वेज पनीर पैकेट्स । Veg Paneer Pocket on Tawa । Tawa Fry Veg Paneer Parcel | Paneer Paratha Packet

दिखने में बेहतरीन और स्वाद में लाज़वाब वेज पनीर पैकेट्स, बच्चों के टिफिन में पैक करने के लिए परफेक्ट रहते हैं.
आवश्यक परांठा - Ingredients for Tawa Fry Veg Paneer Parcel
- गेहूं का आटा - 1 कप (150 ग्राम)
- गाजर - ½ कप (बारीक कटी हुई)
- शिमला मिर्च - ½ कप (बारीक कटी हुई)
- पनीर - 50 ग्राम
- टमाटर - 1 (बारीक कटा हुआ)
- बेबी कॉर्न - 2 (बारीक कटा हुआ)
- पत्तागोभी - ½ कप (बारीक कटी हुई)
- हरा धनिया - 2 - 3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- घी - 2 - 3 टेबल स्पून
- तेल - 1 टेबल स्पून
- जीरा - ¼ छोटी चम्मच
- हल्दी पाउडर - ¼ छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर - ½ छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर - ¼ छोटी चम्मच से कम
- अदरक - ½ इंच टुकडा़ (बारीक कटा हुआ)
- हरी मिर्च - 1 (बारीक कटी हुई)
- नमक - ¾ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
- पिज़्ज़ा सॉस - 1 टेबल स्पून
विधि - How to make Paneer Paratha Packet
एक बड़े प्याले में आटा निकाल लीजिए. आटे में 1 छोटी चम्मच घी डाल दीजिए और ¼ छोटी चम्मच नमक डालकर अच्छे से मिक्स कर दीजिए और थोडा़ थोडा़ पानी डालते हुए चपाती के जैसा नरम आटा गूंथकर तैयार कर लीजिए. आटे को ढककर 20-25 मिनिट के लिए रख दीजिए, आटा सैट होकर तैयार हो जाएगा.
स्टफिंग बनाएं
पैन में 1 टेबल स्पून तेल डालकर गरम कर लीजिए. गरम तेल में जीरा डालकर हल्का सा भून लीजिए. जीरा भुनने के बाद इसमें हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, बारीक कटा हुआ अदरक और बारीक कटी हुई हरी मिर्च डालकर मसाले को हल्का सा भून लीजिए.
मसाला भुन जाने पर इसमें बारीक काटकर रखी हुई सब्जियां- गाजर, बेबी कॉर्न, शिमला मिर्च और टमाटर डालकर मिक्स कर दीजिए. सब्जी में नमक और 1 टेबल स्पून पानी डाल दीजिए. सब्जी को ढककर 2 मिनिट के लिए हल्का सा क्रंची होने तक पका लीजिए.
2 मिनिट बाद सब्जियों को चैक कीजिए, इसमें लाल मिर्च पाउडर, पिज़्ज़ा सॉस डाल दीजिए और अच्छे से मिक्स कर दीजिए. स्टफिंग बनकर तैयार है, गैस बंद कर दीजिए. थोडा़ सा हरा धनिया डालकर मिक्स कर लीजिए. स्टफिंग को प्लेट में निकाल लीजिए ताकि यह जल्दी से ठंडी हो जाए.

20 मिनिट बाद आटा सैट होकर तैयार है. हाथ पर थोडा़ सा घी लगाकर आटे को दोबारा मसलकर चिकना कर लीजिए. गैस पर तवा गरम होने के लिए रखिये.
गूंथे हुए आटे से थोड़ा सा आटा तोड़कर लोई बना लीजिए. लोई को दोनो हथेली से रोल कर लीजिए. लोई को थोड़े से सूखा आटा में लपेटिये और लोई को अर्धचंद्राकार आकार में पतला बेलकर तैयार कर लीजिए.
बेली हुई लोई के ऊपर किनारे छोड़ते हुए आधे भाग पर थोडी़ सी स्टफिंग रखिए और पतला फैला दीजिए. फिर इस स्टफिंग के ऊपर पनीर के टुकड़े रख दीजिए और इनके ऊपर पत्तागोभी रख दीजिए. लोई के किनारों पर उंगली की मदद से थोडा़ सा पानी लगा दीजिए और लोई के आधे प्लेन भाग को उठाते हुए स्टफिंग को ढककर बंद कर दीजिए और किनारों को उंगलियों से चिपका दीजिए. किनारों को फोर्क की मदद से थोडा़ और दबा दीजिए.
तवा गरम होने पर, तवे पर थोड़ा सा घी लगाइये और बेला हुआ परांठा गरम तवे पर डाल दीजिए. थोडा़ सा घी परांठे के किनारों पर और परांठे के ऊपर भी डाल दीजिए. परांठे को धीमी आंच पर नीचे की ओर से गोल्डन चित्ती आने तक सेक लीजिए. परांठे को ढककर 2 मिनिट के लिए सिकने दीजिए ताकि परांठा अंदर की ओर से भी अच्छे से सिक कर तैयार हो जाए.
2 मिनिट बाद परांठे को पलट दीजिए और परांठे को मीडियम आंच पर सेक लीजिए. परांठे के ऊपर की ओर घी लगाइये और परांठे को पलट-पलट कर दोनों ओर से अच्छी ब्राउन चित्ती आने तक बिना ढके ही सेक लीजिए. परांठा सिक कर तैयार है. परांठे को किसी प्लेट पर रख दीजिए, नीचे कलछी लगाकर रखे रहने दीजिए ताकि भाप निकल सके. इसी तरह सारे परांठे बनाकर तैयार कर लीजिए. इतने आटे से 3 से 4 परांठे बनकर तैयार हो जाते हैं.
गरमा गरम स्वादिष्ट वेज पनीर परांठा पैकेट्स बनकर तैयार है. इसे आप ऎसे ही बिना किसी अन्य चीज के साथ आराम से खा सकते हैं. आप चाहें तो इसे आम के छुन्दे या खट्टी मीठी चटनी के साथ भी खा सकते हैं. परांठे को काट कर टिफिन में बच्चों को दिया जा सकता है, बच्चों को ये परांठा बहुत पसंद आएगा.
Veg Paneer Pocket on Tawa | वेज पनीर पैकेट्स । Tawa Fry Veg Paneer Parcel | Paneer Paratha Packet
कमेंट (7)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: प्रियंका जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
Aap imli ki goli banana sikhaye naa or imarti bhi
Plzzz
निशा: पायल जी, सुझाव के लिए धन्यवाद. मैं इन्हें बनाने की कोशिश करूंगी.
Bht tasty bane paneer parantha packets....
Kuch mithai ki recipe update kr dijiye naaa...
Kesar mawa roll, dodha burfi
निशा: पायल जी हां हम इन्हैं बनाने की कोशिश करेंगे.
निशा: गीतम जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: अवंतिका जी, आप इन्हैं तवे पर बिना तेल के सेक सकते हैं, ओवन में इनकी परत हार्ड हो जायेगी.