चीज़ नमकपारे । Cheese Namakpara | Cheeselings recipe | Tea Time Snacks

📅 19 फरवरी 2018 👁 24.6 हज़ार बार देखी गई 💬 4 कमेंट ★ 3.6 (13)

बच्चों के फेवरेट स्नैक्स में से एक चीज़ नमकपारे, बड़ों के लिए भी क्रिस्पी और टेस्टी टी टाईम स्नैक्स भी है. 

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Cheeselings recipe

  • मैदा- 1.25 कप (150 ग्राम)
  • प्रोसेस्ड चीज़- ½ कप (50 ग्राम) (कद्दूकस किया हुआ)
  • घी- 2 टेबल स्पून
  • गुनगुना दूध- ½ कप
  • नमक- ⅓ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
  • अजवायन- ⅓ छोटी चम्मच (बारीक कुटी हुई)
  • तेल- तलने के लिए

विधि - How to make Cheese Namakpara

किसी बड़े प्याले में मैदा लेकर इसके बीच में थोड़ी सी जगह बना लीजिए. इसमें घी, नमक, कुटी हुई अजवायन और कद्दूकस किया हुआ प्रोसेस्ड चीज़ डाल दीजिए. सारी चीजों को अच्छी तरह से मिला लीजिए. इसमें थोड़ा- थोड़ा गुनगुना दूध डालते हुए हल्का सख्त आटा गूंथकर तैयार कर लीजिए. गुंथे हुए आटे को 5 मिनिट मसल लीजिए. इतना आटा गूंथने में ¼ कप दूध का इस्तेमाल हुआ है. आटे को ढककर 20 मिनिट तक रख दीजिए.

आटे के सैट होने पर इसे 4 मिनिट मसल लीजिए. नरम आटा तैयार है. आटे को चार बराबर भागों में बांट लीजिए. एक भाग उठाएं और बाकी को ढककर रख दीजिए ताकि आटा सूखे ना. आटे को मसलकर एकदम गोल लोई तैयार करके पतली शीट बेल लीजिए. शुरूआत में तो इसे उठाकर रखकर बेल लीजिए, लेकिन शीट थोड़ी सी बड़ी होने के बाद बोर्ड को ही घुमा-घुमाकर इसे किनारों से दबाव देते हुए बेलिए. पतली शीट बेलने के बाद, पिज़्ज़ा कटर या चाकू से इसे ½-¾ इंच के टुकड़ों में काट लीजिए. नमकपारों का साइज और आकार आप अपनी पसंद के अनुसार रख सकते हैं. 

कढ़ाही में तेल गरम होने रख दीजिए. तेल गरम होने पर इसमें एक नमकपारा डालकर चैक कर लीजिए कि तेल मध्यम गरम हुआ कि नही. नमकपारा सिक रहा है, तो तेल सही गरम है. नमकपारों को चाकू की मदद से बोर्ड से अलग करते हुए निकालकर तलने के लिए डाल दीजिए. कढ़ाही में जितने नमकपारे आ जाएं, उतने एक बार में सिकने के लिए डाल दीजिए. 

नमकपारों को हल्का सा ब्राउन होने तक तल लीजिए. इन्हें तलने में ज्यादा समय नही लगता है. सिके हुए नमकपारों को कलछी से निकालकर एक छलनी में ही कढ़ाही के ऊपर ही डाल दीजिए ताकि अतिरिक्त तेल नमकपारों में से निकलकर कढ़ाही में ही वापस चला जाए. फिर, इन्हें नैपकिन पेपर बिछाकर रखी हुई प्लेट में डाल दीजिए. सारे नमकपारे इसी प्रकार तलकर तैयार कर लीजिए. बचे हुए नमकपारे भी इसी तरह बनाइए और तल लीजिए.

एक बार के नमकपारे तलने में 1 से 1.5 मिनिट लग जाता है.

बच्चों के पसंदीदा चीज़ी नमकपारे तैयार हैं. इन्हें किसी भी समय स्नैक्स की तरह सर्व कर सकते हैं. इनको पूरी तरह ठंडा होने के बाद किसी भी एअर टाइट कन्टेनर में भरकर रख लीजिए और 15 से 20 दिन तक खाते रहिए.

सुझाव

  • इन नमकपारों के लिए प्रोसेस्ड या मोज़ेरिला कोई भी चीज़ ले सकते हैं.
  • आटे को अच्छे से मसलकर नरम और चिकना तैयार कीजिए.
  • शीट को एकदम पतला बेलें.
  • तलते समय ध्यान रखें कि तेल पहले तो मध्यम तेज गरम हो और नमकपारे तलने के लिए डालने के तुरंत बाद या तो गैस को बंद कर दे या एकदम धीमा कर लें.

Cheese Namakpara | चीज नमकपारे । Cheeselings recipe | Tea Time Snacks

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
3.6 / 5 (13 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (4)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

नीरज पटवा
क्या नमकपारे में काजू आटा डालकर बनाया जा सकता है
NishaMadhulika
नीरज पटवा जी, आप ऎसा करके देख सकते हैं.
Smrati Chaturvedi
It is delicious. You teach each and every recipe in very good manner. After watching ur videos when I try it at-home by me it really do satisfied result. I subscribed ur link. And I am eagerly await for your next one new recipe .
Thank you nisha aunty .
NishaMadhulika
Smrati Chaturvedi जी, आपके इस सहयोग के लिए बहुत बहुत धन्यवाद.