वेज सिवईयां पुलाव । Semiya Upma | Veg Vermicelli Pulao | Semiya Veg kichadi

📅 15 जनवरी 2018 👁 44.9 हज़ार बार देखी गई 💬 0 कमेंट ★ 4.1 (27)

ताजी सब्जियों से बना वेज सिवइयां पुलाव बच्चों से लेकर बड़ों को खूब भाए, बच्चों के टिफिन में इसे पैक कर दे, मज़ाल है कि टिफिन खाली ना आए.

Read- Semiya Upma । Veg Vermicelli Pulao | Semiya Veg kichadi veg

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Semiya Veg kichadi

  • भुनी सेंवईं- 1 कप (150 ग्राम)
  • बेबी कॉर्न- 4 (बारीक कटे हुए)
  • शिमला मिर्च- 1 (बारीक कटी हुई)
  • गाजर- 1 (बारीक कटी हुई)
  • टमाटर- 2 (बारीक कटे हुए)
  • फूलगोभी- ½ कप (बारीक कटी हुई)
  • हरी मटर के दाने- ½ कप
  • हरा धनिया- 3 से 4 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
  • मक्खन- 2 टेबल स्पून
  • पास्ता सॉस- 2 छोटी चम्मच
  • हरी मिर्च- 2 (बारीक कटी हुई)
  • चाट मसाला- ½ छोटी चम्मच
  • अदरक का पेस्ट- 1 छोटी चम्मच
  • नमक- 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार

विधि- How to make Veg Vermicelli Pulao

सेंवईं उबालिए
किसी बर्तन में 2 कप पानी डालकर उबलने रख दीजिए. पानी में उबाल आने पर इसमें भुनी हुई सेंवईं डाल दीजिए और इन्हें नरम होने तक उबलने दीजिए. बीच में इसे चैक कर लीजिए. सेवईं के नरम होते ही गैस बंद कर दीजिए.

सब्जियां पकाएं
कढ़ाही गरम करके इसमें मक्खन डाल दीजिए. मक्खन के पिघलने पर इसमें अदरक का पेस्ट और हरी मिर्च डाल दीजिए. मसालों को धीमी गैस पर भूनिए ताकि मसाले जले ना. इसके बाद, इसमें गाजर, बेबी कॉर्न, फूलगोभी डालकर लगातार चलाते हुए क्रंची पका लीजिए. 1 मिनिट बाद, इसमें हरी मटर के दाने डालिए और उसके 1 मिनिट बाद, शिमला मिर्च डाल दीजिए और सब्जियों को चलाते हुए 3 मिनिट भून लीजिए. फिर, इसमें टमाटर डालकर और थोड़ा सा भून लीजिए. सब्जियों के पकने पर इसमें पास्ता सॉस डालकर अच्छे से मिला लीजिए. चाट मसाला और नमक डालकर अच्छे से मिला लीजिए.

उबली हुई सिंवईं को भी इन पकी हुई सब्जियों में मिला दीजिए. साथ ही थोड़ा सा हरा धनिया भी डाल दीजिए. इन्हें धीमी आंच पर अच्छे से मिलने तक 2 मिनिट मिक्स कर लीजिए.

नमकीन सेंवईं बनकर तैयार है. बहुत ही लज़ीज़ सिंवईं बनी हैं. बच्चे वैसे तो सब्जियां खाना पसंद नहीं करते लेकिन इस तरह से उन्हें सब्जियों के साथ सेंवईं तैयार करके दे सकते हैं.

सुझाव

  • आप बिना भुनी हुई सेंवईं भी ले सकते हैं. इन्हें कढ़ाही में थोड़ा सा घी डालकर भून सकते हैं.
  • मक्खन की जगह तेल भी ले सकते हैं.
  • अगर आप प्याज पसंद करते हैं, तो 1 प्याज बारीक काटकर अदरक, हरी मिर्च के साथ डालकर भून लीजिए.
  • सब्जियों में गाजर को सबसे डालें क्योंकि यह पकने में ज्यादा समय लेती है. शिमला मिर्च को सबसे बाद में डालें, यह जल्दी भुन जाती है.
  • सब्जियां अपनी पसंद के अनुसार ले सकते हैं. 
  • पास्ता सॉस ना डालना चाहे तो मत डालें. इसकी जगह लाल मिर्च पाउडर, अमचूर आदि इस्तेमाल कर सकते हैं.

Semiya Upma | वेज सिवईयां पुलाव । Veg Vermicelli Pulao | Semiya Veg kichadi

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
4.1 / 5 (27 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (0)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।