राजस्थानी पंचमेल दाल | Panchratna Dal | Dal Panchmel Recipe | Mixed Dal Tadka

पांच दालों को बराबर मात्रा में लेकर बनने वाली, विशेषतौर पर बाटी के साथ सर्व होने वाली उम्दा ज़ायके की राजस्थानी पंचमेल दाल.
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Mixed Dal Tadka
- चना दाल - 2 टेबल स्पून (30 ग्राम) (भीगी हुई)
- अरहर (तूअर दाल) - 2 टेबल स्पून (30 ग्राम) (भीगी हुई)
- उड़द दाल - 2 टेबल स्पून (30 ग्राम) (भीगी हुई)
- मूंग दाल - 2 टेबल स्पून (30 ग्राम) (भीगी हुई)
- मसूर दाल - 2 टेबल स्पून (30 ग्राम) (भीगी हुई)
- घी - 2-3 टेबल स्पून
- हरा धनिया - 2 - 3 टेबल स्पून(बारीक कतरा हुआ)
- जीरा - 1/2 छोटी चम्मच
- हींग - 1/2 पिंच
- हल्दी पाउडर - 1/2 छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर - 1 छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच
- टमाटर - 1
- अदरक - 1/2 इंच लम्बा टुकड़ा (बारीक कटा हुआ)
- साबुत मसाले - बडी इलायची -1, लौंग - 2, काली मिर्च- 8-10
- करी पत्ता - 8-10
- साबुत लाल मिर्च - 2
- हरी मिर्च - 2
- नमक - 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार
विधि - How to make Panchratna Dal
सारी दालों को साफ कीजिये, धोइये और 1 घंटे के लिये पानी में भिगो दीजिये. अतिरिक्त पानी हटा कर ले लीजिए.
सारी दालों को कुकर में डालिये और कुकर में दाल से 1 इंच ऊपर तक पानी डाल दीजिए. 1 छोटी चम्मच नमक और आधी हल्दी डाल दीजिये, कुकर का ढक्कन बन्द कर दीजिये, दाल को 1 सीटी आने तक पकाइये. इसके बाद गैस धीमी करके दाल को 2 मिनिट और पकने दीजिए और इसके बाद गैस फ्लेम बन्द कर दीजिये. कुकर का प्रेशर खत्म होने के बाद कुकर खोलिये.
टमाटर को बारीक काट कर ले लीजिए.

पैन में 2-3 टेबल स्पून घी डाल कर गरम कीजिये, गरम घी में जीरा डाल कर तड़काइये. इसके बाद हींग डाल दीजिए, बची हुई आधी हल्दी, धनिया पाउडर, बारीक कटा हुआ अदरक, बारीक कटी हरी मिर्च, करी पत्ते, साबुत लाल मिर्च और लम्बाई में कटी हरी मिर्च डालकर हल्का सा भून लीजिए. फिर, इसमें बारीक कटा हुआ टमाटर डालकर मिक्स कीजिए. मसाले को तब तक भूनिए जब तक कि मसाले से घी न अलग होने लगे.
साबुत मसाले में बडी़ इलायची को छीलकर इसके बीज निकाल लीजिए और इन बीजों को काली मिर्च और लौंग के साथ दरदरा कूट कर ले लीजिए और इसे भी टमाटर के मसाले में डाल दीजिए. साथ ही लाल मिर्च पाउडर भी डाल दीजिए.
मसाले में से घी अलग होने पर मसाला भुनकर तैयार है. उबाली हुई दाल को मसाले में डाल दीजिये, दाल को अच्छी तरह से मिला लीजिए और थोडा़ सा हरा धनिया डालकर मिक्स कीजिए. दाल को 1-2 मिनिट और पका लीजिए.
दाल पककर तैयार है, गैस बंद कर दीजिए और पंचरतन दाल को प्याले में निकाल लीजिए. गरमागरम पंचरतन दाल को और भी टेस्टी बनाने के लिए ऊपर से थोडा़ सा घी इस पर डाल दीजिए. दाल पर हरा धनियां डालकर सजाइये. स्वादिष्ट पंचरतन दाल को परांठे, चपाती, नान या चावल किसी के भी साथ परोसिये और खाइये.
Panchratna Dal | Dal Panchmel Recipe | राजस्थानी पंचमेल दाल | Mixed Dal Tadka
कमेंट (4)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: तुषार जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: चिंकी जी, आप चाहें तो इसे हटा भी सकते हैं.
निशा: अंकिता जी, आप रिफाइंड तेल का उपयोग कर सकते हैं. ये दाल पांच दालों के मेल से बनती है तभी इसे पंचमेल दाल कहा जाता है ऎसे में आप उड़द दाल के बदले कोई और दाल भी ले सकते हैं.
निशा: रिया जी, आप अपने स्वाद अनुसार बदलाव कर सकते हैं.