क्रिस्पी बेबीकॉर्न । Crispy baby corn । Spicy Crispy Babycorn Fritters

किसी भी पार्टी के लिए परफेक्ट स्टार्टर या शाम की चाय के साथ में उम्दा स्नैक्स क्रिस्पी बेबी कॉर्न, बनाने में आसान और खाने में मज़ेदार.
Read- Crispy baby corn । Spicy Crispy Babycorn Fritters
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Spicy Crispy Babycorn Fritters
- बेबी कॉर्न- 11 (200 ग्राम)
- ब्रेड चूरा - 3 स्लाइस का
- मैदा- ½ कप
- कॉर्न फ्लोर- 2 टेबल स्पून
- चिल्ली फ्लेक्स- 1 छोटी चम्मच
- काली मिर्च- 1 छोटी चम्मच (दरदरी कुटी हुई)
- अदरक का पेस्ट- 1 छोटी चम्मच
- नमक- 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
- तेल- तलने के लिए
विधि - How to make Crispy baby corn
क्रिस्पी बेबी कॉर्न बनाने के लिए बेबी कॉर्न को धोकर सुखाकर रख लीजिए. फिर, एक प्याले में मैदा और कॉर्न फ्लोर डाल लीजिए. इसमें थोड़ा सा पानी डालकर गुठलियां खत्म होने तक घोल लीजिए. बाद में, इसमें थोड़ा सा पानी और डालकर अच्छे तरह से मिक्स कर लीजिए. इसे थोड़ी गाढ़ी कन्सिस्टेन्सी का ही रखिए क्योंकि इसे बेबी कॉर्न पर कोट करना है. इतना घोल बनाने में आधा कप पानी का इस्तेमाल हुआ है.
घोल में चिली फ्लेक्स, दरदरी कुटी काली मिर्च, अदरक का पेस्ट और नमक डालकर अच्छे से मिला लीजिए. घोल तैयार है.
बेबी कॉर्न तलने के लिए कढ़ाही में तेल गरम कर लीजिए.

बेबी कॉर्न को लंबाई में दो भाग में काट लीजिए. इस कटे हुए बेबी कॉर्न को मैदा के घोल में डालकर लपेट लीजिए. इसके बाद, इसे ब्रेड क्रम्ब्स में डालकर लपेट लीजिए. क्रम्ब्स को बेबी कॉर्न के ऊपर हाथ से दबाकर सैट करके अलग प्लेट में रख लीजिए. सारे बेबी कॉर्न इसी तरह कोट करके रख लीजिए.
एक बेबी कॉर्न तेल में डालकर चैक कर लीजिए. तेल अच्छा गरम है, तो बाकी के बेबी कॉर्न भी कढ़ाही के साइज के अनुसार डाल लीजिए. बेबी कॉर्न को पलट-पलट कर गोल्डन ब्राउन होने तक मध्यम तेज या मध्यम आंच पर तल लीजिए.
जैसे ही बेबी कॉर्न सिक जाए, इन्हें कलछी से उठाकर कढ़ाही के किनारे पर ही थोड़ी देर रोक लीजिए ताकि अतिरिक्त तेल कढ़ाही में ही वापस चला जाए और इन्हें निकालकर प्लेट में रख लीजिए. सारे बेबी कॉर्न इसी प्रकार तलकर तैयार कर लीजिए. एक बार के बेबी कॉर्न तलने में 5 मिनिट लग जाते हैं.
क्रिस्पी बेबी कॉर्न बनकर तैयार है. आप चाहे, तो इन्हें पहले से कोट करके रख सकते हैं और जब आपको सर्व करने हो तब फटाफट तलकर गरमागरम सर्व कर सकते हैं. इस मज़ेदार स्नैक्स को हरे धनिये की चटनी, टमेटो केचअप या अपनी पसंद की किसी भी चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं.
सुझाव
- घोल सिर्फ मैदा से भी बना सकते हैं लेकिन कॉर्न फ्लोर मिलाने से इसमें क्रिस्पीनैस ज्यादा आती है.
- घोल को एक साथ ज्यादा पानी डालकर ना बनाएं वरना गुठलियां खत्म करने में अधिक समय लगता है और घोल पतला भी हो सकता है.
- चिली फ्लेक्स को सूखी साबुत मिर्च को कूटकर बनाया जाता है. अगर आपके पास कुटी हुई लाल मिर्च है, तो वह भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके यूज से अच्छा तीखापन आता है.
- ब्रेड क्रम्बस बनाने के लिए ब्रेड को तोड़कर मिक्सर जार में डाल लीजिए और इसे पीस लीजिए.
Crispy baby corn । क्रिस्पी बेबीकॉर्न । Spicy Crispy Babycorn Fritters
कमेंट (4)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।