पनीर जलेबी - Paneer Jalebi Recipe - Bengali chanar jalebi - Chanar Jilipi

साधारण जलेबियों से हटकर एक अलग स्वाद की पनीर जलेबी, किसी भी पर्व या उत्सव को और खास बनाने के लिए.
Read - Paneer Jalebi Recipe - Bengali chanar jalebi - Chanar Jilipi Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Chanar Jilipi
- पनीर - 200 ग्राम (1 कप) (क्रम्बल किया हुआ)
- केसर के धागे - 25 से 30
- मैदा - ¼ कप
- चीनी - 1.5 कप (300 ग्राम)
- घी - जलेबी फ्राय करने के लिए
विधि - How to make Paneer Jalebi
केसर में थोड़ा से पानी डालकर रख दीजिए ताकि ये पानी में घुल जाए.
मैदा का घोल बनाइए
मैदा में थोड़ा सा पानी डालकर गुठलियां खत्म होने तक इसे घोल लीजिए. फिर, इसमें थोड़ा और पानी डालकर अच्छे से 4 से 5 मिनिट फैंटकर पतला कर लीजिए. घोल इस कन्सिस्टेन्सी का बनना चाहिए कि चम्मच से गिराएं तो धार की तरह गिरे. इस घोल को ढककर किसी गरम जगह पर 1 घंटे के लिए रख दीजिए ताकि मैदा फूलकर सैट हो जाए.
चाशनी बनाइए
एक बर्तन में चीनी और 1 कप से थोड़ा ज्यादा (2 टेबल स्पून पानी) डाल दीजिए. चाशनी को चीनी घुलने के 2 से 3 मिनिट बाद तक पकने दीजिए. इसी बीच, पनीर को मैश कर लीजिए. इसके लिए, एक थाली में थोड़ा सा पनीर डालिए और इसे हथेली से दबाव देते हुए मसल लीजिए. फिर, इसमें 1 टेबल स्पून दूध और डालकर मसल-मसलकर चिकना कर लीजिए.
चाशनी चैक कीजिए
चाशनी चैक करने के लिए 2 से 3 बूंदे प्याली में गिरा लीजिए और ठंडा होने के बाद चाशनी को उंगली और अंगूठे में चिपकाकर देखिए, यह शहद की तरह चिपकनी चाहिए, चाशनी में तार बनने की आवश्यकता नही है. चाशनी तैयार है. तैयार चाशनी में केसर का पानी डालकर मिक्स कर दीजिए.
जलेबी का बैटर बनाइए
एक प्याले में मैश्ड पनीर डाल लीजिए. साथ ही तैयार मैदा के घोल को अच्छे से फैंट लीजिए. फिर, इस घोल को पनीर में डाल दीजिए और मैदा तथा पनीर के एकसार होने तक अच्छे से मिक्स करते हुए फैंटते रहिए. जलेबी का बैटर तैयार है.
जलेबियां तलिए
जलेबियां बनाने के लिए एक कोन लीजिए और इसे एक गिलास पर रख लीजिए. इस कोन में जलेबी का बैटर डाल लीजिए. कोन को ऊपर से बांधकर पकड़ लीजिए और नीचे की साइड कैंची से छोटा सा छेद कर दीजिए.
कढ़ाही में घी गरम कर लीजिए. घी गरम होने के बाद, इसमें जरा सा बैटर डालकर चैक कर लीजिए कि घी ठीक से गरम हुआ या नही. अगर बैटर सिककर ऊपर आ रहा है, तो घी पर्याप्त गरम है. गरम घी में कोन को दबाते हुए सादा जलेबियों की तरह ही गोल-गोल जलेबियां बनाते जाइए और जलेबियों को धीमी व मध्यम आंच पर तल लीजिए. जैसे ही ये नीचे से ब्राउन हो जाए, वैसे ही इन्हें पलट दीजिए और जलेबियों को दोनों ओर गोल्डन ब्राउन होने तक तल लीजिए. सारी जलेबियां इसी तरह फ्राय कर लीजिए.
जलेबियां चाशनी में डुबोइए
फ्राइड जलेबियों को एक प्लेट में निकाल लीजिए. इसके बाद, जलेबियों को चाशनी में डाल दीजिए और 2 मिनिट चाशनी में ही डूबे रहने दीजिए.
2 मिनिट बाद, चाशनी से जलेबियां निकालकर प्लेट में रख लीजिए और जैसे-जैसे जलेबियां फ्राय होती जाएं, उन्हें प्लेट में निकालिए और फिर चाशनी में 2 मिनिट डुबोकर दूसरी प्लेट में निकालकर रखते जाइए.
चाशनी से तर, शानदार पनीर जलेबी को किसी भी विशेष अवसर पर बनाइए और मेहमानों का मुंह मीठा कराइए.
सुझाव
- अगर मैदा के घोल में एक साथ सारा पानी डाल दीजिए, तो घोल में गुठलियां समाप्त करने में काफी कठिनाई होती है.
- जलेबियों को रंग देना चाहे, तो चाशनी में 1 से 2 पिंच पीला फूड कलर डाल सकते हैं.
- चाशनी में केसर महक के लिए डाला जाता है. इससे जलेबियों में एकदम हल्का पीला रंग भी आ जाता है.
- कोन उपलब्ध न हो, तो दूध की थैली को किनारे पर बिल्कुल छोटा सा छेद करके भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
Paneer Jalebi Recipe - Bengali chanar jalebi - Chanar Jilipi
कमेंट (10)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
निशा: बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: सोनम जी, जलेबियों को फ्राय करके ही सीरे में डालना होता है. जैसे-जैसे जलेबियां फ्राय होती जाएं, वैसे-वैसे उन्हें सीरे में डालते जाइए और 2 मिनिट चाशनी में डुबोकर निकाल लीजिए.
निशा: कृ्ष्णा जी, आप बाजार के पनीर में थोड़ा सा दूध मिलाकर अच्छे से मसल-मसलकर चिकना भी कर सकते हैं और घर पर ताजा छैना बनाकर भी पनीर जलेबी बना सकते हैं.
निशा: नितिका जी, नही, इसे बिना केसर डाले भी बना सकते हैं.
निशा: आशिमा जी, बहुत बहुत धन्यवाद.