बेड़मी पूरी का आटा मिक्स बनायें | Instant Bedmi Puri Mix | Bedmi Poori Atta Mix

बेड़मी पूरी का पिसा हुआ आटा पहले से तैयार हो, तो बेड़मी पूरी झट से किसी भी समय बनाई जा सकती हैं, तो आइए बेड़मी पूरी का आटा मिक्स बनायें और उस आटे से गरमागरम बेड़मी पूरी भी.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Bedmi Poori Atta Mix
- गेहूं का आटा - 3 कप (450 ग्राम)
- सूजी - 1 कप (180 ग्राम)
- उड़द दाल - 1 कप (200 ग्राम)
- सूखी लाल मिर्च - 7
- काली मिर्च - 10-12
- जीरा - 3 छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर - 1.5 छोटी चम्मच
- सौंफ पाउडर - 1.5 छोटी चम्मच
- हींग - 1 पिंच
- नमक - 1.5 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
- तेल - पूरियां तलने के लिए
विधि - How to make Instant Bedmi Puri Mix
उड़द दाल कपड़े से पोंछ कर ले लीजिए. दाल को भूनने के लिए गैस जलाकर पैन को गैस पर रखिए और पैन में उड़द दाल डाल दीजिए और लगातार चलाते हुए 2-3 मिनिट भून लीजिए.
3 मिनिट बाद दाल में साबुत लाल मिर्च डाल दीजिए और इन्हें भी दाल के साथ ही हल्का सा लगभग 1/2 मिनिट भून लीजिए. फिर इसमें जीरा और काली मिर्च डाल कर इनकी नमी खत्म होने तक दाल के साथ ही भून लीजिए. मसाले भुन जाने पर गैस बंद कर दीजिए और मसालों को लगातार चलाते रहिए क्योंकि पैन अभी भी गरम होगा. दाल और मसालों को प्लेट में निकाल लीजिए और ठंडा होने दीजिए.

दाल और मसाले ठंडे हो जाने पर इन्हें मिक्सर जार में डाल कर पीस लीजिए. जार का ढक्कन थोड़ी देर में खोलकर चैक कीजिए दाल दरदरी पिस गई है तो इसमें हींग, नमक, धनिया पाउडर, सौंफ पाउडर डालकर मिक्सर जार को एक बार फिर से चला दीजिए और एकदम बारीक पाउडर बना कर तैयार कर लीजिए.
इस दाल पाउडर का मिश्रण आटे में डाल दीजिए. साथ ही 1 कप सूजी डाल कर सभी चीजों को मिक्स कर लीजिए. बेड़मी पूरी मिक्स बनकर तैयार है.
बेड़मी पूरी के मिश्रण को किसी भी एयर टाइट कंटेनर में डाल कर रख दीजिए ओर जब आपका बेड़मी पूरी बनाने का मन करे मिश्रण को कंटेनर से निकालिए और स्वादिष्ट बेड़मी पूरी बना कर तैयार कर लीजिए.
बेड़मी पूरी बनाने के लिए
बेड़मी पूरी बनाने के लिए कंटेनर से 2 कप आटा प्याले में निकाल लीजिए. आटे में 2 छोटी चम्मच तेल डाल कर मिक्स कर दीजिए. हल्के गुनगुने पानी की मदद से नरम आटा गूंथ कर तैयार कर लीजिए. गूंथे आटे को 20-25 मिनिट तक के लिए ढककर रख दीजिये ताकि आटा फूल कर सैट हो जाय.
जब आटा सैट हो जाए तब हाथ पर थोड़ा सा तेल लगाकर आटे को मसल-मसल कर चिकना कर लीजिये. पूरी बनाने के लिए कढ़ाही में तेल डालकर गरम कीजिये. गुंथे हुये आटे से थोड़ा-थोडा़ आटा टुकड़ों में तोड़ लीजिए और इन्हें ढक कर रख दीजिए ताकि लोइयां सूखे नहीं.

एक टुकडा़ आटे का उठाएं इसे अच्छे से मसल कर लोई बना लीजिए, और सारी लोईयां इसी तरह बना कर तैयार कर लीजिए. लोई को चकले पर रखिए ओर बेलन की सहायता से ढाई से तीन इंच के व्यास में गोल पूरी बेल कर तैयार कर लीजिए. पूरी को किनारों से बेलते हुए एक जैसा और थोड़ा सा मोटा बेल कर तैयार कीजिए
तेल गरम होने पर इसे चैक कर लीजिये. इसे चैक करने के लिये तेल में थोड़ा सा आटा तोड़कर डालिये, आटा सिककर ऊपर उठकर आना चाहिये. तेल गरम है, पूरी तलने के लिये अच्छा गरम तेल चाहिए. गरम तेल में पूरी तलने के लिये डालिये, पूरी को कलछी से दबा कर फुलाइये और पलट-पलट कर गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिए. तली हुई पूरी को प्लेट पर निकाल रख लीजिये. सारी पूरियां इसी तरह फ्राय कर तैयार कर लीजिये. . इतने आटे में लगभग 15 पूरियां बनकर के तैयार हो जाती हैं.
स्वादिष्ट गरमागरम बेड़मी पूरी को आलू मसाला की सब्जी या किसी भी चटनी के साथ परोसिये और खाइये.
सुझाव
- बेड़मी पूरी में मूंग दाल भी मिला सकते हैं.
- बेड़मी पूरी बनाने के लिए नरम आटा लगाकर तैयार कीजिए क्योंकि यह थोड़ी देर में फूल कर सख्त हो जाता है. बाद में, इसे मसल मसल कर ठीक कर लीजिए.
Instant Bedmi Puri Mix | Bedmi Poori Atta Mix | बेड़मी पूरी का आटा मिक्स बनायें.
कमेंट (5)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: मुझे जानकर अच्छा लगा की आपको मेरी रेसिपी पसंद आई बहुत बहुत धन्यवाद एवं आभार.
thank u
निशा: अमरीन जी, बहुत बहुत धन्यवाद और आभार.
निशा: वरुन जी हां उडद दाल को भिगो कर लेना है.
निशा: निशू जी, 200 ग्राम ही लीजिए, और ये दाल थोड़ी अधिक भी ले लेंगीं तो भी पूरियां अच्छी बनेंगी.
निशा: विनय जी, बहुत बहुत धन्यवाद.