मूंगदाल पालक का फूला फूला चीला । Puffy Moong Dal Cheela with Spinach । Moong Dal Puffy Cheela

📅 13 सितंबर 2017 👁 46.3 हज़ार बार देखी गई 💬 12 कमेंट ★ 4.0 (418)

स्वाद और सेहत से भरपूर पालक मूंगदाल का फूला फूला चीला, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को भाए, हल्की फुल्की भूख में सब झटपट चट कर जाएं. 

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Moong Dal Puffy Cheela

  • मूंग दाल - 1 कप (180 ग्राम)
  • पालक - 2 कप (200 ग्राम) 
  • हरी मिर्च - 4
  • अदरक - ½ x1 इंच टुकड़ा
  • दही - ½ कप 
  • तेल - 2 टेबल स्पून 
  • ईनो फ्रूट सॉल्ट - ¾ छोटी चम्मच
  • नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार

विधि - How to make Puffy Moong Dal Cheela with Spinach

मूंग दाल को अच्छे से धोकर साफ पानी में 2 घंटो के लिये पानी में भिगोकर रख दीजिए. भीगी हुई दाल में से अतिरिक्त पानी हटाकर मिक्सर जार में डाल दीजिए, साथ में दही और 4 हरी मिर्च काट कर मिक्सर जार में डाल दीजिए और अदरक के टुकड़े को भी मोटा मोटा काटकर डाल दीजिए. सभी चीजों को मिक्सर में पीस लीजिये. दरदरी पिसी हुई दाल को एक बड़े कटोरे में डालकर निकाल लीजिए.

पालक की डंडियाँ तोड़ कर हटा दीजिये, पत्तों को अच्छी तरह धोकर पानी सूखने तक सूखा लीजिए. पालक के पत्तों को बारीक काटकर ले लीजिए और इन्हें दाल के पेस्ट में डाल दीजिए और साथ में 1 छोटी चम्मच नमक डाल कर अच्छे से मिक्स कर दीजिए.

सभी चीजों के अच्छे से मिल जाने के बाद इसमें ¾ छोटी चम्मच ईनो फ्रूट सॉल्ट डाल कर मिला दीजिए. बैटर के अधिक गाढा़ होने पर इसमें 2 टेबल स्पून पानी डालकर मिक्स कर लीजिए (बैटर की कंसिस्टेंसी पकोड़े के बैटर जैसी होनी चाहिए). चीले बनाने के लिए मिश्रण तैयार है.

चीला बनाने के लिए नॉनस्टिक तवा गर्म कीजिए और थोड़ा सा तेल तवे पर लगा दीजिए जिससे कि चीला तवे पर ना चिपके. तवे के हल्का सा गरम होने पर इस पर लगा अतिरिक्त तेल हटा दीजिए और गैस मध्यम कर दीजिए. अब 2 चमचा बैटर तवे पर डालकर चीले को चमचे से गोल करते हुए थोडा़ सा मोटा चीला फैलाइये. चीला के चारों ओर चम्मच से थोड़ा थोड़ा तेल डालिये, और थोड़ा सा तेल चीले के ऊपर भी डाल दीजिये.

चीले को ढककर मीडियम गैस पर पकने दीजिए. 4 मिनिट बाद चीले को चैक कीजिए, चीला नीचे से सिक चुका है, तो इसे पलट दीजिए और अब चीले को बिना ढके दूसरी ओर से भी हल्की ब्राउन चित्ती आने तक सेक लीजिये. चीले के दोनों ओर से सिकने के बाद, इसे उतारकर प्लेट पर रखी प्याली पर रख दीजिए और चीले के हल्का सा ठंडा हो जाने पर इसे प्लेट पर रख दीजिए. सारे चीले इसी प्रकार सेककर तैयार कर लीजिये. 1 चीला को सिकने में 7 से 8 मिनिट का समय लग जाता है और इतने बैटर में 5 से 6 चीले बनकर तैयार हो जाते हैं.

स्वादिष्ट मूंगदाल पालक के चीले बनकर तैयार है. चीलों को आप टमैटो सॉस, हरे धनिये की चटनी, या अपनी किसी भी मनपसंद चटनी के साथ परोस सकते हैं.

सुझाव

  • चीले का बैटर न बहुत अधिक पतला होना चाहिए और न ही बहुत अधिक गाढा़.
  • चीला बनाने के लिए नॉन स्टिक पैन का उपयोग अच्छा रहता है. लेकिन अगर आप सादा तवा उपयोग में ला रहे हैं तो तवे पर अच्छे से तेल डालकर गरम कीजिए. इसके बाद गैस को एकदम धीमा कर दीजिए और तवे को ठंडा होने दीजिए और तवे पर से अतिरिक्त तेल पौंछ दीजिए. एक आलू को आधा करते हुए काटकर तवे पर घिस दीजिए. पैन जब हल्का गरम हो जाए तब उस पर बैटर डाल कर चीला बना लीजिए.

Puffy Moong Dal Cheela with Spinach । मूंगदाल पालक का फूला फूला चीला । Moong Dal Puffy Cheela

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
4.0 / 5 (418 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (12)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

PragnaMehta
Why do we need eno fruit salt in this recipe?
NishaMadhulika
PragnaMehta जी, इसके उपयोग से चीला अच्छा फूला और स्पंजी बन कर तैयार होता है.
Narayan
Nasta
NishaMadhulika
नारायण जी, आप इसे नाश्ते में खाएं ये आपको बहुत पसंद आएगा.
Anshu Dua
Thank u mam for the recipe.Maine ye chilla bnaya aur sabhi ko bahut pasand aaya..

निशा: अंशु जी, मुझे खुशी है कि आपने ये रेसिपी बनाई और सभी को पसंद आई. अपने अनुभव हमारे साथ बांटने के लिए बहुत बहुत धन्यवाद.
Anshu Dua
Namastey mam..Mam kya ye chilla hm methi leaves dal kar bhi bana skte hai???

निशा: अंशु जी, आप अपने स्वादानुसार बदलाव करके इसे बना सकते है.
Bhawana
Mam.apki sabhi recipe bhot.hi easy n testy hoti h agar humain sirf 1 hi chilla banye to kya quantity hogi sabhi items Ki ismain hum chaanch bhi dal sakte h kya....kindly reply mam..
निशा: भावना जी, सारी चीजें इससे आधा मात्रा में ले लीजिये, और चीला बनाइये.
Pratibha Rao
Forgot to grind for dada batter. what happens if rice & dal soaked for more than 20 hours?. can it be used to grind for dosa batter?

निशा: प्रतिभा जी, आप इन्हें उपयोग कर सकती हैं.
Nisha chandel
Very nice recipe.i tried it and it came out to be very tasty. My daughter who is very choosy liked it very much and ate whole . thankyou so much Nisha mam

निशा: निशा जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
Sarita Bhatia
very healthy recepie. mam moong ki kon si dal use karni hai

निशा: सरीता जी, मूंग की धुली दाल का उपयोग किया गया है.
Ranjeet raivansh
Nishaji Cheela to mast lag raha hai lekin yeh Eno Fruit salt kya hai aur kaha milega.

निशा: रंजीत जी, ईनो साल्ट, सफेद पाउडर जैसा होता है, इसे फ्रूट साल्ट भी कहते हैं, जिसे पेट की गैस या अपच होने पर पानी में घोल कर लिया जाता है. ये आपको किसी भी मेडिकल स्टोर या ग्रोसरी स्टोर पर आसानी से मिल जाएगा.
Charu Singh
bada hi healthy aur tasty cheela hai. Bachcho ke lunch ke liye bahut hi achcha rahega. Par Eno ki jagah kuch aur use kar sakte hai kya?

निशा: चारू जी, बेकिंग सोडा उपयोग कर सकते हैं, लेकिन इसे थोड़ा कम मात्रा में यूज करें.