फराली आलू टिक्की । Aloo Tikki for Vrat | Potato Cutlet for Navratra

उबले आलू, सिंघाड़े के आटे और मूंगफली के दानों से तैयार क्रिस्पी और टेस्टी फराली आलू टिक्की.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Potato Cutlet for Navratra
- उबले हुए आलू - 5 (400 ग्राम)
- सिंघाड़े का आटा - ¼ कप (50 ग्राम)
- मूंगफली के दाने - ¼ कप (50 ग्राम) (दरदरे कुटे हुए)
- हरा धनिया - 2-3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- घी - 2-3 टेबल स्पून
- अदरक - ½ छोटी चम्मच (बारीक कटी हुई)
- हरी मिर्च - 1-2 (बारीक कटी हुई)
- काली मिर्च - 8-10 (दरदरी कुटी हुई)
- सैंधा नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
विधि - How to make Aloo Tikki for Vrat
फलाहारी टिक्की बनाने के लिए 5 उबले हुए आलू छील कर ले लीजिए. इन्हें किसी बड़े प्याले में कद्दूकस कर लीजिए. कद्दूकस किए हुए आलू में सैंधा नमक, दरदरी कुटी काली मिर्च, बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक, सिंघाड़े का आटा, दरदरे भूने मूंगफली के दाने और बारीक कटा हरा धनिया डाल कर अच्छे से मिक्स कर लीजिए. मिश्रण बनकर तैयार है.
हाथ पर थोडा़ सा तेल लगाकर मिश्रण में से थोड़ा सा मिश्रण निकाल लीजिए (टिक्की आप अपनी पसंद अनुसार बड़ी या छोटी जैसे चाहें बना सकते हैं).
मिश्रण को हाथ में रखिये और गोल कर लीजिये, गोले को हथेली से दबाकर चपटा कर के टिक्की का शेप दे दीजिये. सभी गोले इसी तरह बनाकर तैयार कर लीजिये.

टिक्की को शैलो फ्राय करें
पैन को गैस पर रख कर गरम कीजिए. गरम पैन में 2-3 टेबल स्पून घी डाल दीजिये, घी के गरम होने के बाद सारी टिक्की या पैन पर जितनी टिक्की आ जाय, सिकने के लिये लगा कर रख दीजिये, धीमी - मीडियम आग पर आलू टिक्की सेकिये, टिक्की के नीचे से हल्की सी सिक जाने के बाद इसे पलट दीजिए और टिक्कियों को कलछी की सहायता से पलट-पलट कर दोनों ओर से गोल्डन ब्राउन होने तक सिकने दीजिये. आलू की टिक्की तैयार हैं. इसे प्लेट में निकाल लीजिए. टिक्की को बनने में लगभग 12 मिनिट का समय लग जाता है.
गरमागरम फलाहारी आलू की टिक्की बनकर तैयार हैं. इन्हें सर्व करने के लिए दही, व्रत की हरे धनिये की चटनी, मूंगफली के दानों की फलाहारी चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं.
सुझाव
- मिर्च आप अपने स्वादानुसार कम या ज्यादा जैसी रखना चाहें रख सकते हैं.
- सिंघाड़े के आटे के बदले कुट्टू का आटा लिया जा सकता है.
- मूंगफली के दाने अगर नहीं डालना चाहें तो हटा सकते हैं.
- टिक्की को घी के बदले व्रत में खाने वाले किसी भी रिफाइंड तेल में बना सकते हैं.
- व्रत में अगर आप बहुत कम मसाले खाते हैं तो सिर्फ काली मिर्च और सैंधा नमक से भी टिक्की बना कर खा सकते हैं.
Aloo Tikki for Vrat | फराली आलू टिक्की | Potato Cutlet for Navratra
कमेंट (7)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: सोनम जी, जिस प्रकार सिंघाड़े का आटा व्रत के लिए उपयोग होता है उसी प्रकार कुट्टू का आता व्रत में खाने के लिए उपयोग होता है. ये आपको किसी भी किराना स्टोर पर मिल जाएगा.
निशा: रूही जी, आप इसके लिए कुट्टू का आटा भी ले सकते हैं.
निशा: निष्ठा जी, बहुत बहुत धन्यवाद.