आम की फिरनी - Mango Phirni Recipe - Aam Phirni Quick Recipe

📅 24 जून 2017 👁 59.6 हज़ार बार देखी गई 💬 6 कमेंट ★ 4.3 (542)

पिसे चावल से बनी फिरनी को आम के साथ एक नए फ्लेवर में बनाया जाए, तो यह एकदम अलग ज़ायके का बहुत ही बेहतरीन डेजर्ट बन जाता ह, जिसे आप ठंडा या गरम जैसे चाहे खा सकते हैं.

Read - Mango Phirni Recipe - Aam Phirni Quick Recipe

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Aam Phirni Quick Recipe

  • दूध - 500 मि.ली.
  • पके आम - 2 (500 ग्राम)
  • भीगे चावल - ¼ कप 50 ग्राम 
  • चीनी - ¼ कप (50 ग्राम)
  • इलायची पाउडर - 4 
  • पिस्ते - 10-12 (बारीक कटे हुए)
  • बादाम - 10 (बारीक कटे हुए)
  • काजू - 10 (बारीक कटे हुए)

विधि - How to make Mango Phirni

फिरनी बनाने के लिए सबसे पहले चावलों को अच्छे से साफ करके धोकर साफ पानी में 1 घंटे के लिए भिगोकर रख दीजिए. 1 घंटे बाद भीगे हुए चावलों से अतिरिक्त पानी हटा कर चावलों को मिक्सर जार में डाल दीजिए. साथ में 2 टेबल स्पून पानी डालकर इनको दरदरा पीस लीजिए.

आम को छीलकर थोड़े छोटे और थोड़े से बड़े दोनों साइज के टुकड़ों में काट लीजिए. बड़े आम के टुकड़ों को पल्प बनाने के लिए उपयोग किया जाएगा और छोटे आम के टुकड़ों को फिरनी में ऊपर से डालने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा. आम के बड़े टुकड़ों को मिक्सर जार में डालकर पेस्ट बना लीजिए.

दूध को गरम करने के लिए गैस पर रखिए और उबाल आने दीजिए. दूध में उबाल आने पर इसमें दरदरे पिसे हुए चावल डाल दीजिए और इसे लगातार चलाते हुए तब तक पकाएं जब तक कि दूध में फिर से उबाल न आ जाए और इसमें गुठलियां न पड़ें. दूध में उबाल आने पर गैस को धीमा कर दीजिए. अब फिरनी को हर 1 से 2 मिनिट में चलाते रहिए.

चावल लगभग 10 मिनिट में पककर तैयार हो गए हैं. इसमें चीनी, बारीक कटे हुए काजू और बादाम डालकर मिक्स कर दीजिए. गैस बंद कर दीजिए और इस मिश्रण में मैंगो पल्प डालकर मिला दीजिए और साथ ही इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स कर दीजिए.

फिरनी को जाली स्टैंड पर रख दीजिए और थोड़ा सा ठंडा होने दीजिए. फिरनी के हल्का ठंडा होने पर इसे प्यालों में निकाल लीजिए और इसके ऊपर थोड़े से कटे हुए आम के टुकड़े डाल दीजिए और थोड़े से बारीक कटे हुए काजू, बादाम और पिस्ते डालकर इसे सजा दीजिए. इन प्यालों को फ्रिज में रख दीजिए और आधे घंटे बाद इसे फ्रिज से निकालकर ठंडा-ठंडा परोसिये, आपको इसका स्वाद बहुत ही पसंद आएगा. इतनी फिरनी परिवार के 6 से 7 लोगों के लिए पर्याप्त रहेगी.

सुझाव

  • फिरनी बनाने के लिए बासमती टुकडा़ या छोटा चावल बहुत अच्छे रहते हैं. 
  • दूध में चावल डालकर गैस धीमा कर दीजिए और फिरनी को लगातार चलाते हुए पकाएं ताकि फिरनी बरतन के तले पर न लगे. 
  • फिरनी के लिए अल्फांजों या दशहरी जैसे बिना रेशे वाले आम ही उपयोग में लाएं. 
  • फिरनी को सर्दी के मौसम में गरमागरम परोसें और गर्मी के मौसम में ठंडा-ठंडा सर्व करें.

Mango Phirni Recipe | आम की फिरनी । Aam Phirni Quick Recipe

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
4.3 / 5 (542 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (6)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

Anjali Rathi
Ma'am jo aapne cup ke measurements batae h wo market mein milne wale measuring cup ke according h kya.
NishaMadhulika
अंजली जी, बिलकुल आप बाजार में मिलने वाले मेजर्मेन्ट वाले कप को भी ल सकती हैं.
Chanchal
Thanks ma'am. Sab ne khali sabko pasand aayi thodi si mujhe hi ajeeb lagi next time aur acche se bnaungi.thank u so much.
निशा: चंचल जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
Chanchal
Hi maa'm. Mene kal apki video dekhkr mango phirni bnayi thi jaisa aap btate gye vaise me banati gyi but jab mene chakha to mujhe uska taste accha ni laga aisa laga k shayad chawal theek se pak ni paye.ab me kya karu pls suggest maa'm mene abhi tk kisi ko khilaya bhi ni h kya me use firse paka sakti hu mango ki vjah se koi problam to ni hogi??pls reply as soon as possible
निशा: चंचल जी, दरदरे पिसे चावल बहुत जल्द पक जाते हैं, और ये चावल पहले भिगोये हुये भी होते हैं, लेकिन अगर आप बास्मति चावल ले रही हैं और वे अच्छी तरह 1 घंटे भिगाये नहीं गये हों तब वे देर से पकते हैं. आम डालने के बाद फिरनी पकाने से दूध फट सकता है.
Ravinder Jain
What a recipe ma'am...You always come up with new ideas and techniques. I really like it. Thanks for sharing your cooking skills with us.

निशा: रविन्द्र जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
Nishita Rai
Phirni ke liye Langra aam le sakte hai? Humare yaha yahi variety milti hai.

निशा: निशिता जी, अगर आप रेशेवाला आम उपयोग में लाना चाहती हैं तो उसके पल्प को छान कर ही उपयोग में लाएं.