दाल के पापड़ - How to make Dal ke papad - Moong Dal ke Papad Banane ki vidhi

विभिन्न प्रकार के पापड़ खाने में बहुत ही स्वादिष्ट और क्रिस्पी लगते हैं. आइए आज दाल के पापड़ बनाए जाएं.
Read - How to make Dal ke papad - Moong Dal ke Papad Banane ki vidhi
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Moong Dal ke Papad
- उड़द दाल आटा- 1.5 कप (200 ग्राम)
- मूंग दाल आटा - ½ कप से थोडा़ कम (50 ग्राम)
- तेल - 3 टेबल स्पून
- पापड़ खार - 2 टेबल स्पून (12 ग्राम)
- काली मिर्च - 1 टेबल स्पून
- नमक - ⅓ छोटी चम्मच या स्वादानुसार
- हींग - ½ पिंच
- तेल - पापड़ तलने के लिए
विधि - How to make Dal ke papad
काली मिर्च को दरदरा कूटकर आधा कप पानी में डालकर 15 से 20 मिनिट के लिए भिगो दीजिए. इस पानी में पापड़ खार डालकर अच्छे से मिक्स कर लीजिए.
आटा गूंथिए
किसी बड़े प्याले में उड़द दाल का आटा लीजिए. इसमें मूंगदाल का आटा, नमक, हींग, 2 टेबल स्पून तेल डालकर अच्छे से मिला लीजिए. इसके बाद, काली मिर्च के पानी को आटे में थोड़ा-थोड़ा डालते हुए पूरी के आटे जैसा सख्त आटा गूंथकर तैयार कर लीजिए. गुंथे आटे को ढककर आधे घंटे के लिए रख दीजिए, आटा सैट होकर तैयार हो जाएगा.
आटे के सैट हो जाने पर हाथ पर थोड़ा सा तेल लगाइए और आटे को मसल-मसल कर नरम आटा तैयार कर लीजिए. आटे को मसल मसल कर नरम करने में लगभग आधे घंटे तक का समय लग जाता है. आप आटे को मसलने के लिए बेलन की सहायता भी ले सकते हैं. बेलन से अच्छे से दबा-दबा कर इसे नरम कर लीजिए.

लोइयां बनाइए
आटे के नरम हो जाने पर आटे के दो भाग करते हुए दो लोई तैयार कर लीजिए. फिर एक लोई लीजिए और इसे 1 या सवा इंच की मोटाई में लम्बा बनाकर तैयार कर लीजिए. इसके बाद, इसे आधा इंच की मोटाई में चाकू की सहायता से काट कर लोईयां तैयार कर लीजिए.
लोइयों को बड़े प्याले में डालकर ढककर रख दीजिए ताकि ये सूखें नहीं. दूसरे भाग को भी लम्बाई में करके लोई काट कर तैयार कर लीजिए.
पापड़ बेलिए
जिस पर लोई बेलनी है उस बोर्ड को तेल लगाकर चिकना कर लीजिए. फिर एक लोई उठाकर बोर्ड पर रखिए और लोई पर भी थोड़ा सा तेल लगा कर लोई को बेल लीजिए (तेल लगा लेने से लोई बेलते समय चिपकेगी नहीं). लोई को बोर्ड पर रखकर इसे हथेली की सहायता से थोडा़ दबा दीजिए. इसे बेलन की सहायता से एकदम पतला बेलकर तैयार कर लीजिए. ध्यान रखे कि इसे किनारे से ही बेलें ताकि यह किनारे से मोटा न रहे. पापड़ बेलने के बाद इसे सावधानी से उठाकर कपड़े पर रख दीजिए.
सारे पापड़ इसी तरह बेलकर तैयार कर लीजिए और इतने आटे में लगभग 15 पापड़ बनकर तैयार हो जाते हैं.

पापड़ सुखाइए
पापड़ों को छाया में ही पंखे की हवा के नीचे सूखने के लिए रख दीजिए और हर 1 घंटे में पापड़ों को पलट भी दीजिए ताकि पापड़ दोनों ओर से अच्छी तरह से सूखकर तैयार हो जाएं. 2 से 3 घंटे बाद पापड़ को एक के ऊपर एक लगाकर रख दीजिए. उसके बाद अगले दिन धूप में पापड़ों को सुखाने के लिए इसी तरह बिछाकर पलट-पलट कर 10 से 15 मिनिट की धूप लगाकर सुखा दीजिए. पापड़ को किसी डिब्बे में रख दीजिए और जब भी आपका मन हो पापड़ को निकालकर भूनकर खाने के लिए तैयार कर लीजिए
पापड़ तलिए
पापड़ भूनने के लिए कढ़ाही में तेल डालकर गरम कीजिए और गरम तेल में पापड़ डालिए. फिर, इसे चिमटे की सहायता से पलटिए और हल्का ब्राउन होने पर निकालकर प्लेट में रख लीजिए. पापड़ को कंटेनर में भरकर रखकर आप इन्हें 5 से 6 माह तक खाने के लिए उपयोग में ला सकते हैं.
सुझाव
- इस रेसिपी में उड़द की दाल के आटे में आधे से भी कम मूंग दाल आटा मिलाया गया है. आप चाहें तो आधा कप या फिर जितना उड़द दाल आटा है उतनी ही मात्रा मूंग दाल आटे की भी रख सकते हैं या फिर सिर्फ उड़द दाल के आटे से भी पापड़ बना सकते हैं.
- इसमें आप पापड़ खार के बदले 3/4 छोटी चम्मच बेकिंग सोडा भी डाल सकते हैं.
How to make Dal ke papad - दाल के पापड़ कैसे बनायें - Moong Dal ke Papad Banane ki vidhi
कमेंट (57)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: बिंदिया जी, पापड़ खार हमारे यहां व्हाइट ही मिलता है. दाल के आटे को छलनी से छानना ही पर्याप्त है.
Mene papar khar ko koot pees kr ek tea spoon aate mi milaya jisse aate ka rang dark brown ho gya jo dikhne me bura lag raha h..
kya kru?
निशा: बिंदिया जी, पापड़ खार का कलर व्हाइट या हल्का सा ब्राउन होता है, कलर में थोड़ा चेन्ज हो सकता है लेकिन स्वाद अच्छा होना चाहिये.
निशा: बिन्दिया जी ये पत्थर जैसे कलर का होता है, लेकिन सोफ्ट होता है और ये व्हाइट कलर में भी आता है.पापड़ खार को पानी में घोल कर आटे में डालना होता है.
निशा: श्यामला जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: अनुजा जी, अगर आपको ये उड़द और मूंगदाल पापड़ बनाने हैं तो आटा तो आवश्यक ही चाहिए होगा. आपको ये आटा मार्किट में किसी अच्छे ग्रोसरी स्टोर से मिल जाएगा.
निशा: अदिति जी, पापड़ खार किराना स्टोर पर मिल जाएगा. आप इसकी जगह बेकिंग सोडा भी यूज कर सकते हैं.
निशा: नीशू जी, आपको मार्किट में किसी अच्छे ग्रोसरी स्टोर से मिल जाएगा.
निशा: नीतू जी, आप इन्हें पंखे की हवा में भी सुखा सकती हैं.
निशा: अवनी जी, बहुत बहुत धन्यवाद. आप ये रेसिपी बनाएं और अपने अनुभव हमारे साथ जरूर शेयर कीजिएगा.
निशा: निशि जी, आटे को पूरी के आटे जैसा सख्त गूंथना है. आटा हल्का पतला होने पर, चकले पर चिपक रहा हो और बेलने में परेशानी हो रही हो तब आप ये पापड़ दाल के सूखे आटे को लगाकर भी बेले जा सकते हैं.
निशा जी, बेकिंग सोडा के बदले इसे भी उपयोग किया जा सकता है. इससे पापड़ तलने पर क्रिस्पी बनता है और आकार में बढ़ता है.