घुघनी चूड़ा - Ghugni Choora Recipe - Chiwra/Choora with Ghugni Recipe

बिहार के परंपरागत पकवानों में से एक घुघनी चूड़ा, भुने टमाटर की चटनी के साथ देखते ही मन ललचाए.
Read - Ghugni Choora Recipe - Chiwra/Choora with Ghugni Recipe In English
आवश्यक सामग्री - Ingredients for Chiwra/Choora with Ghugni Recipe
- चूड़ा/ पोहा- 2 कप
घुघनी के लिए
- देसी चने- 1 कप
- टमाटर- 3 (250 ग्राम)
- अदरक का टुकड़ा- 1 इंच
- हरी मिर्च- 2
- सरसों का तेल- 2 से 3 टेबल स्पून
- हरा धनिया- 2 से 3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- देसी चने- 2 टेबल स्पून मसाले में डालकर पीसने के लिए
- हींग- 1 पिंच
- जीरा- ½ छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर- 1 छोटी चम्मच
- नमक- 1 छोटी चम्मच से ज्यादा या स्वादानुसार
- हल्दी पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
- गरम मसाला- ½ छोटी चम्मच
चटनी के लिए
- टमाटर- 2
- हरा धनिया- 2 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
- हरी मिर्च- 2 (बारीक कटी हुई)
- सरसों का तेल- 1 छोटी चम्मच
- नमक- ½ छोटी चम्मच से थोड़ा ज्यादा
विधि - How to make Ghughni Choora
चनों को 8 से 10 घंटे पानी में भिगोकर रख दीजिए. बाद में, इन्हें अच्छे से धोकर निकाल लीजिए. टमाटर, हरी मिर्च, 2 टेबल स्पून चने और अदरक को मिक्सी में डालकर पीस लीजिए और बारीक पेस्ट तैयार कर लीजिए.
कुकर गरम कर लीजिए. इसमें तेल डाल दीजिए. तेल गरम होने पर कुकर में जीरा डालकर चटखा लीजिए. जीरा के बाद, हींग, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर डाल दीजिए. साथ ही टमाटर-हरी मिर्च-अदरक-चने का पेस्ट और लाल मिर्च पाउडर भी डाल दीजिए. मसाले को प्रत्येक आधे-एक मिनिट में चलाते हुए तब तक भूनिए जब तक कि मसाले पर तेल ना तैरने लगे.
मसाले के अच्छे से भुन जाने के बाद, इसमें चने और नमक डाल दीजिए. इन्हें मिक्स करते हुए 1 मिनिट भून लीजिए. फिर, इसमें 1.5 कप पानी डालकर मिक्स कर दीजिए. कुकर को बंद कर दीजिए और 1 सीटी आने तक घुघनी को तेज आंच पर पकने दीजिए.
इसी बीच टमाटर भून लीजिए. गैस पर जाली स्टेन्ड रखिए और इस पर टमाटर रख लीजिए और टमाटरों को थोड़ी-थोड़ी देर में घुमा-घुमाकर भून लीजिए. टमाटर के चारों ओर की परत काली होते ही टमाटर भुनकर तैयार हो जाएंगे. भुने टमाटरों को उठाकर प्लेट में रख लीजिए और टमाटरों को थोड़ा ठंडा होने दीजिए. उसके बाद, इसकी चटनी बना लीजिए.

कुकर में 1 सीटी आने के बाद, गैस धीमी कर दीजिए और घुघनी को धीमी आंच पर 6 से 7 मिनिट तक और पकने दीजिए. 7 मिनिट बाद, गैस बंद कर दीजिए और घुघनी को कुकर का प्रैशर खत्म होने तक कुकर में रहने दीजिए.
इसी दौरान, चूड़ा फ्राय कर लीजिए. कड़ाही में तेल गरम कीजिए और गरम तेल में जरा सा चूड़ा डालकर चैक कर लीजिए कि चूड़ा फूल रहा है. फिर, पर्याप्त गरम तेल में थोड़ा-थोड़ा चूड़ा डालकर तल लीजिए. जैसे ही चूड़ा फूलकर ऊपर आ जाए, वैसे ही इसे निकालकर प्याली पर रखी छलनी में डाल लीजिए ताकि अतिरिक्त तेल प्याली में निकल जाए.
चटनी बनाने के लिए टमाटरों के ठंडा होने के बाद इन्हें छीलकर धोकर अच्छे से मैश कर लीजिए. मैश्ड टमाटरों में हरा धनिया, नमक, हरी मिर्च और सरसों का तेल मिला लीजिए. सारी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लीजिए. भुने टमाटरों की चटनी बनकर तैयार है.
दूसरी ओर, कुकर खोलकर चने को दबाकर चैक कर लीजिए कि चने पककर तैयार हुए या नही. इसमें हरा धनिया और गरम मसाला भी डालकर मिक्स कर लीजिए. घुघनी को एक प्याले में निकाल लीजिए. बचे हुए धनिये से घुघनी को गार्निश कर लीजिए. घुघनी चूड़ा बनकर तैयार है.
घुघनी चूड़ा को सर्व करने के लिए एक प्याली में 2 से 3 टेबल स्पून घुघनी, 2 से 3 टेबल स्पून चूड़ा और छोटी सी प्याली में टमाटर की चटनी रखिए और इस क्रिस्पी चूड़े, मसालेदार घुघनी और चटनी को चाव से खाइए व खिलाइए.
सुझाव
- चूड़े के लिए पतले वाले पोहे लिए जाते हैं.
- घुघनी को देसी चने की जगह मटर से भी बनाया जा सकता है.
कमेंट (2)
नये कमेंट अभी बंद हैं। पुराने सवाल-जवाब नीचे पढ़ सकते हैं।
This recepie is super delicious,
I am so glad to know about you and your website,my trouble and confusion with food is now over.
Thank you so much for sharing the recepies.
निशा: प्रतीक जी, बहुत बहुत धन्यवाद.
निशा: निर्मल जी, बहुत बहुत धन्यवाद. आप इसे बनाइए और अपने अनुभव हमारे साथ ज़रूर शेयर कीजिए.