कटहल के कबाब - Kathal Kabab Recipe - Raw Jackfruit Kebab

📅 11 अप्रैल 2017 👁 1.1 लाख बार देखी गई 💬 6 कमेंट ★ 3.5 (951)

कटहल के कबाब बनाने में एकदम आसान और खाने में लाज़वाब.

Read - Kathal Kabab Recipe - Raw Jackfruit Kebab Recipe In English

आवश्यक सामग्री - Ingredients for Raw Jackfruit Kebab

  • कटहल- 500 ग्राम
  • बेसन- ½ कप (50 ग्राम)
  • तेल- ¾ कप
  • पुदीने के पत्ते- ¼ कप
  • हरा धनिया- 2 से 3 टेबल स्पून (बारीक कटा)
  • हरी मिर्च- 2 से 3 (बारीक कटी)
  • अदरक का पेस्ट- 2 छोटी चम्मच
  • गरम मसाला- ½ छोटी चम्मच
  • जीरा पाउडर- 1 छोटी चम्मच
  • अमचूर- ½ छोटी चम्मच
  • धनिया पाउडर- 2 छोटी चम्मच
  • हल्दी पाउडर- ½ छोटी चम्मच
  • नमक- 1 छोटी चम्मच या स्वादानुसार

विधि - How to make Kathal Kabab

कटहल को धोकर पानी सूखने तक सुखा लीजिए. उसके बाद, कटहल को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लीजिए. कटहल काटते समय बीज के पीछे के छिल्के को ज़रूर हटा दीजिए.

कटहल उबालिए
कुकर में कटहल और आधा कप पानी डालिए तथा कुकर बंद करके कटहल को 1 सीटी आने तक उबाल लीजिए. सीटी आने के बाद गैस धीमी कर दीजिए और कटहल को 4 से 5 मिनिट उबलने दीजिए.

5 मिनिट बाद, गैस बंद कर दीजिए और कटहल को चैक कर लीजिए. कटहल का एक टुकड़ा दबाकर देखिए, कटहल दब रहा है, यानिकि नरम हो गया है. उबले हुए कटहल को एक प्याले पर रखी छलनी में निकाल दीजिए. कटहल को चमचे से दबाकर सारा पानी निचोड़ दीजिए.

कबाब के लिए मिश्रण तैयार कीजिए
पैन में 2 छोटी चम्मच तेल डालकर गरम कर लीजिए. गरम तेल में बेसन डाल दीजिए. बेसन को लगातार चलाते हुए इसका हल्का सा रंग बदलने और अच्छी महक आने तक मध्यम आंच पर भून लीजिए. बेसन को लगातार चलाते हुए इसमें मसाले- हल्दी पाउडर, गरम मसाला, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर डाल दीजिए. साथ ही अदरक का पेस्ट तथा हरी मिर्च डाल दीजिए और धीमी आंच पर सारे मसालों को बेसन में मिक्स होने तक भूनिए. उसके बाद, गैस बंद कर दीजिए तथा बेसन को थोड़ा सा चला दीजिए ताकि मसाला नीचे से जल ना जाए.

कटहल को छलनी से निकालकर प्याले में डाल दीजिए और मैशर या चमचे से अच्छे से मैश कर लीजिए.
भुने बेसन में मैश्ड कटहल मिक्स कर दीजिए. इसमें हरा धनिया, नमक, अमचूर और पुदीने के पत्ते बारीक काटकर डाल दीजिए. गैस धीमी सी जला लीजिए और इन सभी सामग्रियों को मैश करते हुए मिला लीजिए और एकदम डोह की तरह तैयार कर लीजिए. तैयार कटहल के मिश्रण को प्याले में निकाल लीजिए और थोड़ा सा ठंडा होने दीजिए.

कबाब बनाइए
हाथ को थोड़े से तेल से चिकना करके थोड़ा सा मिश्रण लेकर मध्यमाकार के कबाब बना लीजिए. इसके लिए, मिश्रण को पहले गोल कर लीजिए और फिर दबाकर कबाब का आकार दे दीजिए और प्लेट में रख दीजिए. इसी तरह सारे कबाब बनाकर तैयार कर लीजिए.

कबाब सेकिए
कढ़ाही में तेल डालकर गरम कीजिए. कढ़ाही के ऊपर हाथ ले जाकर देखिए, अच्छी हीट आ रही है, तो तेल सही गरम् है. कढ़ाही में कबाब लगा दीजिए और मध्यम-धीमी आंच पर कबाब को नीचे से हल्का गोल्डन ब्राउन होने तक सेक लीजिए.

इसके बाद, इन्हें पलट दीजिए और दोनों ओर से गोल्डन ब्राउन होने तक सेक लीजिए. पूरी तरह से सिके हुए कबाब को कलछी और पलटे की मदद से उठाकर टिशू पेपर पर रख दीजिए ताकि अतिरिक्त तेल पेपर सोख ले. बचे हुए कबाब भी तलकर तैयार कर लीजिए. एक बार के कबाब तलने में 4 से 5 मिनिट लग जाते हैं.

स्वाद में बेहतरीन कटहल के करारे-करारे कबाब तैयार हैं. इन स्वादिष्ट कबाब को हरे धनिये की चटनी या किसी भी अपनी पसंद की चटनी के साथ परोस सकते हैं. कटहल के कबाब को खाने के साथ, रोटी परांठे के साथ परोस सकते हैं, बहुत ही उम्दा ज़ायके के लगते हैं या फिर इन्हें ऎसे ही स्नैक्स के रूप में भी खा सकते हैं.

सुझाव

  • कबाब के लिए कच्चा कटहल यानिकि सफेद कटहल लेते हैं. पीले रंग का कटहल पका हुआ और मीठा होता है, उसे ना लें. 
  • पुदीने के पत्ते ना हो, तो पुदीना पाउडर भी डाल सकते है या बिना पुदीने के भी कबाब बना सकते हैं. 
  • कबाब को अपनी पसंदानुसार शैलो फ्राय या डीप फ्राय कर सकते हैं.

Kathal Kabab Recipe - कटहल के कबाब - Raw Jackfruit Kebab

विज्ञापन
यह रेसिपी कैसी लगी?
3.5 / 5 (951 रेटिंग)

ऐसी ही और रेसिपी

और देखें

कमेंट (6)

नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।

vikasini
Owsam nishaji

निशा: बहुत बहुत धन्यवाद.
kiran meena
Thank u nishaji

निशा: किरन जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
yogita
Nisha ji ap ko Dil se thnxx.jo ap ek se ek recipe hame sikhate ho ..

निशा: योगिता जी, आपके प्रेम ओर सहयोग के लिए बहुत बहुत धन्यवाद.
Renu jain
Nisha g bahut-bahut dhanyawad for about (kathal tikki) veg . name.yadi aap kathal kabab ki jagah kathal tikki yaa kathal cutlet likhen to hum bahut logon ko kaafi achchs lagega. aapki sabhi resipies bahut hi achchi hoti hain aur aapka sikhane ka tarika usse bhi achcha hota hai

निशा: रेनू जी, आप सही कह रही हैं, ये कटहल टिक्की, कटहल कटलेट कहना ज्यादा अच्छा है.
Renu jain
Kathal kabab ke isthan par kathal tikki kyun nahi kaha ja sakta.pure veg. recipe ko non veg naam kyun dena
निशा: रेनू जी, आप बिलकुल सही कह रही है, इन्हैं कटहल टिक्की या कटहल कटलेट कह सकते है.
Mayank
Abhie bhi search nahi ho raha hai

निशा: मयंक जी, तकनीकी कारणों से ऎसा हो रहा है, आप जल्द ही सर्च का आपशन उपयोग कर पाएंगे.