अनन्नास का हलवा -Pineapple Halwa - Pineapple Sheera - Ananas Ka Meetha

सूजी, गाजर, मूंगदाल, बेसन इत्यादि का हलवा आप अक्सर खाते ही रहते होंगे, आज हम आपके लिए एक फल से बने बेहद स्वादिष्ट और निराले हलवे की रेसिपी लाए हैं- अनन्नास का हलवा.
Read- Pineapple Halwa - Pineapple Sheera - Ananas Ka Meetha
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Ananas Ka Meetha
- अनानास - 3/4 कप (100 ग्राम) (बारीक कटे हुए)
- अनानास का पेस्ट - 3/4 कप (100 ग्राम)
- सूजी - 1/2 कप (100 ग्राम)
- चीनी - 1/2 कप (125 ग्राम)
- घी - 1/2 कप (100 ग्राम)
- बादाम - 10 से 12 (बारीक कटे हुए)
- काजू - 10 से 12 (बारीक कटे हुए)
- इलायची (पाउडर) - 4 से 5
- पिस्ता - 8 से 10 (बारीक कटे हुए)
विधि - How to make Pineapple Sheera
अनानास पीसिए
अनानास को मोटे-मोटे टुकड़ों में काट लीजिए. इन कटे हुए अनानास को मिक्सर जार में डालिए और पीस कर बारीक पेस्ट तैयार कर लीजिए.
सूजी भूनिए
सूजी भूनने के लिए, गैस अॉन करके पैन रखिए और इसमें आधे से अधिक घी डाल दीजिए. घी पिघलने पर, पैन में सूजी डालिए और इसे लगातार कलछी से चलाते हुए गोल्डन ब्राउन होने तक मध्यम आंच पर भून लीजिए.
जब सूजी अच्छे से गोल्डन ब्राउन हो जाए, घी अलग होने लगे और खुश्बू आने लगे तब सूजी भुन गई है, इसे एक प्लेट में निकाल लीजिए और गैस बंद कर दीजिए.

हलवा बनाइए
पैन में अनानास का पेस्ट डालिए और गैस पर रख दीजिए. पेस्ट में चीनी डालिए और चीनी के अनानास में घुल जाने तक मिक्स करते हुए पका लीजिए.
चीनी घुल जाने के बाद, पैन में कटे हुए अनानास के टुकड़े डाल दीजिए. इन्हें चीनी के घुलने और अनानास के मुलायम होने तक लगातार चलाते हुए पका लीजिए. इसके बाद, पैन में 2 कप पानी डाल दीजिए और इसके बाद, सूजी भी डालकर थोड़ा सा कलछी से चला दीजिए. सूजी के फूलने तक, हलवे को 3 से 4 मिनिट धीमी आंच पर पका लीजिए.
फिर, गैस को मध्यम आंच पर कर लीजिए और हलवे को फिर से कलछी से चला लीजिए. इसके बाद, हलवे में आधे से अधिक कटे हुए बादाम, काजू और इलाइची पाउडर डालिए. सभी सामग्री को मिलाकर हलवे को थोड़ा गाढ़ा होने तक पका लीजिए.
हलवा तैयार है, इसमें 2 छोटी चम्मच घी डालकर मिक्स कर लीजिए. गैस को बंद करके हलवे को एक प्लेट में निकाल लीजिए.
हलवे को गार्निश करने के लिए, ऊपर से 1 छोटी चम्मच घी, बचे हुए कटे काजू, बादाम और पिस्ता डाल दीजिए. मिठास से भरा अनानास का हलवा बनकर तैयार है, इसे किसी भी पार्टी में सर्व कीजिए. अनानास का हलवा फ्रिज में 3 से 4 दिनों तक खाने योग्य बना रहता है.
4 से 5 सदस्यों के लिए पर्याप्त
सुझाव
- हलवे के ऊपर तैरता घी दिखने में तो अच्छा लगता ही, साथ ही इसके स्वाद को भी बढ़ाता है.
- हलवे का रंग और निखारने के लिए, आप 1/2 पिंच यैलो फूड कलर का इस्तेमाल कर सकते हैं.
Pineapple Halwa - अनन्नास का हलवा - Pineapple Sheera - Ananas Ka Meetha
कमेंट (9)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: नुपूर जी, बहुत बहुत धन्यवाद आपका.
निशा: साक्षी जी, मैं जल्द ही इसे बनाने की कोशिश करूंगी.
निशा: रवि जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
Isme dudh daal sakte hai
निशा: प्रियंका जी, कटे हुये छोटे अनन्नाश के टुकड़े अच्छे लगते हैं लेकिन आप नहीं डालना चाहते तो नहीं डालें, दूध डालने से दूध फट जाएगा.