तिरंगा ढोकला । Tiranga Sandwich dhokla | Tricolour Dhokla Recipe

प्राकृ्तिक रंगों से तैयार तिरंगा ढोकला, खाने में स्वादिष्ट और दिखने में आकर्षक भी.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Tricolour Dhokla Recipe
- सूजी - 250 ग्राम (1.5 कप से थोडा़ कम)
- बेसन - 1 कप (100 ग्राम)
- दही - 1 कप
- पालक प्यूरी - 1 कप
- टमाटर - 2 (150 ग्राम)
- तेल - 4 टेबल स्पून
- नींबू - 2
- हरी मिर्च - 4
- ताजा नारियल - 2-3 टेबल स्पून (कद्दूकस किया हुआ)
- हल्दी पाउडर - ½ छोटी चम्मच
- सरसों के दाने - 1 छोटी चम्मच
- तिल - 1 छोटी चम्मच
- करी पत्ता - 15 - 20
- नमक - 1.5 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
- ईनो फ्रूट सॉल्ट - 1.5 छोटी चम्मच
विधि - How to make Tiranga Sandwich dhokla
तिरंगा ढोकला बनाने के लिए तीन अलग अलग रंग के बैटर तैयार करेंगे. सबसे पहले 250 ग्राम सूजी को अलग-अलग प्याले में आधा - आधा निकाल लीजिए.
हरा बैटर बनाने के लिए पालक के पत्तों को अच्छे से साफ करके धोकर मिक्सर जार में डाल दीजिए. साथ ही इसमें 2 हरी मिर्च डाल कर पेस्ट तैयार कर लीजिए.
इसके बाद, एक प्याले में सूजी के साथ पालक प्यूरी डाल कर मिक्स कीजिए. इस मिश्रण में 1 नींबू का रस और ½ छोटी चम्मच नमक डाल कर अच्छे से मिक्स कर दीजिए. बैटर को 10-15 मिनिट के लिए ढक कर रख दीजिए ताकी सूजी अच्छे से फूल कर तैयार हो जाए.
सफेद बैटर बनाने के लिए दूसरे प्याले में जो सूजी थी उसमें फैंटा हुआ दही और आधा छोटी चम्मच नमक डालकर मिक्स कर लीजिए और इस बैटर को भी 10-15 मिनिट के लिए ढक कर रख दीजिए ताकी सूजी अच्छे से फूल कर तैयार हो जाए.

तीसरे रंग का बैटर तैयार करने के लिए सबसे पहले 2 टमाटर का पेस्ट तैयार कर लीजिए. टमाटर को मोटा मोटा काट कर मिक्सर जार में डाल दीजिए, साथ में आधा छोटी चम्मच हल्दी पाउडर डाल कर पेस्ट तैयार कर लीजिए. इसके बाद, बेसन को भी टमाटर पेस्ट के साथ ही मिक्सर जार में डाल कर पेस्ट तैयार कर लीजिए. मिश्रण ज्यादा गाढा़ होने पर इसमें चौथाई कप पानी डाल कर एक बार फिर से मिक्सर में चला दीजिए. चिकना बैटर बनकर तैयार है इसे प्याले में निकाल लीजिए.
अब जिस बर्तन में ढोकला बनाना है उस बर्तन में जाली स्टैंड रख कर उसमें तीन कप पानी डाल कर बरतन को ढक कर गरम होने के लिए रख दीजिए ताकि बरतन में अच्छे से भाप बननी शुरू हो जाए. जिस थाली में ढोकला बनाना है उस थाली को तेल लगाकर चिकना कर लीजिए और थाली के उपर एक बटर पेपर भी रख दीजिए ताकि ढोकला अच्छे से निकल सके और थोडा़ सा तेल बटर पेपर के ऊपर भी लगा दीजिए.
बैटर फूलकर तैयार होने पर पहले हरे रंग का बैटर डालेंगे. बैटर अगर बहुत ज्यादा गाढा़ लग रहा हो तो उसमें 2 से ढाई चम्मच पानी डाल कर मिक्स कर दीजिए. मिश्रण में 1 बडा़ चम्मच तेल डालकर मिक्स कर दीजिए ताकि ढोकला अच्छा सोफ्ट बने. इस मिश्रण में 1/2 छोटी चम्मच ईनो फ्रूट सॉल्ट डालकर मिला दीजिए.
मिश्रण को थाली में डाल कर अच्छे से फैला दीजिए और थाली को हल्का सा खटखटा कर मिश्रण को एक जैसा कर लीजिये.
बर्तन में डाला गया पानी गरम हो जाने और उसमें भाप बनने पर, गैस धीमी करके थाली को बड़े बर्तन के अंदर स्टैंड पर रखिये. इस बर्तन को ढक दीजिए और गैस तेज करके ढोकला 4 मिनिट पकने दीजिए.
4 मिनिट बाद गैस धीमा कर दीजिए और बर्तन का ढक्कन हटा कर ढोकला की थाली को बाहर निकाल लीजिए. बड़े बर्तन को फिर से ढक कर रख दीजिए ताकि बर्तन में भाप बनी रहे.

ढोकला के ऊपर सफेद रंग का बैटर डालेंगे. बैटर अगर गाढा़ हो तो इसमें 1 चम्मच पानी डालकर मिक्स कर दीजिए. फिर इसमें 1/2 छोटी चम्मच ईनो फ्रूट सॉल्ट डाल कर मिला दीजिए. बैटर को थाली में डालकर बहुत हल्के हाथों से एक जैसी परत फैला दीजिए. थाली को फिर से बरतन के अंदर रख दीजिए और फिर से 4 मिनिट के लिए तेज गैस पर पकने दीजिए.
4 मिनिट बाद गैस धीमा कर दीजिए बैटर हल्का सा पक गया है. इस बैटर के ऊपर तीसरा यानि की केसरिया रंग का बैटर डालेंगे. बेसन के बैटर में 1 छोटी चम्मच तेल डाल कर मिक्स कीजिए और फिर 1/4 छोटी चम्मच नमक और 1/4 छोटी चम्मच ईनो फ्रूट सॉल्ट डाल कर मिला दीजिए.

ये तीसरे रंग का बैटर भी बाकी मिश्रण के ऊपर डाल कर एक जैसा फैला दीजिए. बरतन को ढक दीजिए और ढोकला को तेज आंच पर 18 से 20 मिनिट पकने दीजिए.
20 मिनिट बाद बड़े बर्तन का ढक्कन हटा कर ढोकला को चैक कीजिए. (टैस्ट के लिये पके हुये ढोकला में चाकू की नोक गढ़ा कर देखिये, मिश्रण चाकू की नोक से नहीं चिपकता है). बेसन का ढोकला बन गया है, गैस बन्द कर दीजिये, ढोकला का बर्तन निकालिये, ठंडा कीजिये और चाकू को किनारे पर चला कर किनारे से ढोकला अलग कर लीजिये. ढोकला प्लेट में पलट कर निकालिये. चाकू से अपने मनपसन्द आकार में ढोकला काट लीजिये.
तड़का लगायें -
पैन में 2 टेबल स्पून तेल डालिये, तेल गरम होने के बाद, राई डालिये, राई तड़कने के बाद गैस कम कर दीजिए और तेल में करी पत्ता, तिल डाल कर हल्का सा भून लीजिए. इसमें लम्बाई में कटी हुई हरी मिर्च डाल कर हल्का सा भून लीजिए. मसाला भून कर तैयार है, गैस बन्द कर दीजिये, इस तड़के को चम्मच से ढोकले के ऊपर सभी जगह डालिये. कद्दूकस किये हुये नारियल को ऊपर से डाल कर सजाइये.
स्वादिष्ट तिरंगा ढोकला बनकर तैयार है. आप चाहें तो इसे ऐसे ही खाएं या इसे हरे धनिये की चटनी, नारियल की चटनी, मूंगफली के दानों की चटनी, या अपनी किसी भी मनपसंद चटनी या सॉस के साथ तिरंगा ढोकला परोसिये और खाइये
सुझाव
- अगर घोल अधिक पतला या अधिक गाढ़ा होगा तो ढोकला स्पंजी नहीं बनेगा.
- ईनो फ्रूट सॉल्ट डालकर आप मिश्रण को ज्यादा देर तक चमचे से न चलाएं क्योंकि अगर ज्यादा फैंटते हैं तो एअर बबल निकल जाने के कारण ढोकला पर्याप्त नहीं फूलेगा.
कमेंट (4)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: प्रिया जी, उरद दाल और चावल से बना बैटर यूज किया जा सकता है.
निशा: अरुणा जी, बहुत बहुत धन्यवाद मैं कोशिश करंगी.
निशा: अरविंद जी, आप न डालना चाहें तो इन्हें हटा भी सकते हैं.
निशा: अरुष जी, बहुत बहुत धन्यवाद.