जन्माष्टमी पाग | Janmashtami Mewa Pag | Dry Fruits Paag | Panchmewa Paag
पांच मेवों से तैयार, स्वाद और सेहत से भरपूर जन्माष्टमी के दिन विशेष तौर पर बनने वाला पाग.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Panchmewa Paag
- मखाने - 1 कप (20 ग्राम)
- सूखा नारियल - 1 कप (60 ग्राम) कद्दूकस किया हुआ
- खरबूजे के बीज - 1 कप (70 ग्राम)
- चीनी - 2 कप (500 ग्राम)
- घी - ¾ कप (150 ग्राम)
- बादाम - ½ कप (40 ग्राम)
- गोंद - ⅓ कप (30 ग्राम)
- खसखस - ¼ कप (30 ग्राम)
- सफेद मिर्च - 1 छोटी चम्मच
- इलाइची - 10 से 12 (पाउडर)
विधि - How to make Janmashtami Mewa Pag
कढ़ाही में घी डालकर गरम कर लीजिए. घी के गरम होने पर इसमें मखाने डालकर थोड़ा हिलाते हुए अच्छे गोल्डन ब्राउन कर लीजिए. मखाने को सिकने में मिल 4 मिनिट लग जाते है. सिके हुए मखानों को प्लेट में निकाल लीजिए. मखाने निकालते समय कलछी को कढ़ाही के किनारे पर रोक लीजिए ताकि अतिरिक्त घी कढ़ाही में ही वापस चला जाए.
गोंद तलने के लिए गैस बंद करके घी को हल्का ठंडा कर लीजिए. गोंद को मीडियम गरम या तेज गरम घी में डाल दिया जाए, तो गोंद अंदर से कच्चा या सख्त रह जाता है. बिल्कुल हल्के गरम घी में और एकदम धीमी आंच पर आधा गोंद तलने के लिए डाल दीजिए. गोंद को हिलाते हुए सेक लीजिए. गोंद को ब्राउन करने के लिए गैस हल्की सी तेज कर लीजिए. इसके बाद, गैस धीमी करके सिके हुए गोंद को एक प्लेट में निकाल लीजिए. बचा हुआ गोंद कढ़ाही में डालकर सेककर निकाल लीजिए. एक बार का गोंद सिकने में 3 मिनिट लगे हैं यानिकि कुल 6 मिनिट में पूरा गोंद सिका है.
बचे हुए घी में बादाम डालकर मीडियम गैस पर हल्के डार्क और फूलने तक भून लीजिए. बादाम के फूलते और रंग में बदलाव आने पर गैस धीमी करके इन्हें भी एक प्याली में निकाल लीजिए. इन्हें तलने में 3 मिनिट लगे हैं.

इसके बाद खरबूजे के बीज को हल्के गरम घी में डाल दीजिए. इन्हें लगातार चलाते हुए मध्यम आंच पर सेक लीजिए. बीजों से चटचट की आवाज आने लगे, उनका रंग बदलने लगे और ये फूले दिखने लगे, तब इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल और खसखस डाल दीजिए. सारी चीजों को मिलाते हुए 2 से 3 मिनिट लगातार चलाते हुए मीडियम से कम आंच पर भूनिए.
3 मिनिट बाद, इन्हें एक प्याले में निकाल लीजिए.
कढ़ाही में चीनी और ¾ कप पानी डाल दीजिए और चीनी को पानी में पूरी तरह से घुलने तक पका लीजिए.
इसी बीच, साबुत मेवे तोड़ लीजिए. पहले सिके हुए बादाम खल बट्टे में तोड़कर ड्राइ फ्रूट्स में डाल दीजिए. इसी तरह मखाने और गोंद भी कूटकर उसमें मिक्स कर दीजिए. बीच-बीच में चाशनी भी चला लीजिए.
सफेद मिर्च को कूटकर पाउडर बना लीजिए.
चाशनी चैक कर लीजिए. चाशनी को चमचे से गिराएं, तो सबसे अंत में अच्छा सा लंबा तार बनता है. हमारी चाशनी तैयार है. चाशनी को चैक करने का दूसरा तरीका यह है कि चाशनी की 1 से 2 बूंदे किसी प्याली में गिराएं और उंगली और अंगूठे के बीच में चिपका कर देखिए, अच्छे से लंबा तार बनना चाहिए.
पाग जमाने के लिए थालियों में घी लगाकर इन्हें चिकना करके तैयार कर लीजिए.

तैयार चाशनी में मेवे डाल दीजिए. साथ ही कुटी हुई सफेद मिर्च, इलाइची पाउडर डाल कर सारी चीजों को मिला लीजिए. मिश्रण को जमने वाली कन्सिस्टेन्सी तक 2 से 3 मिनिट पका लीजिए. गैस धीमी मध्यम रखिए. अगर इस मिश्रण को चमचे से गिराकर देखिए तो चाशनी और मेवे साथ में गिरेंगे यानिकि यह जमने वाली कन्सिस्टेन्सी तक आ गया है. गैस बंद कर दीजिए.
मिश्रण को जमने के लिए थालियों में डालकर फैला लीजिए और इस पर चाकू से काटने के निशान बना लीजिए. आप इसके टुकड़े अपने पसंदानुसार छोटे या बड़े बना सकते हैं.
इसे थोड़ा सा ठंडा होने दीजिए और उसके बाद चाकू की सहायता से टुकड़ों को अलग कर लीजिए. थाली को नीचे की ओर से हल्का सा गैस पर गरम कर लीजिए ताकि पाग आसानी से प्लेट से अलग हो जाए. पाग के टुकड़े निकालने के बाद, छोटे-छोटे टुकड़े रह जाएं, तो उसे एक अलग प्लेट में निकाल लीजिए.
मिक्स ड्राई फ्रूट पाग खाने के लिए तैयार हैं. इन्हें ठंडा होने के बाद एअर टाइट कन्टेनर में रख दीजिए और पूरे 1 माह तक खाते रहिए. जन्माष्टमी पर तो यह पाग बनाया ही जाता है, लेकिन यह इतना स्वादिष्ट और स्वास्थ्य वर्धक पाग है कि इसे कभी भी बनाकर खा सकते है़.
सुझाव
- सफेद मिर्च पाग के स्वाद को तो बढ़ाती ही है, साथ ही यह पाग बहुत मीठा होता है, उसकी मिठास को एडजस्ट कर देती है.
- सफेद मिर्च की जगह काली मिर्च भी ले सकते हैं.
- अगर चाशनी थोड़ी पतली लगे, तो इसे थोड़ा सा और पका लीजिए. अगर लगे कि गाढ़ी है तो उसमें 1 से 2 टेबल स्पून पानी डाल दीजिए.
- मिश्रण को थाली में डालने के बाद तुरंत काटने के निशान लगा दीजिए. अगर तुरंत निशान ना लगाया जाए, तो इनके टुकड़े निकालना मुश्किल हो जाता है.
Janmashtami Mewa Pag | Dry Fruits Paag | जन्माष्टमी पाग । Panchmewa Paag

कमेंट (7)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
According to your recipe janmashtmi Pak I did step by step but MERI burfi ache se nhi BNI I think chashni Kam reh gai but mitha to Sahi h what should I do please help
Ab koi navratri ke ley sweet bta dijiye
निशा: सोनल जी, मेरी वेबसाइट पर नवरात्र से संबंधित बहुत सी रेसिपी दी हुई हैं जैसे सिघाड़े की मीठी कतली, गाजर की खीर, गाजर का हलवा, नारियल पाग मेवे की खीर, समा के चावल की खीर,आलू का हलवा इत्यादि आप जो भी चाहें बना सकती हैं.
Can I use mava in Paag and in which time ?
निशा: मधु जी, जब आप इसमें सारी सामग्री डाल रहे हों तभी भुना हुआ मावा डाल कर मिक्स किया जा साक्ता है.
निशा: नलिनी जी, कर सकते हैं.
निशा: वीना जी, मुझे ये जानकर अच्छा लगा की आपको पाग रेसिपी पसंद आई. बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: रेखा जी, इसे गुड़ से बनाया जा सकता है.