आम का पल्पी जूस - Mango Frooti - Fresh Pulpy Mango Juice

आम का पल्पी जूस आपको तारोताजगी से भरने के साथ-साथ एक अलग से खट्टे मीठे स्वाद का अनुभव भी कराएगा. बच्चे तो इस जूस के सच में दीवाने हो जाएंगे.
Read - Mango Frooti - Fresh Pulpy Mango Juice Recipe in English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Fresh Pulpy Mango Juice
- पके आम- 2 (700 ग्राम)
- कच्चे आम- 2 (350 ग्राम)
- चीनी- 2.5 कप (500 ग्राम)
विधि- How to make Mango Frooti
सबसे पहले पके आम को छीलकर इनका पल्प निकाल लीजिए. इसके बाद, पल्प को छोटा-छोटा काट लीजिए. इसी तरह कच्चे आम को भी छीलकर इनके पल्प को छोटा-छोटा काट लीजिए.
आम को उबालने के लिए एक बर्तन में पके और कच्चे दोनों आमों के पल्प को डाल दीजिए. साथ ही 1 कप पानी भी डाल दीजिए और आम के नरम होने तक इन्हें उबाल लीजिए.
10 मिनिट बाद, आम को चैक कीजिए, पके आम के टुकड़े तो नरम हो ही गए हैं, कच्चे आम के टुकड़ों को दबाकर देखिए कि नरम हुए या नही. आम के नरम होने पर इसमें चीनी और 1 कप पानी डाल दीजिए. इन्हे मिक्स कर लीजिए और चीनी को घुलने तक पकने दीजिए.

थोड़ी देर बाद, इसे फिर से चैक कर लीजिए. चीनी के घुलते ही गैस बंद कर दीजिए और इसे हल्का ठंडा होने दीजिए. जैसे ही पल्प हल्का ठंडा हो जाए, इसे एक छलनी में नीचे प्याली रखकर छान लीजिए और इसे थोड़ा सा और ठंडा होने दीजिए.
पल्प के ठंडा होने के बाद, इसे जार में डाल दीजिए और थोड़ा सा छाना हुआ जूस भी डाल दीजिए तथा पल्प को बारीक पीस लीजिए. पिसे हुए पल्प को छाने हुए चीनी के शरबत में ही डालकर मिला दीजिए.
एक बार और इसे छलनी से छानकर किसी भगोने में कर लीजिए ताकि आम के रेशे इसमें से निकल जाए और यह अच्छे से घुल भी जाए. फिर इसमें छलनी से ही 2 लीटर पानी डाल दीजिए. छलनी में बचे रेशों को हटा दीजिए और जूस को अच्छे से घोलकर तैयार कर लीजिए.
फिर, जूस को जार में डाल दीजिए. आम का खट्टा-मीठा पल्पी जूस बनकर तैयार है. इसे पूरी तरह से ठंडा होने के बाद फ्रिज में रखिए और अच्छे से ठंडा होने पर सर्व कीजिए.
सुझाव
- अगर आप बहुत ज्यादा ठंडा जूस पीना चाहे तो जूस में बर्फ के टुकड़े भी डाल सकते हैं.
- आम के जूस का रंग आम के पल्प के ऊपर निर्भर करता है. अगर आम का पल्प ज्यादा पीला है, तो जूस पीला बनकर तैयार होगा और यदि आम का पल्प हल्का पीला है, तो जूस भी हल्के पीले रंग का बनेगा.
कमेंट (5)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: दीप्ति जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: राखी जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: रूचि जी, बहुत बहुत धन्यवाद.