सूजी वेज का इन्स्टैन्ट हांडवो | Instant Rava Handvo | Vegetable Rava Handvo Recipe

दाल चावल भिगोकर पारंपरिक तरीके से गुजराती डिश हांडवो बनाने का समय ना हो, तो सूजी वेज का इन्सटेन्ट हांडवो ट्राई कीजिए, आपको इसका स्वाद खूब भाएगा.
Read- Instant Rava Handvo | Vegetable Rava Handvo in Pan
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Vegetable Rava Handvo Recipe
- सूजी- ¾ कप (130 ग्राम)
- बेसन- ½ कप (50 ग्राम)
- फैंटा हुआ दही- ½ कप
- गाजर- ½ कप (कद्दूकस की हुई)
- फूलगोभी- ½ कप (बारीक कटी हुई)
- शिमला मिर्च- ½ कप (बारीक कटी हुई)
- भुनी मूंगफली के दाने- 2 टेबल स्पून
- तेल- 3 से 4 टेबल स्पून
- हल्दी पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर- ½ छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर- 1 छोटी चम्मच
- करी पत्ते- 10 से 12
- अदरक का पेस्ट- 1 छोटी चम्मच
- हरी मिर्च- 2 से 3 (बारीक कटी हुई)
- ईनो फ्रूट सॉल्ट- ¾ छोटी चम्मच
- नमक- 1 छोटी से ज्यादा या स्वादानुसार
- राई- 1 छोटी चम्मच
- तिल- 1 छोटी चम्मच
- जीरा- ½ छोटी चम्मच
विधि - How to make Instant Rava Handvo
प्याले में सूजी, बेसन और फैंटा हुआ दही डालकर मिक्स कीजिए. इसमें थोड़ा सा पानी मिलाकर गाढ़ा घोल बनाकर तैयार कर लीजिए. इसमें हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, अदरक का पेस्ट, हरी मिर्च और नमक डाल दीजिए. सारे मसालों को घोल में अच्छे से मिक्स कर लीजिए.
इसमें सब्जियां-गाजर, फूलगोभी, शिमला मिर्च और भुनी मूंगफली के दाने डाल दीजिए. सारी सामग्रियों को अच्छे से मिला लीजिए. बैटर ज्यादा गाढ़ा लगे, तो इसमें थोड़ा सा पानी डालकर मिला दीजिए और बैटर को फूलने के लिए 10 मिनिट तक रख दीजिए. इतना बैटर बनाने में आधा कप पानी का इस्तेमाल हुआ है.

पैन गरम कीजिए. हांडवो के तैयार घोल में ईनो फ्रूट सॉल्ट डालकर मिक्स कर लीजिए. पैन में 2 से 3 टेबल स्पून तेल डाल लीजिए. गरम तेल में राई डाल दीजिए और गैस सिम कर लीजिए ताकि मसाले जले ना. पैन में जीरा और तिल डालकर भून लीजिए. मसाले भुनने पर इसमें हांडवो का बैटर डालकर फैला दीजिए. हांडवो को ढककर धीमी मध्यम आंच पर 12 मिनिट पकने दीजिए.
12 मिनिट बाद, हांडवो का रंग डार्क हो जाएगा, इसे पलट लीजिए. हांडवो को पलटे से पलटने की जगह पैन के ऊपर थाली रख लीजिए और इसे पलट लीजिए.

हांडवो को दूसरी ओर से सेकने के लिए पैन में बचा हुआ तेल डाल दीजिए. इसमें थोड़े से तिल, जीरा, राई और करी पत्ते डाल दीजिए. मसाले भुन जाने पर इसमें हांडवो को सिकने के लिए लगा दीजिए. फिर से इसे ढककर पूरे 12 मिनिट धीमी मध्यम आंच पर सिकने दीजिए. फिर इसे चैक कीजिए. अगर यह हल्का ब्राउन लगे और कम सिका लगे, तो इसे 4 मिनिट और सेक लीजिए.
हांडवो के सिक जाने के बाद, पहले के तरीके से ही हांडवो को प्लेट में निकाल लीजिए. हांडवो को टुकड़ों में काट लीजिए. ऊपर से क्रन्ची और अंदर से सॉफ्ट हांडवो तैयार है.
सुझाव
- बैटर बहुत ज्यादा पतला या गाढ़ा नही होना चाहिए.
- बैटर में गुठलियां नही पड़नी चाहिए.
- भुनी मूंगफली के दाने से हांडवो में क्र्न्ची टेस्ट आता है.
- ईनो फ्रूट सॉल्ट की जगह ½ छोटी चम्मच बेकिंग सोडा भी ले सकते हैं.
- हांडवो को 10 मिनिट धीमी मध्यम आंच पर सेकिए और इसके बाद चैक कीजिए. अगर हांडवो कम सिका लगे, तो इसे उसी आंच पर थोड़ी देर और सेक लीजिए.
Instant Rava Handvo | सूजी वेज का इन्स्टैन्ट हांडवो | Vegetable Rava Handvo Recipe
कमेंट (4)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।