लाल मसूर की दाल । Lal Masoor Dal Tadka | Masoor Dal Recipe । Red Masoor daal

लाल मसूर की दाल कम लोग ही खाना पसंद करते हैं, लेकिन इसे मसालों और तड़के के साथ अलग तरह से तैयार किया जाए, तो यह दाल सभी को भाएगी.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Red Masoor daal
- लाल मसूर दाल - ½ कप (100 ग्राम) (भिगोकर ली हुई)
- टमाटर - 1 (बारीक कटा हुआ)
- हरा धनिया - 2-3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- घी - 2-3 टेबल स्पून
- करी पत्ते - 10-12
- जीरा - ¾ छोटी चम्मच
- हींग - ½ पिंच
- हरी मिर्च - 1
- अदरक - ½ इंच टुकडा़ (बारीक कटा हुआ)
- हल्दी पाउडर - ¼ छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर - ¼ छोटी चम्मच
- नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
विधि - How to make Lal Masoor Dal Tadka
कुकर को गैस पर गरम होने के लिए रखिए, कुकर में 2 छोटे चम्मच घी डालकर गरम कीजिए. घी गरम होने पर इसमें ¾ छोटी चम्मच का आधा जीरा डाल दीजिए और हींग भी डाल दीजिए. जीरा भुनने के बाद ¼ छोटी चम्मच हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, बारीक कटी हरी मिर्च और बारीक कटा अदरक डालकर 8-10 करी पत्ते भी काटकर मसाले में डाल दीजिए. मसाले को हल्का सा भून लीजिए.
मसाले के भुन जाने पर इसमें बारीक कटे हुए टमाटर भी डाल दीजिए और मसाले को तब तक भूनिए जब तक कि मसाले में से तेल न अलग होने लगे. मसाले में से तेल अलग होने पर इसमें दाल डाल दीजिए. दाल को मसाले में डालकर अच्छे से मिक्स कर दीजिए.
दाल में 2 कप पानी डालकर अच्छे से मिक्स कर दीजिए. दाल में लाल मिर्च डाल दीजिए और थोड़ी सी मिर्च बचा लीजिए. साथ ही नमक भी डाल दीजिए. सभी चीजों को अच्छे से मिला दीजिए.
कुकर को बंद कर दीजिए और दाल को 1 सीटी आने तक पकने दीजिए. कुकर में सीटी आने पर गैस धीमी कर दीजिए और दाल को धीमी आंच पर 2 मिनिट पकने दीजिए.

2 मिनिट बाद गैस बंद कर दीजिए और कुकर का प्रेशर खत्म होने के बाद कुकर खोलिये. दाल पककर तैयार है. दाल में थोडा़ सा हरा धनिया डालकर मिला दीजिए. दाल को प्याले में निकाल लीजिए.
दाल को थोड़ा और अधिक स्वादिष्ट बनाने के लिए एक बार फिर से हल्का सा तड़का लगा लीजिए. इसके लिए पैन में 1 छोटी चम्मच घी गरम कीजिए. गरम घी में ¼ चम्मच छोटी चम्मच जीरा, लम्बाई में कटी हुई हरी मिर्च और 1-2 करी पत्ते डालकर हल्का सा भून लीजिए. मसाले के भुन जाने पर गैस बंद कर दीजिए और मसाले में बची हुई लाल मिर्च पाउडर डालकर तड़के को दाल में डाल दीजिए और हल्का सा चलाइए. इससे दाल दिखने में बहुत अच्छी लगेगी और स्वाद भी बढ़ जाएगा.
गरमागरम लाल मसूर दाल तैयार है. इस दाल तड़के को चपाती, परांठे, नान या चावल किसी के भी साथ सर्व कीजिए और इतनी दाल परिवार के 3-4 सदस्यों के लिए पर्याप्त है.
सुझाव
- टमाटर, हरी मिर्च, अदरक को बारीक काट कर लिया गया है. आप चाहें तो इनका पेस्ट बनाकर भी उपयोग कर सकते हैं.
- प्याज और लहसुन का उपयोग तड़के के लिए कर सकते हैं.
Lal Masoor Dal Tadka | लाल मसूर की दाल । Masoor Dal Recipe । Red Masoor daal
कमेंट (8)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
Iska lya mtlb hai ghar ki sari mirch daal de kya????????????
निशा: कैफ जी, सुझाव के लिए धन्यवाद, मैं इन्हें बनाने कि कोशिश करूंगी.
निशा: अनीता जी, आप कम मसाले डालकर बिलकुल इसी तरह से दाल बनायें, दाल अच्छी बनेगी.
निशा: राघव जी, बिलकुल आप ये दाल बनाएं और सभी को कैसी लगी अपने अनुभव हमारे साथ जरूर शेयर कीजिएगा.