नवरात्रि के लिये फलाहारी चीला । Sabudana Sama ka Cheela Navratri Special | Sago and Samak Cheela

समां के चावल और साबूदाना से बने नवरात्रि के लिए खास फलाहारी चीला, एकदम करारे और स्वादिष्ट.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Sabudana Sama ka Cheela Navratri Special
- समा के चावल- 1 कप (200 ग्राम) (भीगे हुए)
- साबूदाना- ¼ कप (50 ग्राम) (भीगे हुए)
- तेल- 3 से 4 टेबल स्पून
- हरा धनिया- 2 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- हरी मिर्च- 2 (बारीक कटी हुई)
- सेन्धा नमक- 3/4 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
- जीरा- ½ छोटी चम्मच
विधि - How to make Sago and Samak Cheela
फलाहारी चीला बनाने के लिए पहले कुछ तैयारियां कर लीजिए.साबूदाना को पानी से अच्छे से धोकर 3 घंटे के लिए पानी में भिगो दीजिए. 3 घंटे बाद, आप साबूदाना को मीड़कर देखेंगे, तो यह एकदम से मैश हो जाएंगे. समा के चावलों को अच्छे से साफ कर लीजिए और फिर, साबूदाना की तरह ही धोकर उतने ही समय के लिए भिगो दीजिए.
मिक्सर जार में भिगोए हुए साबूदाना और थोड़ा सा पानी डालिए. इन्हें अच्छा बारीक पीस लीजिए. पिसे हुए साबूदाना को प्याले में निकाल लीजिए.
साबूदाना के बाद, समा के चावल में से अतिरिक्त पानी हटाइए और इन्हें मिक्सर जार में डाल दीजिए. समां के चावलों को हल्का दरदरा पीस लीजिए. इन चावलों को भी पिसे हुए साबूदाना के साथ डाल दीजिए.
चावल-साबूदाना के मिश्रण को मिला लीजिए. फिर इस मिश्रण में सेन्धा नमक, हरी मिर्च, हरा धनिया, जीरा डाल दीजिए और सारी सामग्रियों को मिलने तक मिक्स कर लीजिए. इसमें थोड़ा सा पानी डालकर बैटर की कन्सिस्टेन्सी पतली एकदम चम्मच से गिराने वाली कनिस्टेन्सी का कर लीजिए. इतना बैटर बनाने के लिए 1 कप पानी का इस्तेमाल हुआ है.

तवा गरम कीजिए. इस पर थोड़ा सा तेल डालकर सभी तरफ फैला लीजिए और गैस धीमी कर दीजिए ताकि तवा थोड़ा सा ठंडा हो जाए. तवे पर से अतिरिक्त तेल टिशू पेपर से पौंछ लीजिए और हल्के गरम तवे पर 2 से 3 टेबल स्पून बैटर डालकर चीले को चमच़े से गोल-गोल घुमाते हुए फैला दीजिए.
चीला फैलाने के बाद, आंच़ तेज कर लीजिए और चीले के चारों ओर तथा बीच में थोड़ा-थोड़ा तेल डाल दीजिए और सब तरफ चमचे से एक जैसा कर दीजिए. नीचे की ओर से गोल्डन ब्राउन होने पर चीले को पलट दीजिए और दूसरी तरफ से हल्की चित्ती आने तक चमचे से दबा-दबाकर सेक लीजिए.
जैसे ही चीला दूसरी ओर से भी सिक जाए, इसे तवे से उतारकर प्लेट में रख लीजिए. फिर से गैस कम कर दीजिए और तवे पर थोड़ा सा पानी डालिए और गीले कपड़े से पौंछकर इसे ठंडा कर लीजिए तथा दूसरा चीला भी बिल्कुल पहले वाले चीले की तरह फैला दीजिए.
तवे पर चीला फैलाने का अन्य तरीका
इसके लिए, बैटर में ½ से ¾ कप पानी डालिए और इसेे एकदम पतली कन्सिस्टेन्सी वाला बना लीजिए. धीमी गैस पर तवे के हल्का ठंडा होने पर चमचे से थोड़ा-थोड़ा बैटर भरकर तवे पर डालकर फैलाते जाइए. गैस तेज कर दीजिए और इसके चारों तरफ और चीले के ऊपर तेल डालकर फैला दीजिए. इसे नीचे की ओर से सिकने दीजिए.
जब भी दोबारा चीला बनाएं, तो घोल को चमचे से चला लीजिए क्योंकि चावल का आटा तले पर जाकर बैठ जाता है. इतने बैटर में 6 से 7 चीले बनकर तैयार हो जाते हैं.
व्रत के करारे-करारे चीले बनकर तैयार हैं. इन्हें गरमागरम हरे धनिये और मूंगफली के दाने की व्रत की चटनी के साथ परोसिए, सभी को बहुत पसंद आएंगे.
सुझाव
- चीला आप अपनी पसंदानुसार थोड़ा सा बड़ा या छोटा बना सकते हैं.
- पतले चीले फैलाने के लिए तवे को ठंडा करना आवश्यक है.
Sabudana Sama ka Cheela Navratri Special | नवरात्रि के लिये फलाहारी चीला । Sago and Samak Cheela
कमेंट (8)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
धन्यवाद
निशा: मेघा जी, आपको चीला बनाने में क्या समस्या आ रही हैं अगर आप बता सकें तो हम आपको कोई सुझाव दे सकेंगे.
निशा: सौरभ जी, अगर आप व्रत के लिए नहीं बना रहे हैं तो कर सकते हैं.
निशा: अन्वीक्षा जी, चीला बनाने के लिए नॉन स्टिक पैन का उपयोग अच्छा रहता है. लेकिन अगर आप सादा तवा उपयोग में ला रहे हैं तो तवे पर अच्छे से तेल डालकर गरम कीजिए. इसके बाद गैस को एकदम धीमा कर दीजिए और तवे को ठंडा होने दीजिए और तवे पर से अतिरिक्त तेल पोंछ दीजिए. एक आलू को आधा कर के काट कर तवे पर घिस दीजिए. पैन जब हल्का गरम हो जाए तब उस पर बैटर डाल कर चीला बना लीजिए.
निशा: नीतिका जी, बहुत बहुत धन्यवाद.