मैदा के पापड़ । Maida Papad Recipe | Steamed Maida Papad Recipe

📅 9 मार्च 2018 👁 1.5 लाख बार देखी गई 💬 16 कमेंट ★ 3.1 (20)

भाप में पकाकर धूप में सुखाए हुए एकदम क्रिस्पी मैदा के पापड़ आप भी इस बार बनाकर देखिए और इसके अनोखे स्वाद का मज़ा लीजिए.

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Maida Papad Recipe

मैदा- 1 कप (125 ग्राम)
जीरा- ¼ छोटी चम्मच
नमक- ½ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
तेल- 1 टेबल स्पून

विधि - How to make Steamed Maida Papad

घोल तैयार करें
एक प्याले में मैदा लीजिए. इसमें थोड़ा थोड़ा पानी डालते हुए घोल बना लीजिए. एक साथ ज्यादा पानी ना डाले, वरना गुठलियां खत्म करने में समय ज्यादा समय लगता है और घोल पतला भी हो सकता है. एकदम चिकना घोल तैयार करने के बाद, इसमें जीरा और नमक डालकर अच्छे से मिक्स कर लीजिए. घोल को 10 से 15 मिनिट के लिए रख दीजिए. 1 कप मैदा का बैटर बनाने में 1 कप पानी लगा है.

पापड़ भाप में पकाएं
प्लेट के साइज के बराबर एक बर्तन लीजिए ताकि प्लेट बर्तन के ऊपर पूरी तरह से आ सके और उसे अच्छे से ढक सके. बर्तन में 2 कप पानी डालकर उबलने रख दीजिए. 2 प्लेट पापड़ बनाने के लिए लीजिए और इनको तेल से चिकना कर लीजिए. साथ ही पापड़ सुखाने के लिए 4 थाली लेकर उनको भी तेल लगाकर चिकना कर लीजिए.

पापड़ बनाने वाली प्लेट पर थोड़ा सा घोल डालिए और चारों ओर प्लेट को घुमाते हुए घोल को एक जैसा फैला लीजिए. पानी में उबाल आने पर इस प्लेट को बर्तन के ऊपर रख दीजिए और इसे ढककर पापड़ को 2 से 3 मिनिट भाप में पकने दीजिए.

2 मिनिट बाद, पापड़ के रंग में बदलाव आने पर पापड़ पक गया है. प्लेट को उतारकर जाली स्टेन्ड पर रख दीजिए और पापड़ को थोड़ा सा ठंडा होने दीजिए. इसी दौरान, दूसरी प्लेट में पहले वाले पापड़ की तरह ही घोल फैलाकर भाप में पापड़ पकने रख दीजिए.

पहले वाले पापड़ के ठंडे होने पर इसे चाकू की सहायता किनारे से प्लेट से अलग कीजिए, हाथ से उठाकर पापड़ को निकाल लीजिए और पापड़ को सुखाने के लिए थाली में रख दीजिए.

प्लेट को फिर से चिकना कीजिए और उसी तरह से घोल डालकर पापड़ भाप में पकाकर रख लीजिए.

जैसे ही बर्तन में पानी कम हो जाए, इसमें पानी और बढ़ाकर पानी में उबाल आने दीजिए. पापड़ को पानी में उबाल आने के बाद ही भाप में पकने के लिए रखिए. प्लेट को बिल्कुल साफ रखिए और चिकना भी कीजिए वरना पापड़ चिपक सकता है.

पापड़ धूप में सुखाएं
इतने बैटर में 17 पापड़ बनकर तैयार हो जाते हैं. पापड़ को धूप में सुखाने के लिए रख दीजिए और 2 से 3 घंटे बाद इनको पलट दीजिए. इससे पापड़ सीधे सूखते है और थाली से चिपकते नही है. 2 से 3 दिन तक इनको धूप में सुखा लीजिए.

पापड़ तलें
3 दिन बाद, पापड़ सूखकर तैयार है. इनको तलने के लिए कढ़ाही में तेल डालकर गरम कर लीजिए. तेल की गर्माहट चैक करने के लिए हाथ को कढ़ाही के थोड़ा ऊपर रखिए, हाथ पर अच्छी हीट आ रही है, तो तेल बहुत अच्छा गरम है. पापड़ तलने के लिए तेल में डाल दीजिए और कलछी से हल्का सा दबा दीजिए ताकि वह एक जैसा बढ़कर तैयार हो और फूलकर एकदम ऊपर ना आ जाए, तेल के अंदर ही रहे. पापड़ एकदम तेल में जाकर फूल जाएगा. पापड़ तुरंत तल जाता है. इसे निकालकर प्लेट में रख लीजिए और इसी तरह से बाकी पापड़ भी तलकर तैयार कर लीजिए.

तले हुए पापड़ के ऊपर थोड़ा सा चाट मसाला छिड़ककर इनको सर्व कीजिए, बहुत ही स्वादिष्ट लगते हैं. पापड़ को पूरी तरह से सूखने के बाद किसी भी कन्टेनर में भरकर रख दीजिए. ये साल भर तक खाए जा सकते हैं.

सुझाव

पापड़ का साइज प्लेट के साइज पर निर्भर करता है. आपको जितना बड़ा पापड़ बनाना हो, उसी साइज की प्लेट का यूज करें.
हमने छोटे साइज के पापड़ बनाएं है क्योंकि इन पापड़ को तेल में पूरी तरह डुबाकर तलना होता है.
ज्यादा पापड़ बना रहे हैं तो धूप में एक बड़ी सी चादर या पॉलीथीन बिछा दें और उसे हल्का सा चिकना कर लीजिए. पापड़ बनाकर थाली में ले जाकर पॉलीथीन पर डालकर सुखा सकते हैं.

Maida Papad Recipe | मैदा के पापड़ । Steamed Maida Papad Recipe

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
3.1 / 5 (20 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (16)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

Manisha
Chawal ke papad fhate bante hai toh kya kare aur papad tasty banane ki vidhi bataiye.
NishaMadhulika
Manisha जी, एकदम गरम पापड़ को प्लेट से ना निकालें वरना वह टूट जाएगा. प्रत्येक पापड़ बनाने के बाद, प्लेट को कपड़े से पौंछकर तेल से चिकना ज़रूर कर लें. प्लेट पर बैटर डालने से पहले एक बार चमचे से अवश्य चला लें. अगर आप पापड़ को थोड़ा मसालेदार बनाना चाहते हैं, तो तले हुए पापड़ों के ऊपर थोड़ा सा चाट मसाला बुरक दें.
रितू
very good
NishaMadhulika
रितू जी, बहुत बहुत धन्यवाद आपका.
Sangeetha
Very nice
NishaMadhulika
Sangeetha जी, बहुत बहुत धन्यवाद आपका.
Tooba Tasneem
Nisha ji kya ham maide ke jagah chawal ka aata use kar sakte hai please jald hi reply kariye and you are the master of shef best cooking very best!!!.....keep it up....
NishaMadhulika
Tooba Tasneem , ाप चावल के आटे से भी पापड़ बना सकते हैं.
sanjana ombale
Thanks
NishaMadhulika
बहुत बहुत धन्यवाद sanjana ombale
sanjana ombale
Thanks
NishaMadhulika
बहुत बहुत धन्यवाद sanjana ombale
SHOBHNA
YE PAPAD KYA GARMI MAI B BANAYE JA SAKTE H
BANATE TIME INHE PALATNA H YA NAI, EK PAPAD BANANE M KITNA TIME LAGTA H
NishaMadhulika
शोभना जी, आप इन्हें जब चाहें बना कर तैयार कर सकती हैं. पापड़ को धूप में सुखाने के लिए रख दीजिए और 2 से 3 घंटे बाद इनको पलट दीजिए. इससे पापड़ सीधे सूखते है और थाली से चिपकते नही है. 2 से 3 दिन तक इनको धूप में सुखा लीजिए. सूखने के बाद इन्हें तल लीजिए. पापड़ 1-2 मिनिट में तल कर तैयर हो जाता है और फैलता भी है.
Dipa Shrestha Manandhar
Nice recipe mam main bhi try karungi
NishaMadhulika
दीपा जी, आप ये रेसिपी बनाएं और अपने अनुभव हमारे साथ जरूर शेयर कीजिए. बहुत बहुत धन्यवाद.