सर्दियों के लिए खास गाजर मूली का अचार | Mooli Gajar ka mix Achaar । Gaazar Muli Pickle

📅 13 नवंबर 2017 👁 2.8 लाख बार देखी गई 💬 10 कमेंट ★ 3.6 (310)

सर्दियों के लिए खास गाजर मूली का अचार आपको भोजन को एक अलग और अनोखा स्वाद देता है. आप चाहे तो परांठे और पूरी को सिर्फ इस अचार के साथ भी खा सकते हैं, इसके साथ में सब्जी या दाल की भी जरूरत महसूस नही होगी.

Read - Mooli Gajar ka mix Achaar । Gaazar Muli Pickle

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Gaazar Muli Pickle

  • मूली - 500 ग्राम (छिली हुई)
  • गाजर - 250 ग्राम (छिली हुई)
  • अदरक - 50 ग्राम (छिली हुई) 
  • हरी मिर्च - 50 ग्राम 
  • नमक - 2 छोटी चम्मच 
  • सरसों का तेल - ½ कप 
  • लाल मिर्च पाउडर - 1 छोटी चम्मच 
  • हल्दी पाडर - 1 छोटी चम्मच 
  • नमक - 2 छोटी चम्मच 
  • काली मिर्च - ½ छोटी चम्मच (दरदरी कुटी हुई)
  • अजवायन - ½ छोटी चम्मच 
  • सरसों पाउडर - 6 छोटी चम्मच (दरदरी कुटी हुई)
  • हींग - 2 पिंच 
  • सिरका - 2 टेबल स्पून

विधि - How to make Mooli Gajar ka mix Achaar

मूली, गाजर, अदरक को अच्छे से धोकर पानी सूखने तक अच्छे से सुखा लीजिए. हरी मिर्च के डंठल हटाकर इसे अच्छे से धोकर पानी सूखने तक सुखाकर ले लीजिए.

मूली को 2-2 इंच के टुकड़ों में काट लीजिए और इन टुकडों को लम्बाई में पतले काट लीजिए. गाजर को भी इसी तरह से काटकर तैयार कर लीजिए और प्याले में निकाल लीजिए. अदरक को लम्बाई में पतला पतला काटकर और छोटा-छोटा 2 या 3 भाग करते हुए काट लीजिए और प्याले में निकाल लीजिए. हरी मिर्च को लम्बाई में दो भाग करते हुए काट लीजिए और इसे भी प्याले में निकाल लीजिए.

इन सब में 2 छोटे चम्मच नमक डालकर अच्छे से मिक्स कर दीजिए. सभी चीजों के अच्छे से मिक्स हो जाने पर इन्हें कंटेनर में भर दीजिए और कंटेनर को बंद कर के 24 घंटे के लिए रख दीजिए. 10-12 घंटे के बाद कंटेनर को एक बार अच्छे से हिला दीजिए ताकि कंटेनर में रखी सामग्री अच्छे से मिक्स हो जाए.

24 घंटे बाद कंटेनर के अंदर मूली गाजर का जो जूस नीचे जमा हो गया है उसे अलग करेंगे इसके लिए किसी प्याले के ऊपर छलनी रखकर इस पर कंटेनर में रखी मूली गाजर डाल दीजिए ऐसा करने से सारा जूस नीचे प्याले में निकल जाएगा. 10 मिनिट के लिए मूली गाजर को छलनी में ही रखे रहने दीजिए ताकि सारा जूस इसमें से निकल कर प्याले में आ जाए.

10 मिनिट बाद मूली, गाजर, अदरक, मिर्च को किसी ट्रे पर डालकर अच्छे से फैला दीजिए और धूप में रख दीजिए ताकि बचा हुआ जूस भी सूख जाए. अगर धूप नहीं है तो आप इसे 1 घंटे के लिए पंखे की हवा के नीचे रखकर सुखा लीजिए.

मूली गाजर सूखकर तैयार हैं, मूली-गाजर को प्याले में निकाल लीजिए. इसमें 2 छोटे चम्मच नमक, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, काली मिर्च, अजवायन और दरदरा कुटा सरसों पाउडर डाल दीजिए,

पैन में सरसों का तेल डालकर इतना अच्छे से गरम कर लीजिए कि तेल में से धुआं उठता दिखाई दे. तेल गरम होने के बंद गैस बंद कर दीजिए और तेल को थोड़ा ठंडा होने दीजिए. तेल के हल्का ठंडा होने पर इसमें हींग डालकर मिक्स कर दीजिए और इस तेल को अचार के ऊपर डालकर अच्छे से मिला लीजिए. सारे मसाले अच्छे से मिल जाने के बाद इसमें 2 टेबल स्पून सिरका डालकर मिला दीजिए.

मूली गाजर का स्वादिष्ट अचार बनकर तैयार है. इस अचार का सेवन अभी भी किया जा सकता हैं, पर अचार का असली स्वाद 3 दिन के बाद ही मिलेगा, जब मूली-गाजर-अदरक और हरी मिर्च मसाले को अच्छे से सोख लेंगे. अचार को किसी भी कन्टेनर में भरकर रख दीजिए और 2 से 3 दिन तक सूखे साफ चम्मच से अचार को ऊपर नीचे करते रहिए. यह अचार पूरे 3 से 4 महीनों तक रखकर खाया जा सकता है. जब भी आपको खाने के साथ अचार का मन हो तो कन्टेनर से अचार निकालिए और मज़े से खाइए.

सुझाव

  • अगर गाजर के अंदर का पीला भाग सख्त हो और आपको पसंद न हो तो आप उसे हटा सकते हैं. 
  • तेल को बिना गरम किए भी उपयोग में ला सकते हैं. लेकिन अगर आप तेल का तीखापन पसंद नहीं करते हैं तो आप इसे गरम करके उपयोग में ला सकते हैं. 
  • सिरका डालने से अचार का स्वाद बढ़ता है और अचार की शैल्फ लाइफ भी बढ़ जाती है. 
  • जिस बर्तन में अचार बना रहे हो वह अच्छे से साफ और सूखा होना चाहिए.

Mooli Gajar ka mix Achaar । सर्दियों के लिये खास गाजर मूली का अचार । Gaazar Muli Pickle

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
3.6 / 5 (310 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (10)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

Nidhi
निशा जी आप कोई भी रेसेपी का विडीयो डालें। तो उसमें चम्मच जरूर दिखाए कि इस साईज के चम्मच से मैने ये सामग्री इतनें चम्मच ली हैं। ताकी जो भी आपकी बताई रेसेपी ट्राई करें तो वो उसमें सारी सामग्री सही मात्रा में डालकर एकदम प्रफेक्ट रेसेपी बना सके।
क्योंकि सबके घर में अलग अलग साईज के चम्मच होते हैं कोई छोटी चम्मच किसी को मान लेता है कोई बड़ी चम्मच किसी को मान लेता है। जिस वजह से रेसेपी में सही मात्रा में सामग्री नहीं डलती और सभी से प्रफेक्ट रेसेपी नहीं बन पाती।
NishaMadhulika
Nidhi जी, सुझाव के लिए धन्यवाद मैं पूरी कोशिश करुंगी.
sumant
good
NishaMadhulika
सुमंत जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
Akanksha Prasad
Gajar or muli ke achar me sirke ke jagh pe kuch or dal sakte hai kya
NishaMadhulika
अकांक्षा जी, आप इसमें नींबू का रस भी उपयोग में ला सकती हैं.
Neelam anand
धूप मे सूखने के बाद, क्या घंटे बाद भी मसाला मिक्स कर सकते है (खट्टी स्मैल आने लगती है।)
Sanjeev angaria
Can we use lemon juice or galgal juice or apple cider?

निशा: संजीव जी, उपयोग कर सकते हैं.
dinesh kumari
Mam, white sirke ki jagah brown sirka bhi use ker sakte h kya.

निशा: दिनेश जी, उपयोग कर सकते हैं.
mo shazeb
Nisha ji sheermaal banana batayen plzzzz

निशा: शाजे़ब जी, सुझाव के लिए धन्यवाद मैं इसे जल्द ही बनाने की कोशिश करूंगी.