आलू पालक मसाला परांठा | Aloo Palak Paratha | Potato spinach stuffed Paratha

📅 30 अक्टूबर 2017 👁 57.1 हज़ार बार देखी गई 💬 5 कमेंट ★ 3.4 (292)

सर्दियों के मौसम में ताजे पालक के आने पर आलू पालक मसाला परांठा ब्रेकफास्ट, लंच या डिनर के लिए बनाएं और इसके स्वाद का खूब आनंद उठाएं. आइए देखें इसकी सरल रेसिपी

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Potato spinach stuffed Paratha

  • गेहूं का आटा - 2 कप (300 ग्राम)
  • पालक - 300 ग्राम
  • उबले आलू - 3 (300 ग्राम)
  • बेसन - 2 टेबल स्पून
  • तेल - 3 से 4 टेबल स्पून
  • जीरा - ¼ छोटी चम्मच
  • अजवायन - ¼ छोटी चम्मच
  • हींग - 1 पिंच
  • धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर - ¼ छोटी चम्मच
  • हल्दी पाउडर - ¼ छोटी चम्मच
  • हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)
  • अदरक का पेस्ट - 1 छोटी चम्मच
  • नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार

विधि - How to make Aloo Palak Paratha

पालक को साफ करके पत्तियां निकालकर धोकर पानी सूखने तक सुखा लीजिए.

नरम आटा लगाइए
गेहूं के आटे मे ½ छोटी चम्मच नमक, 2 छोटी चम्मच तेल डालकर मिला लीजिए. इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सादे परांठे जैसा नरम आटा लगाकर तैयार कर लीजिए. इतना आटा लगाने में 1 कप से थोड़ा कम पानी का इस्तेमाल हुआ है. आटे को ढककर 20 मिनिट के लिए रख दीजिए.

स्टफिंग बनाएं
पालक का बंच बनाकर पालक को बारीक काट लीजिए. आलू छील लीजिए.
पैन गरम कीजिए. इसमें बेसन डालकर सूखा ही भून लीजिए. बेसन का रंग बदलने और अच्छी खुश्बू आने पर बेसन भुनकर तैयार है. इसे प्याले में निकाल लीजिए.

उसी पैन में 2 छोटी चम्मच तेल डाल लीजिए और गैस धीमी करके अजवायन, जीरा, हींग डालिए. इसके बाद, हल्दी पाउडर, अदरक का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर मसालों को हल्का सा भून लीजिए. फिर, कटे हुए पालक के पत्ते डाल दीजिए और आंच मध्यम कर लीजिए. आलू को भी बारीक तोड़कर डाल दीजिए. साथ ही ½ छोटी चम्मच नमक, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर डालकर मिक्स कर दीजिए. साथ ही बेसन डालकर सारी चीजों को मैश करते हुए मिक्स कीजिए. स्टफिंग तैयार होने पर इसे प्लेट में निकाल लीजिए.

परांठे बेलिए
20 मिनिट में आटे के सैट हो जाने पर, हाथ को थोड़े से तेल से लगाकर आटे को मसलकर चिकना कर लीजिए. गुंथे हुए आटे से थोड़ा सा आटा निकालिए और गोल लोई बना लीजिए. लोई को सूखे आटे में लपेटकर 3 से 4 इंच के व्यास में गोल परांठा बेल लीजिए, बेले हुए परांठे पर थोड़ा सा तेल लगा लीजिए और इस पर अपनी पसंद के अनुसार थोड़ी कम या ज्यादा स्टफिंग रख लीजिए और हाथ से परांठे को चारों ओर से उठाकर स्टफिंग को बन्द कर दीजिए

स्टफिंग भरी लोई को उंगलियों से दबाकर थोड़ा सा बड़ा लीजिए ताकि स्टफिंग एक जैसी फैल जाए. लोई को सूखे आटे से लपेट लीजिए और हल्का दबाव देते हुए 6 से 7 इंच के आकार में हल्का मोटा परांठा बेलकर तैयार कर लीजिए.

परांठे सेकिए
तवा गैस पर रखकर गरम कीजिए. तवा गरम होने पर तवे के ऊपर थोड़ा सा तेल डालकर इसे चिकना कर लीजिए. परांठे को सिकने के लिए तवे पर डालिए और मध्यम आंच पर सिकने दीजिए. निचली सतह से थोड़ा सिकने पर परांठे को पलट दीजिए. परांठे की दूसरी सतह थोड़ा सा सिकने पर पहली सतह पर थोड़ा सा तेल डालकर चारों ओर फैला दीजिए और परांठे को पलट दीजिए. दूसरी सतह पर भी तेल डालकर चारों ओर फैला दीजिए. परांठे को किनारों पर कलछी से दबाते हुए दोनो ओर हल्की ब्राउन चित्ती आने तक सेक लीजिए. सिके परांठे को तवे से उतारकर किसी प्लेट पर रखी प्याली पर रख लीजिए या सीधे खाने वाले की थाली में परोसिए. बाकी परांठे भी इसी तरह सेककर तैयार कर लीजिए.

गरमागरम पालक आलू मसाला परांठे तैयार हैं. इन मसालेदार परांठों को दही, रायता, अचार, चटनी या कोई भी ग्रेवी वाली सब्जी के साथ परोस सकते हैं.

6 से 7 परांठे बनाने के लिए पर्याप्त सामग्री

सुझाव

  • आटे में तेल डाले बिना भी परांठे बनाए जा सकते हैं, लेकिन आटे में थोड़ा सा तेल डालने से परांठे नरम बनते हैं.
  • स्टफिंग में भुना बेसन डालने से बेसन पालक की नमी सोख लेता है और स्टफिंग अच्छी तैयार होती है. 
  • परांठे में लोई के साइज से ज्यादा स्टफिंग ना भरें, वरना परांठा फट सकता है. 
  • गरमागरम परांठा सीधे प्लेट पर रखने से नीचे से गिलगिला हो जाता है.

Aloo Palak Paratha | आलू पालक मसाला परांठा । Potato spinach stuffed Paratha

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
3.4 / 5 (292 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (5)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

LEENA SHAHANE
VERY HEALTHY RECEPE

निशा: लीना जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
Ekta
Aloo bathua ka paratha recipe video plz

निशा: एकता जी, आप इसी तरह पालक के बदले बथुआ डाल कर आलू बथुआ परांठा भी बना सकती हैं.
Shaily Jain
Thanks Nisha Ji, mene aise hi banaye aur bahut achhe bane, sabne tarif ki, I am a big fan of your recipes. Keep posted. Thanks.

निशा: शैली जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
Anshika Narayana
Nisha Aunty kya palak ko atte mein hi goonthakar parate bana sakte hai. Isme to bahut time lag jayega aur mere se stuffed parathe achche nahgi bante.

निशा: अंशिका जी, बिलकुल आप ऎसे भी परांठे बना कर तैयार कर सकते हैं.
Anshul Bajaj
palak ke parathe mere to favorite hai Nishaji aur apne to ise aloo ke sath banakar aur bhi vadiya swad de daala. kal hi mummy ko bolunga tiffin ke liye pack kare.

निशा: अंशुल जी, बहुत बहुत धन्यवाद.