग जाते हैं. चीले को पिज़्ज़ा कटर से चार हिस्सों में काट लीजिए.

बहुत ही क्रिस्पी और टेस्टी मूंगदाल का भरवां डबल चीला तैयार है. इसे टमैटो सॉस, हरे धनिये की चटनी या अपनी पसंदीदा किसी भी चटनी के साथ सर्व कीजिए या ऎसे ही इसके स्वाद का आनंद उठाइए.

सुझाव
मूंगदाल प्रिमिक्स में पहले से ही मसाले और नमक मिले हुए है. इसलिए सिर्फ आटे के हिसाब से घोल में ¼ छोटी चम्मच नमक डाला गया है. आप चाहे तो मूंगदाल प्रिमिक्स के बदले बेसन भी ले सकते हैं, तब आपको घोल बनाते समय ज्यादा नमक और मसाले- लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर वगैरह मिलाने पड़ेंगे.
घोल बनाते समय ध्यान रखें कि यह बहुत ज्यादा गाढ़ा या पतला ना हो.
बच्चों के लिए चीले बनाएं, तो हरी मिर्च ना डालें.
अगर आप चाट मसाले का उपयोग कर रहे हैं, तब स्टफिंग में नींबू का रस डालने की आवश्यकता नही है.
आप अपनी पसंदानुसार सब्जियों से स्टफिंग तैयार कर सकते हैं.
चीले को धीमी या धीमी मध्यम आंच पर ही सेकें . प्रत्येक 3 से 4 मिनिट में चीले को चैक कीजिए.
चीला मोटा होने के कारण एक कलछी से पलटने पर टूट सकता है, इसलिए दो कलछियों की मदद से इसे पलटें.

Moong Dal Cheela Layered | मूंगदाल का भरवां डबल चीला । Stuffed Moong Dal Double Chilla

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
3.5 / 5 (11 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (10)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

Jagarti dass
Hamay moogdal ka chilla bhaut acha laga
NishaMadhulika
बहुत बहुत धन्यवाद Jagarti dass
sanjay kumar
ap ki sari recipes arti achi hei
NishaMadhulika
sanjay kumar जी, बहुत बहुत धन्यवाद आपका.
Kanta Mishra
Petha banany ky leya petha fruit kaha milagha
NishaMadhulika
Kanta Mishra जी, आप इसे किसी भी बड़े ग्रोसरी स्टोर से खरीद सकते हैं.
Chinki
Mam aapne Jo chatni wala cheela banaya h usmai paneer to aap add nhi kiya aise kyu ????
NishaMadhulika
Chinki जी, मैने दो अलग स्टफिंग के चीले बनाए हैं. इसी कारण दूसरी स्टफिंग बिना पनीर के बनाई है.
Pallavi saxena
Meri moong dal me cheeti lag gayi thi.mene jaldi cheeti hatane K kiye kapoor daal diya..an daal me kapoor ki smell aa gayi hai jo ki boil karne se bhi nahi ja rahi.koi tareeka batayiye ki wo smell kese hatau.
NishaMadhulika
पल्लवी जी, दाल को कुछ समय के लिए तेज धूप में रख कर देखें इससे भी कुछ स्मैल कम होती है. पर स्मैल पूरी तरह से नहीं जाती है.